अफशा ख़ान-
दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की इंटर स्टेट सेल ने संयुक्त पुलिस आयुक्त (क्राइम) सुरेंद्र कुमार, आईपीएस के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड और मानव तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई में 164 विदेशी नागरिकों को कथित अवैध बंधक जैसी स्थिति से मुक्त कराया गया है। मौके से 549 डिजिटल डिवाइस और 174 पासपोर्ट बरामद किए गए हैं, जबकि एक मलेशियाई नागरिक को गिरफ्तार किया गया है।
मुक्त कराए गए विदेशी नागरिकों में 92 इंडोनेशियाई और 72 मलेशियाई नागरिक शामिल हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इन विदेशी नागरिकों को भारत लाकर साइबर ठगी के संगठित नेटवर्क में इस्तेमाल किया जा रहा था।

549 डिजिटल डिवाइस की बड़ी बरामदगी
- 355 मोबाइल फोन (335 पुराने और 20 नए सीलबंद)
- 168 डेस्कटॉप कंप्यूटर
- 26 लैपटॉप
- 53 सिम कार्ड (31 इंटरनेशनल और 22 भारतीय)
- 174 पासपोर्ट (95 इंडोनेशियाई और 79 मलेशियाई)
- सर्वर और अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल सामग्री
कैसे चलता था अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी का खेल
जांच में सामने आया कि आरोपियों का नेटवर्क विदेशी नागरिकों को नौकरी और आकर्षक अवसरों का झांसा देकर भारत लाता था। इसके बाद कथित तौर पर उनसे फर्जी ऑनलाइन निवेश और ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को ठगने का काम कराया जाता था।
- Zenttrix और Quantvoro जैसे फर्जी प्लेटफॉर्म और APK आधारित एप्लीकेशन का इस्तेमाल।
- सोशल मीडिया पर महिलाओं की फर्जी पहचान और प्रोफाइल तैयार करना।
- संभावित शिकार से दोस्ती और ऑनलाइन संबंध बनाकर भरोसा जीतना।
- इसके बाद ऊंचे रिटर्न का लालच देकर फर्जी ट्रेडिंग और निवेश प्लेटफॉर्म पर पैसे लगवाना।
- बड़ी संख्या में मोबाइल, कंप्यूटर और सिम कार्ड के जरिए संगठित तरीके से साइबर ठगी का संचालन।
एक विदेशी नागरिक गिरफ्तार
मलेशिया के नेगेरी सेम्बिलान (Negeri Sembilan) निवासी 25 वर्षीय टैन गुआन वेई (Tan Guan Wei) को गिरफ्तार किया गया है। जांच एजेंसियां उसके संपर्कों, डिजिटल कम्युनिकेशन, वित्तीय लेन-देन और सिंडिकेट में उसकी भूमिका की पड़ताल कर रही हैं।
भारतीय हैंडलर्स की भूमिका भी उजागर
जांच के दौरान सुनील कुमार और सुशील कुमार नाम के भारतीय हैंडलर्स की भूमिका भी सामने आई है। इनके कुछ बैंक खातों का इस्तेमाल कथित तौर पर नेटवर्क के किराये और संचालन संबंधी खर्चों के लिए किए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस अब मनी ट्रेल और अपराध से अर्जित रकम के लाभार्थियों की जांच कर रही है।
पूरे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर पुलिस की नजर
बरामद डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच के जरिए विदेशी और भारतीय आरोपियों के नेटवर्क, संचार माध्यमों, फर्जी वेबसाइटों, संभावित पीड़ितों और वित्तीय लेन-देन का पता लगाया जा रहा है।
मामला क्राइम ब्रांच, दिल्ली में एफआईआर संख्या 278/2026 के तहत 26 नवंबर 2026 को दर्ज किया गया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक इस कार्रवाई ने अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध और मानव तस्करी के गठजोड़ को उजागर किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।


