झारखंड के सिमडेगा में गिरफ्तार पत्रकार अभिषेक भारती के समर्थन में अब पत्रकार भी खुलकर सामने आने लगे हैं। पत्रकार संतोष कुमार ने सोशल मीडिया पर ऐलान किया है कि जब तक कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वह कांग्रेस की एक भी खबर न बनाएंगे, न लिखेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच की मांग की है और झारखंड हाईकोर्ट में जनहित याचिका दाखिल करने की बात कही है।
पढ़िए संतोष कुमार ने क्या लिखा-
सिविल सोसायटी से अपील… उठिए, लोकतंत्र की रक्षा के लिए खुद आगे आइए। नेताओं के भरोसे मत रहिए। एक पत्रकार के साथ जो हो रहा है, उसकी रील और फोटो देखकर लाइक-कमेंट करके किसी की टीआरपी बढ़ाने से अच्छा है कि बिना किसी राजनीतिक प्लेटफार्म के सड़क पर उतरिए।
याद कीजिए, छात्र आंदोलन में अभिषेक भारती ने किसका साथ दिया था। याद कीजिए, जब अभिषेक भारती कैमरे पर आपकी आवाज बनता था। मीडिया संस्थानों से उम्मीद मत कीजिए। पत्रकार बेहद निरीह प्राणी होता है, उसे आपके सहारे की जरूरत है, नहीं तो कल कोई आपके लिए खड़ा नहीं होगा।
उसे यातनाएं दी जा रही हैं। सत्ता पक्ष और विपक्ष उसे राजनीति का शिकार बना रहे हैं। न्यायपालिका मौन है, इसलिए अब आम अवाम को उतरना होगा। उसके बूढ़े पिता और घर में छोटे-छोटे बच्चे तड़प रहे हैं।
झारखंड सरकार ने अपना घिनौना चरित्र उजागर कर दिया है। हेमंत सोरेन ने हिम्मत तोड़ दी। राहुल गांधी से उम्मीद छोड़ दीजिए। भूषण बाड़ा को बचाने के लिए झारखंड में लोकतंत्र का गला घोंटा गया, वो भी संविधान दिवस पर। ये शर्मनाक घटनाक्रम है।
आप जनता पूछिए- धाराएं विधायक और पत्रकार दोनों पर एक हैं, फिर कार्रवाई केवल पत्रकार पर क्यों? विधायक खुलेआम घूम रहा है, यहां तक कि लोकतंत्र के मंदिर विधानसभा में मीडिया से सफाई दे रहा है। गद्दार मीडियाकर्मी उससे सवाल कर अपना चेहरा चमका रहे हैं। छी! इससे शर्मनाक और क्या हो सकता है।
मैं बतौर पत्रकार घोषणा करता हूं कि जब तक कांग्रेसी विधायक भूषण बाड़ा की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक कांग्रेस की एक भी खबर न बनाऊंगा, न लिखूंगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन यदि निशा भगत प्रकरण में सीबीआई जांच का आदेश दे सकते हैं, तो विधायक प्रकरण में क्यों नहीं? मैं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस प्रकरण की सीबीआई जांच की मांग करता हूं। इस प्रकरण पर मैं झारखंड हाईकोर्ट में पीआईएल दाखिल करने जा रहा हूं।
झारखंड सरकार कांग्रेस से नाता तोड़े, अन्यथा अब एक क्रांति पत्रकारों की होगी। जनता जागिए, आइए कलम का साथ दीजिए। मुझे या मेरी पोस्ट को लाइक, कमेंट, शेयर करने की जरूरत नहीं है, बस इस आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाइए।
भैरव सिंह ने भी इस मामले पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लिखा-
इमरजेंसी आप लोगों ने नहीं देखी है तो अब देखिए, झारखंड में लगी हुई है। अभिषेक भारती निडर पत्रकार हैं। उन्होंने अपने कर्तव्य का पालन करते हुए कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के सच को समाज के सामने लाया, बच्ची का क्लिप मीडिया में चलाया। विधायक पर पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज हुआ, पर विधायक के विरुद्ध जांच नहीं होती है, उल्टा पत्रकार पर फर्जी केस दर्ज किया जाता है। पत्रकार को पकड़ा जाता है, उसे बर्बर तरीके से पीटा जाता है और अभी तक पुलिस ने उनका चालान नहीं किया है, न ही मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया है। पर सभी शांत हैं।
लोकतंत्र बचाने के लिए झारखंड से दिल्ली गए हुए सभी लोगों के मुंह में दही जम गई है। लोकतंत्र बचाने की बात करने वाले और संविधान की लाल किताब लेकर घूमने वाले बिल में जाकर घुस गए हैं। अभी यही घटना किसी भाजपा शासित प्रदेश में हो जाती तो झारखंड की गलियों से लेकर संसद भवन तक संविधान की लाल किताब निकालकर सभी छाती पीट रहे होते। भाई साहब, इसी स्थिति का नाम तुष्टिकरण की राजनीति है।
सबसे दुखद यह है कि झारखंड में पत्रकार भाइयों के ऊपर ऐसी सेंसरशिप चलाई जा रही है कि पूरा पत्रकार समाज सरकार के विरुद्ध लिख पाने में सक्षम भी नहीं है। सभी पत्रकार भाइयों से आग्रह और विनती है कि अपने अस्तित्व को बचाइए, नहीं तो कल आपकी बारी है।
भैरव सिंह
उधर, सिमडेगा पुलिस के मुताबिक अभिषेक भारती पाकरटांड़ थाना कांड संख्या 25/2026 में आरोपी हैं, जिसमें उन पर एक नाबालिग का अपहरण कर उस पर दबाव बनाने और विधायक के खिलाफ झूठा बयान दिलवाने का आरोप है। पुलिस ने हिरासत में मारपीट के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि गिरफ्तारी में सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया गया और 26 नवंबर को अदालत में पेशी के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इस प्रकरण से जुड़ी पिछली खबरें:
- अभिषेक भारती की दो तस्वीरें और एक सवाल- क्या सच के साथ खड़े रहने की कीमत इतनी बड़ी होनी चाहिए?
- अभिषेक भारती पर पुलिस यातना का ब्योरा पढ़कर कांपी रूह, विधायकों से सवाल- ऐसे विधानसभा भवन का क्या औचित्य?
- सिमडेगा पुलिस पर पत्रकार अभिषेक भारती को थर्ड डिग्री टॉर्चर का आरोप, हाईकोर्ट और मानवाधिकार आयोग से जांच की मांग
- विधायक पर दुष्कर्म के आरोपों का खुलासा करने वाले पत्रकार अभिषेक भारती पर ही अपहरण का केस, पत्रकार संगठनों में रोष


