नीरेंद्र नागर-
RADAR और उसके काम से आप सब परिचित होंगे, फिर भी जिनको जानकारी न हो या अधूरी जानकारी हो, उनके लिए बता देता हूँ कि RADAR एक ऐसे सिस्टम को कहते हैं जो गतिमान वस्तुओं जैसे विमानों, जहाज़ों, मोटरगाड़ियों आदि की स्थिति, दिशा या स्पीड को जानने में मदद करता है।
RADAR Radio Detection And Ranging का छोटा रूप है और इन चार शब्दों के शुरुआती लेटर्ज़ को मिलाकर यह शब्द गढ़ा गया है।
चलिए, RADAR क्या है, यह तो हमने जान लिया लेकिन इसको हिंदी में क्या बोलेंगे? रडार, राडार, रेडार या रैडार?
आप इसे क्या बोलते हैं, मुझे नहीं मालूम लेकिन हिंदी मीडिया में यह मुख्यतः तीन तरह से लिखा जा रहा है। रडार, राडार और रेडार। एक साइट पर मैंने रैडार भी देखा। ग़नीमत बस यही है कि कोई रॉडार या रॉडॉर नहीं लिख रहा। हिंदी मीडिया में जो भाषाई अराजकता की स्थिति है, उसको देखते हुए कोई हैरत नहीं होनी चाहिए अगर आने वाले दिनों में हमें ये उच्चारण भी दिख जाएँ।
वैसे हमारी कोशिश है कि यह अराजकता दूर हो। इसी मक़सद से यह स्तंभ शुरू किया गया है जिसके तहत हम अब तक 47 ऐसे शब्दों/नामों पर चर्चा कर चुके हैं जो हिंदी मीडिया में अलग-अलग तरह से लिेखे जा रहे हैं। इसी क्रम में आज शब्दचर्चा 48 में हम RADAR का सही उच्चारण जानेंगे।
पहले यह देख लें कि फ़िलहाल कौनसी वेबसाइट क्या लिख रही है :-
रडार – जागरण, भास्कर, हिंदुस्तान, अमर उजाला, पत्रिका न्यूज़, नवभारत टाइम्स, आजतक, Zee News, TV9
राडार – जागरण, भास्कर, हिंदुस्तान, अमर उजाला, प्रभात ख़बर, नई दुनिया, News18
रेडार – नवभारत टाइम्स, प्रभात ख़बर, पत्रिका न्यूज़
आपने देखा – जागरण, भास्कर, हिंदुस्तान और अमर उजाला रडार भी लिख रहे हैं और राडार भी।
इसी तरह नवभारत टाइम्स और पत्रिका न्यूज़ में कहीं रडार लिखा जा रहा है, कहीं रेडार।
प्रभात ख़बर का भी वही हाल है – किसी ख़बर में राडार है, किसी में रेडार। लेकिन सही तो कोई एक ही होगा। और वह है रेडार। किसी भी अंग्रेज़ी शब्दकोश में आपको रेडार ही मिलेगा।
अब इसका उच्चारण रेडार क्यों है, यह समझना भी मुश्किल नहीं अगर आप A के अलग-अलग उच्चारणों के नियम जानते हों। लेकिन हिंदी पत्रकारिता करने के लिए ये नियम जानना ज़रूरी नहीं है। बस, आप शब्दकोश देखना सीख लें, IPA के चिह्नों का मतलब समझ लें और किसी भी नए शब्द को लिखने से पहले उसका उच्चारण कन्फ़र्म करने की आदत डाल लें तो हिंदी मीडिया से यह अराजकता कुछ कम हो सकती है।
पिछली शब्दचर्चा….
शब्दचर्चा (47) : दशहरे की तिथि को विजयदशमी कहेंगे या विजयादशमी?


