मृत्युंजय कुमार
अनंत सिंह की बेटी की शादी (शिवांगी वेड्स ऋषिकेश) की चर्चा लंदन, सिंगापुर, फ्रांस से लेकर दुनिया भर के अखबारों में।
इस खबर पर गर्व वही कर सकता है, जिसे बेसिक हेडलाइन की समझ और न्यूज सेंस न हो।
पत्रकारिता का यूजी फर्स्ट ईयर का विद्यार्थी भी बता सकता है कि अंतरराष्ट्रीय मीडिया में छपी ये खबरें बिहार को साउथ सूडान जैसा फील कराती हैं। ये बिहार और भारत के लिए शर्मनाक है। टोटली बैड प्रेस!
इस पर गर्व करने के लिए अव्वल दर्जे की मूर्खता और धूर्तता, दोनों चाहिए। ज्ञानेश्वर जी ने दोनों लेवल मेंटेन रखा है।
मृत्युंजय कुमार की यह टिप्पणी ‘ज्ञानेश्वर की डायरी’ (GKD) नाम के पेज के उस ग्राफिक पर है, जिसमें द गार्डियन, सीटीवी न्यूज, द स्ट्रेट्स टाइम्स और बीबीसी न्यूज की खबरों के स्क्रीनशॉट लगाकर लिखा गया है- ‘लंदन, सिंगापुर, फ्रांस के अखबारों में भी अनंत सिंह की बेटी की शादी की चर्चा’। ग्राफिक की प्रस्तुति ऐसी है, मानो यह कोई उपलब्धि हो।
भड़ास4मीडिया ने इन खबरों की पड़ताल की। ब्रिटिश अखबार द गार्डियन ने 26 नवंबर को दिल्ली से अमृत ढिल्लों की रिपोर्ट छापी है, जिसकी हेडलाइन का आशय है- भारत के सबसे गरीब राज्य में नेता ने बेटी की शादी में चार लाख मेहमान बुलाए। इसके उप-शीर्षक में छह हेलीपैड, 500 रसोइयों की दावत और मेजबान अनंत सिंह पर हत्या के आरोप का जिक्र है। दिलचस्प यह भी है कि गार्डियन ने उन्हें ‘MP’ लिखा है, जबकि अनंत सिंह मोकामा से विधायक हैं।
कनाडा के सीटीवी न्यूज ने फ्रांसीसी समाचार एजेंसी एएफपी की खबर चलाई है, जिसमें भी ‘देश के सबसे गरीब राज्य’ वाली पहचान सबसे आगे है। ग्राफिक में ‘फ्रांस’ का जिक्र दरअसल इसी एजेंसी की वजह से है। एएफपी की रिपोर्ट में अनंत सिंह को छह बार के विधायक के तौर पर पेश किया गया है, जिन पर हत्या समेत दर्जनों आपराधिक मामले हैं। यही एजेंसी कॉपी ‘बिग फैट वेडिंग इन इंडिया ड्रॉज 400,000 गेस्ट्स’ जैसी हेडलाइन के साथ सिंगापुर के द स्ट्रेट्स टाइम्स के अलावा खाड़ी देशों और पाकिस्तान के कई मीडिया संस्थानों में भी छपी है। ग्राफिक में बीबीसी की महिला एवं सामाजिक मामलों की संपादक गीता पांडेय की खबर का स्क्रीनशॉट भी है।
यानी विदेशी मीडिया में यह शादी इसलिए खबर बनी, क्योंकि एक गरीब राज्य में आपराधिक मामलों का सामना कर रहे नेता ने लाखों लोगों की दावत, हेलीपैड और शाही इंतजाम किए। तस्वीरों में भी यही दिखा। स्ट्रेट्स टाइम्स के स्क्रीनशॉट में बिजली के हाई-टेंशन टावर पर चढ़ी भीड़ की तस्वीर है।
मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को पटना जिले के उनके पैतृक गांव नदवां में ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से हुई। जदयू से निष्कासित अनंत सिंह ने शादी में चार लाख लोगों के खाने, 150 तरह के पकवान, घुड़दौड़ और जीतने वाले को महिंद्रा थार इनाम देने का एलान किया था।
शादी के दिन भारी भीड़ के कारण नदवां जाने वाली सड़क पर करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार का काफिला भी जाम में फंसा रहा। घुड़दौड़ देखने के लिए लोग बिजली के टावरों पर चढ़ गए और रेस को बीच में रोकना पड़ा। शादी में वर्दी पहनकर खाना परोसते दिखे ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड जवान को ड्यूटी से हटा दिया गया।
जीकेडी के ग्राफिक में यह भी दावा किया गया है कि सांसद और गायक मनोज तिवारी 25 नवंबर को जाम में चार घंटे फंसे रहे और बिना मिले पटना लौट आए। मनोज तिवारी को शादी का न्योता दिए जाने की खबरें पहले आई थीं, लेकिन उनके जाम में फंसकर लौटने की पुष्टि किसी अन्य स्रोत से नहीं हो सकी है।
इससे जुड़ी पिछली खबरें:


