Connect with us

Hi, what are you looking for?

टीवी

पत्रकार मनोज्ञा लोईवाल बनीं लेखिका, पहली किताब ‘बाबरी 2.0: एक पत्रकार की डायरी से’ की प्री-बुकिंग शुरू

वरिष्ठ टीवी पत्रकार मनोज्ञा लोईवाल की पहली किताब ‘बाबरी 2.0: एक पत्रकार की डायरी से’ आ रही है। उत्तर प्रदेश से पश्चिम बंगाल तक की राजनीति को पत्रकार की नज़र से देखती इस किताब की अमेज़न पर प्री-बुकिंग शुरू हो गई है।

पत्रकार मनोज्ञा लोइवाल और उनकी पहली किताब 'बाबरी 2.0: एक पत्रकार की डायरी से' का कवर

खबरों की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वालीं वरिष्ठ टीवी पत्रकार मनोज्ञा लोईवाल अब लेखिका के रूप में नई पारी शुरू कर रही हैं। उनकी पहली किताब ‘बाबरी 2.0: एक पत्रकार की डायरी से’ आ रही है, जिसकी अमेज़न पर प्री-बुकिंग शुरू हो गई है।

किताब ink (OCCAM) से प्रकाशित हुई है। नॉन-फिक्शन श्रेणी की इस किताब की कीमत 299 रुपये रखी गई है और यह ई-बुक के रूप में भी उपलब्ध होगी।

सोशल मीडिया पर किताब की जानकारी साझा करते हुए मनोज्ञा ने लिखा, “मेरे जीवन की पहली किताब ही मेरे द्वारा लिखा गया अब तक का सबसे कठिन लेख है… जो एक सवाल से शुरू होती, जैसे एक ईंट से इमारत शुरू होती है।” उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि यह किताब पाठकों को कई ऐसी बातों से अवगत कराएगी, जिन्हें उन तक पहुंचाना जरूरी है। लेखिका बनने के सफर को उन्होंने अपना पहला कदम बताया और पाठकों से स्नेह व आशीर्वाद की उम्मीद जताई।

मनोज्ञा के मुताबिक, “यह राजनीति की किताब है… लेकिन नेताओं की नहीं।” उन्होंने किताब के सफर को कुछ यूं बयान किया: “उत्तर प्रदेश से पश्चिम बंगाल तक.. अधूरे जवाबों से परेशान करने वाले सवाल तक… अदालत में चले सदियों के बवाल तक.. मेरी डायरी के पन्नों से आप तक…”

किताब'बाबरी 2.0' का बैक कवर, जिसमें लेखिका मनोज्ञा लोईवाल का परिचय है
किताब बाबरी 20 का बैक कवर

किताब के बैक कवर के मुताबिक, इसकी शुरुआत पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा से होती है, जहां खड़ी एक पत्रकार के मन में सवाल था कि क्या बंगाल आज वही देख रहा है, जो कल पूरा भारत देख सकता है। पच्चीस वर्षों से बंगाल की ज़मीन से भारत की राजनीति देखने वाली पत्रकार की यह यात्रा सिंगूर, नंदीग्राम, बशीरहाट, बेलडांगा, नक्सलबाड़ी और संदेशखाली से होते हुए दिल्ली तक जाती है।

किताब में भाजपा, तृणमूल कांग्रेस, एआईएमआईएम और वाम मोर्चा तक की राजनीति की बात है, लेकिन असली कहानी उन लोगों की है जिनकी ज़िंदगियां चुनावी नारों के शोर में गुम हो जाती हैं। प्रकाशक के अनुसार, ‘बाबरी 2.0’ किसी पार्टी के पक्ष या विपक्ष की किताब नहीं, बल्कि उस भारत की पड़ताल है जो हमारे सामने आकार ले रहा है।

मनोज्ञा लोईवाल को पत्रकारिता में 25 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान वे NDTV, आज तक, इंडिया टुडे, ABP नेटवर्क, दैनिक जागरण और नेटवर्क18 सहित कई मीडिया संस्थानों में अहम भूमिकाओं में रही हैं। वे एक हज़ार से अधिक साक्षात्कार कर चुकी हैं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए उन्हें रामनाथ गोयनका पुरस्कार, ENBA और NT Awards सहित कई सम्मान मिल चुके हैं। वे TEDx स्पीकर भी हैं और छह भाषाओं की जानकार हैं।

किताब की घोषणा के बाद मीडिया जगत से मनोज्ञा को बधाइयां मिल रही हैं। वरिष्ठ पत्रकार सुधीर चौधरी ने लिखा, “मनोज्ञा लोईवाल को उनकी पहली किताब ‘बाबरी 2.0: एक पत्रकार की डायरी से’ के लिए बहुत बधाई। सियासत को एक पत्रकार की नज़र से जानने की यह कोशिश अधिक से अधिक पाठकों तक पहुँचे, यही कामना है। लेखन की इस नई पारी के लिए शुभकामनाएँ, मनोज्ञा!” साथ ही उन्होंने जोड़ा, “मैं ख़रीद कर पढ़ूँगा।”

पत्रकार संदीप वर्मा ने लिखा, “खबरों की दुनिया में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाली चर्चित पत्रकार मनोज्ञा लोइवाल अब लेखिका के रूप में एक नई पारी की शुरुआत कर रही हैं। उनकी पहली पुस्तक ‘बाबरी 2.0’ का प्रकाशन उनके रचनात्मक सफर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।”

किताब की प्री-बुकिंग अमेज़न पर इस लिंक से की जा सकती है।

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास