Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

टीवी

गौरव बनर्जी बने BARC इंडिया के नए चेयरमैन, शशि सिन्हा की ली जगह

नई दिल्ली। सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया (SPNI) के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ गौरव बनर्जी को ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल (BARC) इंडिया का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है। उन्होंने शशि सिन्हा का स्थान लिया है, जो मार्च 2022 से इस पद पर थे।

BARC बोर्ड की बैठक में शुक्रवार को इस फैसले पर औपचारिक मुहर लगाई गई। सूत्रों के मुताबिक, बैठक का मुख्य एजेंडा नया चेयरमैन नियुक्त करना था। इस दौरान इंडिया टुडे ग्रुप के चेयरमैन और एडिटर-इन-चीफ अरुण पुरी ने गौरव बनर्जी का नाम प्रस्तावित किया।

BARC की टेक्निकल कमेटी (Techcom) के पुराने सदस्य रहे बनर्जी अब दो साल के कार्यकाल के लिए इस पद पर रहेंगे। यह पद IBDF, ISA और AAAI के बीच रोटेशनल लीडरशिप संरचना के तहत आता है।

शशि सिन्हा ने अपने कार्यकाल में ISA और बाद में AAAI का प्रतिनिधित्व किया। वे BARC के संस्थापक सदस्यों में भी शामिल रहे हैं। सिन्हा से पहले यह जिम्मेदारी ज़ी एंटरटेनमेंट के पुनीत गोयनका के पास थी, जिन्होंने तीन साल तक चेयरमैन की भूमिका निभाई।

इसके साथ ही गौरव बनर्जी को CII (कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री) के मीडिया एंड एंटरटेनमेंट काउंसिल का भी चेयरमैन नियुक्त किया गया है।

गौरव बनर्जी ऐसे वक्त में यह जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, जब देश की टीवी रेटिंग प्रणाली बदलाव के दौर से गुजर रही है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने 2 जुलाई को टीवी रेटिंग एजेंसियों के लिए नई गाइडलाइन का ड्राफ्ट जारी किया है, जिसमें नए खिलाड़ियों की एंट्री को आसान बनाने की बात कही गई है। इससे यह स्पष्ट संकेत मिलते हैं कि सरकार अब BARC को एकमात्र रेटिंग एजेंसी बनाए रखने की नीति से हट रही है और प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने की दिशा में कदम बढ़ा रही है।

मीडिया और मनोरंजन उद्योग में गहरी समझ रखने वाले गौरव बनर्जी ने SPNI से पहले स्टार इंडिया में हिंदी एंटरटेनमेंट और Disney+ Hotstar की कंटेंट स्ट्रेटेजी संभाली थी। वे स्टार भारत, स्टार गोल्ड सहित क्षेत्रीय, बच्चों और इनफोटेनमेंट चैनलों के बिजनेस हेड भी रह चुके हैं।

गौरव बनर्जी ने अपने करियर की शुरुआत आज तक में असिस्टेंट प्रोड्यूसर और एंकर के तौर पर की थी। इसके बाद उन्होंने स्टार न्यूज में प्राइमटाइम शो की एंकरिंग और प्रोडक्शन किया। वे सेंट स्टीफन्स कॉलेज से इतिहास में स्नातक और जामिया मिलिया इस्लामिया से फिल्ममेकिंग और टीवी प्रोडक्शन में मास्टर्स की डिग्री रखते हैं।

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन