Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

आयोजन

भारत अपडेट का ‘कुशल नेतृत्व, बढ़ता उत्तर प्रदेश’ कॉन्क्लेव ताजनगरी में संपन्न, कई विषयों पर हुआ व्यापक मंथन

Two men sit in beige armchairs on stage, microphones in hand, during a talk show with a patterned table between them.

आगरा। ताजनगरी आगरा भारत अपडेट द्वारा आयोजित “कुशल नेतृत्व, बढ़ता उत्तर प्रदेश” कॉन्क्लेव प्रदेश के विकास, सुशासन, निवेश, महिला सशक्तिकरण, उद्योग और आगरा के भविष्य को लेकर सार्थक विमर्श का केंद्र बना। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी तथा बुद्धिजीवी वर्ग के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।

कॉन्क्लेव का उद्देश्य उत्तर प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों, सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और भविष्य की संभावनाओं पर समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सकारात्मक संवाद स्थापित करना था। कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश की बदलती तस्वीर, निवेश की संभावनाओं, महिला सशक्तिकरण, रोजगार सृजन, पर्यटन विकास और आधुनिक आधारभूत संरचना जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

Group of professionals posing on a stage at a conference, with an AGRA Edition Conclave banner in the background.
Two women on stage exchange a framed award against a red backdrop with sponsor logos.
Two women seated on a stage in a panel discussion; the left woman speaks into a microphone while the right woman looks on, backdrop shows event graphics.

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक वर्चुअल माध्यम से जुड़े। उन्होंने भारत अपडेट की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आज विकास और सुशासन के नए मानक स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि मीडिया समाज और सरकार के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करता है तथा भारत अपडेट जैसे मंच सकारात्मक संवाद को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उपमुख्यमंत्री ने विशेष रूप से भारत अपडेट के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं एडिटर-इन-चीफ विवेक पाठक की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पत्रकारिता को केवल समाचारों तक सीमित न रखकर विकास, सुशासन और जनहित के मुद्दों को समाज के केंद्र में लाने का सराहनीय प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच लोकतंत्र को मजबूत करने और समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा, कानून व्यवस्था और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य कर रही है। एक्सप्रेसवे, मेडिकल कॉलेज, निवेश परियोजनाएं, महिला सुरक्षा और डिजिटल प्रशासन जैसी पहलों ने उत्तर प्रदेश को नई पहचान दी है। उन्होंने भारत अपडेट को इस आयोजन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।

कॉन्क्लेव में विशिष्ट अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश देश की विकास यात्रा का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। उन्होंने आगरा के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आर्थिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में यह शहर निवेश, पर्यटन और व्यापार का और बड़ा केंद्र बनेगा।

उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने आगरा मेट्रो, सड़क परियोजनाओं, पर्यटन विकास, स्मार्ट सिटी योजनाओं और शहरी सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

महिला सशक्तिकरण विषय पर आयोजित विशेष सत्र में उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा, स्वरोजगार और सामाजिक भागीदारी को लेकर सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के बिना किसी भी समाज और राज्य का समग्र विकास संभव नहीं है।

विशेष सत्र में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान, महिला हेल्पलाइन, महिला बीट पुलिसिंग, स्वरोजगार योजनाओं और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों ने महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और सरकार उन्हें अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उद्योग एवं व्यापार विषय पर आयोजित सत्र में उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम (UPSIDA) के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में निवेश और उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हुआ है। उन्होंने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के बाद उत्तर प्रदेश निवेशकों की पहली पसंद बनकर उभरा है। नई औद्योगिक नीतियों और बेहतर कानून व्यवस्था के कारण रोजगार और उद्योग दोनों को नई गति मिली है।

कॉन्क्लेव में आगरा के विकास को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। वक्ताओं ने ग्रेटर आगरा परियोजना, आगरा मेट्रो, नमामि गंगे, पर्यटन विस्तार, सड़क नेटवर्क, शहरी सुविधाओं के आधुनिकीकरण और निवेश संभावनाओं पर अपने विचार रखे। चर्चा के दौरान कहा गया कि आगरा केवल पर्यटन नगरी नहीं, बल्कि आधुनिक उद्योग, सेवा क्षेत्र और निवेश का भी बड़ा केंद्र बन सकता है।

भारत अपडेट के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं एडिटर-इन-चीफ विवेक पाठक ने कहा कि भारत अपडेट का उद्देश्य केवल समाचारों का प्रसारण करना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक और रचनात्मक संवाद को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि मीडिया की जिम्मेदारी केवल घटनाओं को दिखाना नहीं, बल्कि विकास, सुशासन और जनहित से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से समाज के सामने रखना भी है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज परिवर्तन और प्रगति के नए दौर से गुजर रहा है। इस बदलाव की कहानी को तथ्यात्मक और सकारात्मक तरीके से जनता तक पहुंचाना भारत अपडेट का दायित्व है। उन्होंने कहा कि ऐसे कॉन्क्लेव नीति निर्माताओं, उद्योग जगत, प्रशासन और समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाकर सार्थक चर्चा का अवसर प्रदान करते हैं।

भारत अपडेट की निदेशक दामिनी माहौर ने कहा कि किसी भी राज्य का विकास तभी संभव है जब महिलाओं, युवाओं और समाज के सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि यह कॉन्क्लेव केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि विकास, सुशासन और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चर्चा का मंच है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्र में जो कार्य हुए हैं, वे प्रदेश को नई दिशा देने का काम कर रहे हैं। भारत अपडेट भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज और सरकार के बीच सकारात्मक संवाद को मजबूत करता रहेगा।

भारत अपडेट के मैनेजिंग एडिटर प्रेम शंकर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश आज विकास के ऐसे दौर में प्रवेश कर चुका है जहां प्रदेश की पहचान केवल जनसंख्या या भूगोल से नहीं, बल्कि विकास, सुशासन और निवेश से हो रही है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, डिफेंस कॉरिडोर, मेडिकल कॉलेज, स्मार्ट सिटी परियोजनाएं और बेहतर कानून व्यवस्था ने उत्तर प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से पूर्वांचल, बुंदेलखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में समान रूप से विकास कार्यों का विस्तार हुआ है, जिससे क्षेत्रीय असंतुलन कम हुआ है। प्रेम शंकर सिंह ने कहा कि भारत अपडेट का प्रयास है कि सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों को तथ्यात्मक रूप से जनता तक पहुंचाया जाए, ताकि समाज सकारात्मक बदलाव का सहभागी बन सके।

कॉन्क्लेव में आगरा के सैकड़ों उद्योगपति, व्यापारी, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता और बुद्धिजीवी उपस्थित रहे। विभिन्न सत्रों में प्रतिभागियों ने भी अपने सुझाव रखे और प्रदेश के विकास को लेकर सकारात्मक विचार साझा किए।

विकास, निवेश, महिला सशक्तिकरण, उद्योग, पर्यटन, रोजगार, सुशासन और आधारभूत संरचना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर हुई व्यापक चर्चा के साथ भारत अपडेट आगरा एडिशन का यह कॉन्क्लेव उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा, सरकार की उपलब्धियों और आगरा की बढ़ती संभावनाओं पर एक प्रभावी एवं सार्थक संवाद मंच के रूप में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन