हरियाणा के पंचकुला के पास नारायणगढ़ कस्बे के एक युवा पत्रकार द्वारा पुलिस-नेता उत्पीड़न से आजिज आकर आत्महत्या करने के मामले के ठीक बाद नोएडा में जागरण समूह के एक पत्रकार की लाश मिलने की सनसनीखेज खबर मिली है। जागरण का यह पत्रकार पिछले दो दिनों से गायब था। जागरण समूह के नोएडा स्थित आफिस में काम करने वाले पत्रकार अशोक झा की लाश आफिस से थोड़ी ही दूर पर मिली है। अशोक झा जागरण समूह के वीकली टैब्लायड न्यूजपेपर ‘सिटी प्लस’ में रिपोर्टिंग और मार्केटिंग, दोनों काम देखते थे। दो दिन पहले अशोक जागरण आफिस से शाम साढ़े छह बजे के करीब निकले और आज सुबह उनकी लाश मिली। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। सूत्रों का कहना है कि गर्दन पर चोट के निशान हैं। लाश फूली हुई है।
नोएडा पुलिस जागरण के नोएडा स्थित आफिस के कांफ्रेंस हाल में अशोक झा के साथ काम करने वालों से पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि अशोक का किसी लड़की से अफेयर चल रहा था और वह जल्द ही उसके साथ प्रेम विवाह करने वाला था। यह भी कहा जा रहा है कि अशोक झा दैनिक जागरण में पिछले दिनों हुए इनक्रीमेंट में खुद को वंचित रखे जाने से नाराज थे। अशोक झा की जहां से डेडबाडी मिली है, वहां उनकी बाइक नहीं है पर जेब में मोबाइल सुरक्षित पड़ा मिला।