लखनऊ। डिप्टी सीएम अब न्यूज़ चैनलों द्वारा आयोजित भंडारे में भी पहुँचने लगे हैं। लखनऊ में ज्येष्ठ माह के सप्तम मंगलवार (बड़ा मंगल) के पावन अवसर पर लखनऊ स्थित ‘आजकीखबर’ चैनल के एमडीएल-31 कार्यालय में विशाल भंडारे का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ। सुबह से ही कार्यालय परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे दिन प्रसाद वितरण का सिलसिला चलता रहा। उपस्थित लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर हनुमान जी के दर्शन का पुण्य लाभ लिया। आयोजन के दौरान परिसर पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूबा रहा और चारों ओर सेवा व समर्पण की भावना दिखाई दी।
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी ‘आजकीखबर’ कार्यालय पहुंचे। उन्होंने भंडारे में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया और आयोजन की सराहना की। उनके आगमन से कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ गई। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित लोगों से संवाद भी किया और सभी को बड़े मंगल की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने चैनल के अत्याधुनिक स्टूडियो का निरीक्षण भी किया। उन्होंने वहां मौजूद तकनीकी सुविधाओं, प्रसारण व्यवस्था और डिजिटल सेटअप को करीब से देखा। मीडिया के क्षेत्र में हो रहे तकनीकी विकास पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने चैनल की टीम की कार्यप्रणाली की सराहना की।


इस अवसर पर ‘आजकीखबर’ चैनल के चेयरमैन चन्द्रसेन वर्मा ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया और उन्हें चैनल की कार्यशैली एवं भविष्य की योजनाओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि चैनल केवल समाचार प्रसारण तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक और धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज से जुड़कर सकारात्मक संदेश देने का भी कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम में चैनल के सभी कर्मचारी, पत्रकार, तकनीकी स्टाफ और अन्य सदस्य सक्रिय रूप से मौजूद रहे। सुव्यवस्थित व्यवस्था के बीच आयोजित इस भंडारे में बड़ी संख्या में आए श्रद्धालुओं को सुचारु रूप से प्रसाद वितरित किया गया। पूरे आयोजन ने सेवा, सहयोग और सामाजिक एकता का संदेश दिया।




Akhilesh Kumar
June 18, 2026 at 9:33 am
हेडिंग में.. (में भी).. खटक रहा है।
जो बाद में खबर से मेल नहीं कर रहा है।