नई दिल्ली। पत्रकारिता के साथ-साथ शूटिंग में भी कमाल दिखाते हुए TV9 नेटवर्क के पत्रकार फरीद अली ने दिल्ली स्टेट राइफल एसोसिएशन की 40वीं स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित इस प्रतियोगिता में उन्होंने 25 मीटर पिस्टल इवेंट में देश के दिग्गज शूटर और पद्मश्री सम्मानित जसपाल राणा को करीबी मुकाबले में हराया।
इस रोमांचक फाइनल में फरीद अली ने 325 अंक हासिल करते हुए पहला स्थान हासिल किया, जबकि जसपाल राणा 321 अंकों के साथ सिल्वर मेडल पर संतोष करना पड़ा। ब्रॉन्ज मेडल दिल्ली स्टेट राइफल एसोसिएशन (DSRA) के कोषाध्यक्ष राजीव शर्मा ने 288 अंकों के साथ जीता।
इस प्रतियोगिता की खास बात यह रही कि पहली बार 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में विभिन्न इवेंट्स को एकसाथ मिलाकर एक विशेष मुकाबले का आयोजन किया गया। इस अनूठे आयोजन में खुद DSRA के गवर्निंग बॉडी मेंबर्स ने हिस्सा लिया, जिसमें चेयरमैन जसपाल राणा भी शामिल थे।
गोल्ड जीतने वाले फरीद, हारने वाले जसपाल के गवर्निंग बॉडी मेंबर
गौरतलब है कि जसपाल राणा ने भारत का प्रतिनिधित्व ओलंपिक, एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में किया है और देश के सबसे सफल पिस्टल शूटरों में गिने जाते हैं। ऐसे में फरीद अली की जीत को एक बड़ी उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है। दिलचस्प बात यह भी है कि दोनों ही शूटर DSRA की गवर्निंग बॉडी के सदस्य हैं।
इवेंट का आइडिया खुद जसपाल राणा का था
एसोसिएशन के सचिव अक्षय कुमार आनंद ने बताया कि इस अनोखे इवेंट का विचार खुद जसपाल राणा ने दिया था। उन्होंने कहा, “यह पूरी तरह एक नया अनुभव था। हम सोच रहे हैं कि भविष्य में इसे एक नियमित प्रतियोगिता के तौर पर शामिल करें। इससे नए शूटर्स को आत्मविश्वास मिलेगा और वे मुकाबले की भावना को बेहतर ढंग से समझ पाएंगे।”
1300 से अधिक निशानेबाजों ने लिया हिस्सा
डीएसआरए के संयुक्त सचिव इशविंदरजीत सिंह ने बताया कि शूटिंग खेल में युवाओं की रुचि तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि इस बार की चैंपियनशिप में रिकॉर्ड 1300 से ज्यादा निशानेबाजों ने हिस्सा लिया। राइफल, पिस्टल और शॉटगन जैसे विभिन्न इवेंट्स में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया।
पेरिस ओलंपिक में मनु भाकर ने दिलाए दो मेडल
शूटिंग के बढ़ते क्रेज के पीछे भारत की ओलंपिक सफलता भी एक बड़ी वजह मानी जा रही है। पेरिस ओलंपिक 2024 में भारतीय शूटर्स ने तीन पदक जीते थे, जिनमें से दो मनु भाकर के नाम रहे। खास बात यह है कि मनु भाकर को यह सफलता जसपाल राणा की कोचिंग में मिली थी।
इस ऐतिहासिक मुकाबले के बाद पत्रकार फरीद अली का नाम सिर्फ मीडिया नहीं, अब भारतीय शूटिंग जगत में भी चर्चा का विषय बन गया है।


