Connect with us

Hi, what are you looking for?

आयोजन

हिंदी जर्नलिस्ट्स सोसाइटी हैदराबाद के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए वरिष्ठ पत्रकार अजय कुमार शुक्ल

Smiling man with a mustache wearing a gray vest sits indoors; a red banner with Hindi text about fearless, honest journalism from Jaunpur runs across the bottom, with a small journalist logo in the top-right corner.

राजन-

अपनी बेबाक, बेखौफ और ईमानदार पत्रकारिता के लिए अलग पहचान बनाने वाले जौनपुर निवासी वरिष्ठ पत्रकार अजय कुमार शुक्ल को हैदराबाद में प्रतिष्ठित हिंदी जर्नलिस्ट्स सोसाइटी हैदराबाद का निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। उनके मनोनयन का प्रस्ताव सोसाइटी के महासचिव एम. ए सरवर ने रखा, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया।

पत्रकारिता के क्षेत्र में वर्ष 2000 में कदम रखने वाले अजय कुमार शुक्ल ने अपने करियर की शुरुआत जौनपुर में दैनिक हिन्दुस्तान से की थी। करीब ढाई दशक के पत्रकारिता जीवन में उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों में काम करते हुए जमीनी पत्रकारिता का व्यापक अनुभव हासिल किया। वर्तमान में वे दक्षिण भारत के लोकप्रिय समाचार पत्र स्वतंत्र वार्ता से जुड़े हुए हैं।

अजय कुमार शुक्ल की सक्रियता केवल प्रिंट पत्रकारिता तक सीमित नहीं है। बीबीसी हिंदी, यूपी तक समेत विभिन्न समाचार चैनलों और समाचार पत्रों में समसामयिक मुद्दों पर उनके विचार, परिचर्चाएं, साक्षात्कार और बहस प्रसारित एवं प्रकाशित होते रहे हैं।

संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में जोखिम उठाकर रिपोर्टिंग करने के लिए उन्हें कई बार पुरस्कार एवं सम्मान भी प्राप्त हो चुके हैं। जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना और आम लोगों की समस्याओं को सत्ता एवं प्रशासन के सामने मजबूती से रखना उनकी पत्रकारिता की खास पहचान रही है।

पत्रकारिता में आने से पहले अजय कुमार शुक्ल एक चर्चित छात्र नेता के रूप में भी सक्रिय रहे। छात्र जीवन से ही सामाजिक और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर मुखर रहने वाले शुक्ल ने बाद में पत्रकारिता को अपना कर्मक्षेत्र बनाया। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के मूल निवासी शुक्ल ने पत्रकारिता के साथ-साथ तेलंगाना में सामाजिक सेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभाई है। वे जौनपुर दीवानी न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समाजसेवी संकठा प्रसाद शुक्ल के पुत्र हैं। अजय कुमार शुक्ल के हैदराबाद हिंदी जर्नलिस्ट्स सोसाइटी का निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने पर जौनपुर जनपद के लोगों, पत्रकारों और उनके शुभचिंतकों में प्रसन्नता है।

अध्यक्ष चुने जाने के बाद अजय कुमार शुक्ल ने कहा कि उनकी प्राथमिकता हिंदी पत्रकारों के साथ-साथ सभी पत्रकारों के कल्याण के लिए काम करना होगी। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को बदलते दौर की नई तकनीक और आधुनिक पत्रकारिता से जोड़ने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि युवा पत्रकारों को मार्गदर्शन देने, पत्रकारों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने और पत्रकारिता को और मजबूत बनाने के लिए सोसाइटी सक्रिय भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि हैदराबाद हिंदी जर्नलिस्ट्स सोसाइटी तेलंगाना के विकास में रचनात्मक और सकारात्मक सहयोग देगी। पत्रकारिता के माध्यम से समाज और प्रदेश के हित में अपनी जिम्मेदारी निभाना सोसाइटी का प्रमुख उद्देश्य रहेगा।

Pahad Ki Dada: Hill Mail Uttarakhand
CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन