नई दिल्ली। न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एंड डिजिटल एसोसिएशन (NBDA) के बोर्ड में बड़ा बदलाव हुआ है। बेनेट, कोलमैन एंड कंपनी लिमिटेड (BCCL) की डायरेक्टर- पब्लिक पॉलिसी एंड कंटेंट एश्योरेंस रचना बर्मन को NBDA के बोर्ड में शामिल किया गया है। उन्होंने टाइम्स ग्रुप के प्रतिनिधि के तौर पर रोहित गोपाकुमार की जगह ली है।

NBDA की अपडेटेड बोर्ड लिस्टिंग में रचना बर्मन को Director – Public Policy and Content Assurance, BCCL-NMI Corporate, Bennett, Coleman and Company के तौर पर शामिल किया गया है।
तीन दशक से ज्यादा का मीडिया अनुभव
रचना बर्मन को मीडिया इंडस्ट्री में तीन दशक से ज्यादा का अनुभव है। उन्होंने पत्रकारिता से करियर की शुरुआत की और बाद में मीडिया मैनेजमेंट, पब्लिक पॉलिसी, रेगुलेटरी अफेयर्स और कॉरपोरेट रणनीति से जुड़ी जिम्मेदारियां संभालीं।
उन्होंने 1992 में द इकोनॉमिक टाइम्स से बिजनेस जर्नलिस्ट के तौर पर करियर शुरू किया था। साल 2000 में वह मैनेजमेंट की भूमिका में आईं। इसके बाद 2003 से उन्होंने टाइम्स ऑफ इंडिया में मीडिया पॉलिसी, कॉरपोरेट स्ट्रैटेजी और मैनेजमेंट समेत कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं।
रचना बर्मन द टाइम्स ऑफ इंडिया की बिजनेस ब्यूरो चीफ और TOI.in की कोऑर्डिनेटिंग एडिटर भी रह चुकी हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया की प्रोफाइल के मुताबिक, उन्होंने मीडिया कारोबार के एडिटोरियल और मैनेजमेंट—दोनों पक्षों में काम किया है।
पब्लिक पॉलिसी और रेगुलेटरी मामलों की जिम्मेदारी
टाइम्स ग्रुप में Chief Public Policy and Content Assurance Officer की भूमिका में बर्मन कंटेंट, पॉलिसी, रेगुलेटरी और ग्रुप से जुड़े अन्य क्रॉस-फंक्शनल मामलों की जिम्मेदारी संभालती हैं। वह मीडिया सेक्टर से जुड़े सरकारी और इंडस्ट्री कमेटियों में टाइम्स ग्रुप का प्रतिनिधित्व भी कर चुकी हैं।
रचना बर्मन के NBDA बोर्ड में शामिल होने से न्यूज ब्रॉडकास्टिंग और डिजिटल मीडिया से जुड़े पॉलिसी, रेगुलेटरी और कंटेंट से जुड़े मुद्दों पर एसोसिएशन के स्तर पर उनकी विशेषज्ञता का उपयोग किए जाने की उम्मीद है।


