यशवंत सिंह-
जो आया है उसे एक दिन जाना ही है। नौकरी हो या ज़िन्दगी। महत्वपूर्ण बात है उस काल खंड को जिए कैसे। लक्ष्मी सिंह जी ने चार साल तक नोएडा का पुलिस कमिश्नर बने रहने का जो रिकॉर्ड बनाया है, वो एवें ही नहीं है। उन्होंने अपने प्रताप से नोएडा को अपराधियों से सुरक्षित रखा। संदेश साफ़ था सबके लिए, भाटी हो या काना, नोएडा में घुसकर बवाल करोगे तो मरोगे। यही वजह है कि नोएडा के नजदीकी जिले बुलंदशहर, हापुड़ आदि अपराधियों की शरणस्थली बन गए, लेकिन नोएडा के बड़े अपराधियों की नोएडा में ही घुसने की हिम्मत नहीं हुई।
जिन पुलिस अफसरों का अपना ख़ुद का कोई निहित स्वार्थ नहीं होता, दरअसल वही असली पुलिसिंग कर पाने में सफल हो पाते हैं। न कुछ पाने की कामना, न खोने का भय। लक्ष्मी सिंह का कड़क तेवर इनके विभागीय अधीनस्थों से पूछिए। मजाल क्या कोई तनिक भी गैर-पेशेवर लिबर्टी ले ले। दायें-बायें की कानाफूसियों से परे लक्ष्मी सिंह अनवरत फोकस्ड वर्क में यकीन रखती हैं।
महिला सुरक्षा और मजबूती उनका प्रिय विषय रहा है। काफ़ी काम किया है उनने अपने करियर में। दर्जनों विभागों के समन्वय के साथ पुलिस विभाग कैसे ज़रूरतमंद महिलाओं के लिए वरदान साबित हो रहा है, इसे उस उदाहरण से समझा जा सकता है जिसमें लक्ष्मी नामक एक महिला ने डेढ़ साल से रुकी विधवा पेंशन मिल जाने के बाद कहा था कि इस लक्ष्मी का उस लक्ष्मी को प्रणाम, जिसके द्वारा डिज़ाइन किए गए मिशन शक्ति से आज उसकी लंबित समस्या का त्वरित निदान हुआ।
निर्भय लक्ष्मी ने सत्ता-शासन-प्रशासन के आकाओं को भी ग़लत काम के लिए साफ़-साफ़ ‘नो’ कहने से गुरेज नहीं किया। जो इन्हें खटक गया और समझाने पर भी नहीं माना, उस पर अगर गुस्सा आ गया तो फिर समझो कोई ताक़त उसे बचा नहीं सकती।
बचपन में पिता की निर्मम हत्या का दंश झेल चुकीं लक्ष्मी सिंह ख़ुद अंतर्मुखी हैं, लेकिन पुलिसिंग का उनका घोषित लक्ष्य समाज के आख़िरी आदमी तक को डरों-भयों से मुक्त रखना है। एक बिटिया की माँ होने के नाते लक्ष्मी जी को लगता है कि वे उसे उतना वक़्त नहीं दे पातीं, जो वो एक माँ से डिज़र्व करती है। इसलिए अब वे थोड़ा साइलेंट मोड में जीना चाहती हैं।
वर्दी में लगातार चौकन्ना रहना एक समय के बाद थकाने लगता है, खासकर उसके लिए जो दिल से पुलिसिंग करता हो। उन्हें किसी बड़े पद या बड़ी पोस्टिंग की चाहत नहीं है। उन्हें कम महत्वपूर्ण लेकिन शांत जगह चुपचाप कुछ वक़्त रहने की इच्छा है। उन्हें भी तबादले का इंतज़ार है। उनके तबादले का हल्ला जमाने भर में है, लेकिन जमाने भर का तबादला हो रहा है, बस उनके तबादले की पाती ही नहीं आ रही है। यही सब बताते-बतियाते लक्ष्मी जी ख़ुद के तबादले की चर्चाओं पर ठहाके लगाती हैं और संदेश देती हैं, हे गपोड़ी गॉसिप जन, मुझे तुम्हारी परवाह नहीं!
तस्वीर : सूरजपुर स्थित डीसीपी ऑफिस के रूटीन मुआयने पर पहुंचीं लक्ष्मी सिंह से एक मुलाकात, इस वादे और हंसी-ठहाकों के साथ कि ये विदाई वाली फोटो नहीं है, बस भाई वाली है!


