परमजीत राय
जब मैं देवघर से न्यूज़11 का संवाददाता था, तब अभिषेक भारती वहां एंकर थे। तभी से मैं उन्हें जानता हूं। वे न बिकने वाले और न डरने वाले पत्रकारों में से हैं।
लेकिन आज के दौर में पत्रकार शायद सबसे निरीह प्राणी बनकर रह गया है। सत्ता चाहे किसी की भी हो, हर दौर में पत्रकारिता का इस्तेमाल भी हुआ है और दुरुपयोग भी। जब जरूरत पड़ी तो पत्रकारों को आगे किया गया और जब सवाल पूछने की बारी आई तो उसी पत्रकार की आवाज दबाने की कोशिश हुई।
लोग कहते हैं कि विश्व में पत्रकारिता की रैंकिंग में हम 157वें स्थान पर हैं। आज शायद इस रैंकिंग का मतलब भी समझ आने लगा है।
आखिर पत्रकार सवाल उठाना क्यों छोड़ रहा है? क्योंकि अब सवाल उठाने की कीमत सिर्फ पत्रकार नहीं, उसका परिवार भी चुकाता है। और सबसे दुखद बात यह है कि जिस जनता की आवाज बनने के लिए पत्रकार जोखिम उठाता है, वही जनता कई बार मुश्किल वक्त में खामोश खड़ी रह जाती है।


आज ये पत्रकार जेल क्यों जा रहे हैं? क्या अपने निजी स्वार्थ के लिए? क्या अपनी किसी व्यक्तिगत लड़ाई के लिए? नहीं! उनका कसूर सिर्फ इतना बताया जा रहा है कि उन्होंने एक बच्ची के साथ हुई घटना को सामने लाने की कोशिश की, उस आवाज को उठाया जिसे शायद कोई सुनना नहीं चाहता था। वे उस बच्ची की आवाज बने, जनता के सामने सच रखने की कोशिश की।
सवाल सिर्फ उन पत्रकारों का नहीं है, सवाल उस व्यवस्था का भी है जहां सच सामने लाने की कोशिश करने वालों को ही कटघरे में खड़ा होना पड़ता है।
याद रखिए, पत्रकार कमजोर होगा तो सिर्फ एक पेशा कमजोर नहीं होगा, बल्कि आम आदमी की आवाज भी कमजोर पड़ जाएगी। और जिस दिन पत्रकार सवाल पूछना पूरी तरह छोड़ देगा, उस दिन लोकतंत्र में सवाल पूछने वाला शायद कोई नहीं बचेगा।
इस प्रकरण से जुड़ी पिछली खबरें:
- अभिषेक भारती के समर्थन में पत्रकार संतोष कुमार का ऐलान- विधायक की गिरफ्तारी तक कांग्रेस की कोई खबर नहीं लिखूंगा
- अभिषेक भारती की दो तस्वीरें और एक सवाल- क्या सच के साथ खड़े रहने की कीमत इतनी बड़ी होनी चाहिए?
- अभिषेक भारती पर पुलिस यातना का ब्योरा पढ़कर कांपी रूह, विधायकों से सवाल- ऐसे विधानसभा भवन का क्या औचित्य?
- सिमडेगा पुलिस पर पत्रकार अभिषेक भारती को थर्ड डिग्री टॉर्चर का आरोप, हाईकोर्ट और मानवाधिकार आयोग से जांच की मांग
- विधायक पर दुष्कर्म के आरोपों का खुलासा करने वाले पत्रकार अभिषेक भारती पर ही अपहरण का केस, पत्रकार संगठनों में रोष


