Connect with us

Hi, what are you looking for?

सियासत

अलविदा लोकतंत्र : महिला आरक्षण की ओट में परिसीमन बिल का आखिरी दांव!

राकेश कायस्थ लिखते हैं कि अप्रैल में गिरा परिसीमन बिल 30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में फिर लाया जा रहा है. उनके मुताबिक दो तिहाई बहुमत जुटाने की गुपचुप कोशिश चल रही है और एक नागरिक के तौर पर उन्हें यह बिल नामंजूर है.

राकेश कायस्थ-

मेटा और यू ट्यूब के पॉलिटिकल कंटेट पर नकेल कसना लोकतंत्र हमेशा से के लिए खत्म करने की सरकारी तैयारियों का हिस्सा है। करीब दस दिन पहले मैंने देश में कुछ बहुत बड़ा होने की आशंका जताई थी। अब वो बात सच होती दिख रही है। आंखे खोलकर देखते रहिये। हमने देश को आज़ाद होते नहीं देखे लेकिन गुलाम होते देखना हमारी नियति है।

खबर लगभग पक्की है। दुनिया की सबसे भ्रष्ट सरकार खुद को अजर-अमर बनाए रखने के लिए आखिरी दांव खेलने की तैयारी कर चुकी है। अनगिनत चोरियों में फंसी सरकार अब इतिहास का सबसे बड़ा डाका डालेगी।

महिला आरक्षण बिल के लिफाफे में लपेटकर जो परिसीमन बिल इस साल अप्रैल में लाया गया था और दो तिहाई बहुमत न होने की वजह से गिर गया था, वो फिर से लाया जा रहा है। 30 नवंबर से इसके लिए संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है, जो 3 दिसंबर तक चलेगा।

संसद देश की सबसे बड़ी पंचायत होती है और उम्मीद की जाती है कि सरकार यहां जो कुछ करने जा रही है, वो पूरे देश को पता होना चाहिए, क्योंकि बहस सिर्फ चुने हुए प्रतिनिधि (वोट चोर और बिके हुए भी) ही नहीं करते, बल्कि देश की आम जनता भी करती है।

लोकतंत्र में असली शक्ति जनता के हाथ में होती है, लेकिन जनता के वोट से सरकार तक पहुंची बीजेपी जनता से उसके सारे अधिकार छीनकर लोकतंत्र के ताबूत में आखिरी कील ठोकने की तैयारी कर चुकी है, और वो भी एकदम गुपचुप।

सरकार ने संसद के विशेष सत्र का कारण ‘आवश्यक कामकाज’ बताया है। काम इतना आवश्यक है कि ये महान सरकार जिस जनता के प्रति उत्तरदायी है, उसे ही बताने को तैयार नहीं है। समर्थकों की नज़र में यह एक और मास्टर स्ट्रोक है और जनता की एक नज़र में एक और चार सौ बीसी।

आवश्यक कार्य ये है कि सरकार बहादुर दो तिहाई वोट के जुगाड़ के लिए गुपचुप तरीके से थैली, ईडी, सीडी, सीबीआई के ज़रिये डीएमके, एनसीपी (पवार) और वाईएसआर कांग्रेस जैसी पार्टियों के सांसद तोड़ने के पुनीत कार्य में जुटे हैं। जनता को पता चलेगा तो हल्ला मचा देगी, इसलिए राष्ट्रहित में सब कुछ एकदम गुप-चुप गुप-चुप चल रहा है।

30 नवंबर को लोकसभा में जब महिला आरक्षण की ओट में छिपकर परिसीमन बिल लाया जाएगा, तो ऐसे सांसद इसके पक्ष में उठ खड़े होंगे जिनके बारे में किसी ने कल्पना तक नहीं की होगी। इंडिया गठबंधन के कई सांसदों को अचानक बुखार लग जाएगा, उनकी गाड़ी खराब हो जाएगी या कुछ ऐसा हो जाएगा कि वो आम जनता के खून-पसीने के अरबों रुपये खर्च करके बनवाई गई नई संसद तक पहुंच ही नहीं पाएंगे…

…और देखते-देखते दो तिहाई का जादुई आंकड़ा आसानी से हासिल हो जाएगा। संसद के दोनों सदनों की सीटें कुल मिलाकर पचास प्रतिशत बढ़ जाएंगी। महान नेताजी परिसीमन के बाद सृजित महिला रिज़र्वेशन वाली सीट से अपनी बेटी, बीवी, बहू या समधिन को संसद में ले आएंगे। करदाताओं के पैसे से हर राजनेता के घर में उनकी अपनी रोजगार गारंटी योजना लागू हो जाएगी और पांच किलो मुफ्त अनाज लेकर महान जनता लोकतंत्र खत्म होने के मास्टर स्ट्रोक पर तालियां बजाएगी।

दुनिया के सबसे पुराने लोकतंत्र अमेरिका की प्रतिनिधि सभा में सीटों की संख्या को 435 पर फ्रीज़ किया जा चुका है। यह निर्णय 1929 में किया गया था। यानी 100 साल पहले अमेरिका ने तय कर लिया था कि देश की आबादी चाहे जितनी भी हो, जन प्रतिनिधियों की संख्या में कोई बदलाव नहीं होगा।

सवाल ये है कि 850 सांसद जनता के हित में आखिर ऐसा क्या कर देंगे जो 543 नहीं कर पा रहे हैं। परिसीमन के खेल के ज़रिये विपक्ष को चुनाव में पूरी तरह अप्रभावी बना देने और अनंत काल तक सत्ता सुख भोगने की बीजेपी की तैयारियों पर पहले भी विस्तार से लिख चुका हूं। यहां मैं सिर्फ आम नागरिक के नज़रिये से ये कहना चाहता हूं कि ये बिल मुझे नामंजूर है।

राजनेता हम से छीने गए पैसों पर पल रहे हैं। इनकम टैक्स और जीएसटी मिलाकर मैं अपनी आधी से ज्यादा तनख्वाह सरकार बहादुर के हवाले पहले ही कर देता हूं। मैं अपनी गाढ़ी कमाई से 307 नए सांसदों और अनगिनत विधायकों का भरण-पोषण नहीं करूंगा। विपक्ष चाहे जो करे, लेकिन एक नागरिक के तौर पर लोकतंत्र को पूरी तरह समाप्त करने की इस अंतिम साजिश का मैं शांतिपूर्ण ढंग से पुरजोर विरोध करूंगा।

आखिर में आप सबको उस भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान गांधीजी की कही गई एक बात याद दिलाना चाहूंगा, जिस आंदोलन का संघियों ने हर संभव विरोध किया था। गांधीजी ने मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में कहा था- आज़ादी कायरों को नहीं मिलती।

जितेंद्र चतुर्वेदी- सर, बीजेपी सबसे बड़ा पॉलिटिकल ब्लडर करने जा रही है। बिना सपा के, पास करना मुमकिन नहीं है। सपा किसी भी तरह से बीजेपी के साथ नहीं दिखना चाहेगी। मेरा मानना है कि बीजेपी जिस विमर्श के लिए ला रही है, वह उल्टा पड़ने वाला है। कांग्रेस सपा ज्यादा मजबूती से साथ आ जायेंगे। यूपी में उसका फायदा होगा। कोई कह सकता है बीजेपी इतनी मूर्ख नहीं है। फिलहाल मुझे लग रहा है कि विपक्ष ज्यादा समझदार हो गया है।

Jitendra Chaturvedi : सर, बीजेपी सबसे बड़ा पॉलिटिकल ब्लडर करने जा रही है। बिना सपा के, पास करना मुमकिन नहीं है। सपा किसी भी तरह से बीजेपी के साथ नहीं दिखना चाहेगी। मेरा मानना है कि बीजेपी जिस विमर्श के लिए ला रही है, वह उल्टा पड़ने वाला है। कांग्रेस सपा ज्यादा मजबूती से साथ आ जायेंगे। यूपी में उसका फायदा होगा। कोई कह सकता है बीजेपी इतनी मूर्ख नहीं है। फिलहाल मुझे लग रहा है कि विपक्ष ज्यादा समझदार हो गया है।

Rakesh Kayasth : परिसीमन भारतीय लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रियाओं को निर्णायक रूप से बदल देने का प्रयास है। इसे सिर्फ उत्तर प्रदेश के चुनाव से जोड़कर देखना ठीक नहीं होगा। सपा भले ही राजनीतिक दल के तौर पर समर्थन ना करे लेकिन सांसद तोड़ना और अनुपस्थित करावाना भला कहां मना है। देखते हैं आगे क्या होता है।

Jitendra Chaturvedi : सर,मैं इसे सिर्फ यूपी से जोड़कर नहीं देख रहा हूं। सपा का संदर्भ आया इसलिए उदाहरण दिया।
दूसरी बात यूपी का संदर्भ लेने का कारण, निर्णायक चुनाव है।
तीसरा, सर इतना तो आप जैसे बड़े लोगो के साथ रहकर हम भी समझते हैं। चौथी बात जो टूटा या अब्सेंट हुआ, उसकी राजनीति ख़त्म हो जाएगी। इसलिए कोई TMC नहीं बनना चाहेगा। TMC धनखड़ साहब के चुनाव में अब्सेंट हुई थी।

Rakesh Kayasth : बुरा ना मानें मैं आपकी समझदारी पर कोई प्रश्न नहीं उठा रहा हूँ। मैं आपको सिर्फ अपनी राय बता रहा हूँ और ये राय ये है कि यूपी का चुनाव चाहे जितना भी बड़ा हो अगर परिसीमन हुआ तो वो इतिहास बदलने वाली घटना होगा। उसके बाद यह देश पूरी तरह बदल जाएगा। यह सवाल किसी एक व्यक्ति की राजनीति के बचने या खत्म होने से बहुत बड़ा है। वैसे आपको याद होगा कि मध्य प्रदेश विधानसभा में जो कांग्रेसी नेता व्यापम घोटाले को लेकर शिवराज सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने वाला था वो वही आदमी पाला बदलकर रातो-रात बीजेपी में शामिल हुआ लेकिन उसकी राजनीतिक करियर खत्म नहीं हुआ बल्कि खूब फल-फूल रही है। कॉरपोरेट फंडेड राजनीति के नतीजे हमारे आपके निष्कर्षों से परे हैं। आनेवाले दिनों में बहुत कुछ ऐसा दिखाई दे सकता है, जिसकी कल्पना नहीं की गई है।


“आत्मा की आवाज़” सुनना भारत के नेताओं को बहुत पसंद है। “आत्मा की आवाज़” सुनकर किसको दस्त लग जाएगा, किसकी ट्रेन पंक्चर हो जाएगी, किसको अटैक आ जाएगा, पता नहीं। नाथवानी जी समाजवादी पार्टी में क्यों भेजे गए हैं, यह समझना मुश्किल नहीं है।

-विश्व दीपक

लग रहा है सत्ता के मैनेजरों ने अल्पमत सरकार के द्वारा परिसीमन बिल के लिये दो तिहाई बहुमत मैनेज कर लिया है। धनबल और बाहुबल के चंगुल में फंसी डेमोक्रेसी अपना वजूद खो बैठी है।

-राकेश पांडेय

यह ऑपरेशन कॉरपोरेट द्वारा किया जायेगा और सभी राजनीतिक दलों को उनकी असली औक़ात बताई जाएगी. राजनीतिक दल कितनी लालची, भ्रष्ट और घटिया होते हैं यह एक बार फिर सिद्ध हो जाएगा और विपक्ष अवरसरवादी है यह भी! यह खेल पुराना है!

-अनुराग चतुर्वेदी

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास