नंदकिशोर मंडल
इन दोनों तस्वीरों को गौर से देखिए। पहली तस्वीर गिरफ्तारी के बाद की है और दूसरी गिरफ्तारी से पहले की। दोनों तस्वीरों के बीच का अंतर सिर्फ समय का नहीं, बल्कि एक इंसान के भीतर चल रहे दर्द और संघर्ष की कहानी बयां कर रहा है।
मैं अभिषेक भारती को जितना जानता हूं, उन्हें हमेशा साहस, जुनून और बेबाकी के साथ अपनी बात रखने वाले व्यक्ति के रूप में देखा है। उनके चेहरे पर कभी ऐसी मायूसी नहीं देखी थी। आज उनकी यह तस्वीर देखकर मन बेहद व्यथित है।
सच कहूं तो पत्रकारिता अब सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि जोखिम भरा संघर्ष बनती जा रही है। सच लिखने की कीमत कभी जेल, कभी प्रताड़ना और कई बार अपनी जान देकर भी चुकानी पड़ती है। सबसे ज्यादा निशाने पर वही पत्रकार आते हैं, जो सत्ता के सामने झुकने के बजाय जनता की आवाज बनने का साहस रखते हैं।
अभिषेक भारती के साथ जो कुछ हुआ है, उसने एक बार फिर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या समाज की समस्याओं को उठाना, व्यवस्था से सवाल पूछना और सच को सामने लाना इतना बड़ा अपराध है कि एक पत्रकार को इस तरह की परिस्थितियों से गुजरना पड़े?
न अभिषेक ने दौलत कमाने के लिए पत्रकारिता की और न ही किसी की चापलूसी को अपना पेशा बनाया। उन्होंने अपनी कलम और आवाज को जनता के सवालों के लिए इस्तेमाल किया। लेकिन आज उनकी हालत देखकर मन में एक डर पैदा होता है।
डर पहले भी था, आज भी है। कभी-कभी सोचता हूं कि क्या इस देश में ईमानदारी और बेबाकी से पत्रकारिता करना सचमुच इतना बड़ा जोखिम है?
विडंबना देखिए, आज पत्रकारिता के सामने एक अजीब सवाल खड़ा हो गया है- क्या सत्ता की प्रशंसा करना, चुप रहना और अपने स्वार्थ के लिए समझौते करना ही सुरक्षित रास्ता बचा है? क्या सच के लिए खड़े होने वालों को हमेशा इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी?
मैं नहीं जानता कि आने वाले समय में पत्रकारिता का स्वरूप क्या होगा, लेकिन इतना जरूर जानता हूं कि जिस दिन पत्रकार डरकर सवाल पूछना बंद कर देंगे, उस दिन लोकतंत्र की आवाज कमजोर पड़ जाएगी।
अभिषेक भारती की तस्वीरें देखकर आज मन में सिर्फ एक सवाल है- क्या सच के साथ खड़े रहने की कीमत इतनी बड़ी होनी चाहिए?
इस प्रकरण से जुड़ी पिछली खबरें:
- अभिषेक भारती पर पुलिस यातना का ब्योरा पढ़कर कांपी रूह, विधायकों से सवाल- ऐसे विधानसभा भवन का क्या औचित्य?
- सिमडेगा पुलिस पर पत्रकार अभिषेक भारती को थर्ड डिग्री टॉर्चर का आरोप, हाईकोर्ट और मानवाधिकार आयोग से जांच की मांग
- विधायक पर दुष्कर्म के आरोपों का खुलासा करने वाले पत्रकार अभिषेक भारती पर ही अपहरण का केस, पत्रकार संगठनों में रोष


