आज मेरी 26 वर्षीय भांजी कु. साक्षी मिश्रा का बड़े ही भारी मन से ब्रह्मभोज का आयोजन हुआ। साक्षी को बचपन से ही कुछ अस्थमा की शिकायत थी। बचपन में जब कभी, खासकर मौसम बदलने पर, उसे सांस फूलने की दिक्कत होती थी तो मेरी बहन उसे अपनी गोद में लेकर उसकी पीठ सहलाती और कुछ देर में वह अपने आप ठीक हो जाती थी।
जब साक्षी बड़ी हुई तो सांस फूलने की समस्या कम हो गई। और जब कभी दिक्कत आई तो उसने खुद ही उसे संभालना सीख लिया था। सब कुछ सही चल रहा था। वह इन दिनों गुरुग्राम में एक कंपनी में जॉब कर रही थी और आगे के महीनों में उसकी शादी की भी चर्चा घर में चल रही थी।
दीपावली से पूर्व अचानक गुरुग्राम में उसकी तबीयत खराब हो गई। उसे सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। उसी समय अमर उजाला में छपा कि पूरे भारत में दिल्ली की हवा सबसे अधिक प्रदूषित है। लखनऊ में रह रहे मेरे बहन-बहनोई उसे अपने पास ले आए तो तबीयत ठीक हो गई।
दीपावली के दिन उसका बड़ा भाई सोनू ढेर सारे पटाखे खरीदकर लाया और खुश होते हुए अपनी बहन को दिखाते हुए बोला, आज हम लोग पटाखे छोड़ेंगे। साक्षी झल्लाकर बोली, “तुझे शर्म नहीं आती पटाखे छोड़ते हुए, तुम लोग मेरे जैसे लोगों को मार डालोगे।”
छठ पूजा के दिन स्वस्थ महसूस करते हुए वह दोनों समय परिवारजनों के साथ घाट पर गई। रात को उसने अपने पिता से कहा, “पापा, पता नहीं क्यों लग रहा है कि मैं सो जाऊंगी तो बचूंगी नहीं।” रातभर जागकर वह घर का कुछ न कुछ काम करती रही।
सुबह घाट पर छठ पूजा करके लौटी तो पिता ने कहा, अब जाओ सो जाओ। सुबह लगभग 7 बजे वह सो गई। 11 बजे के बाद पिता ने उसे जगाना चाहा तो उसने कहा, मेरी सांस ठीक से नहीं आ रही। पिता ने नेबुलाइजर लगाया, तब भी वह कहती रही कि सांस लेने में दिक्कत हो रही है। वह छटपटाने लगी। घरवाले उसे कार में लेकर मेदांता अस्पताल, लखनऊ पहुंचे, लेकिन डॉक्टर ने जवाब दे दिया। डॉक्टर से पूछने पर पता चला कि अस्थमा अटैक के साथ-साथ कार्डियक अरेस्ट हुआ है।
यह मैं इसलिए लिख रहा हूं कि सिर्फ दीपावली से छठ पूजा के बीच अपने देश में लाखों मौतें होती हैं, जो किसी के अपने होते हैं।
आज मैं इस संकल्प के साथ साक्षी को श्रद्धांजलि देता हूं कि हम पटाखे नहीं जलाएंगे और वायु प्रदूषण को रोकने वाले कदम उठाएंगे। आपसे अपील है कि आप भी पटाखे न जलाने और वायु प्रदूषण को कम करने के कदम उठाने का संकल्प लें। ऐसा करके हम लाखों लोगों को जीवन दे सकते हैं।
हरे कृष्ण, राधे राधे।
-शशिकांत तिवारी


