गाजीपुर में विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर शिव-शिवा स्नेह संस्था द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में वर्षों से नियमित साइकिल चलाकर स्वस्थ जीवन और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाले अमितेश सिंह और भरत यादव को सम्मानित किया गया। संस्था की ओर से अमितेश सिंह को ढाई हजार रुपये तथा भरत यादव को दो हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम में वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. राजेश सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में साइकिल के बढ़ते महत्व, ईंधन बचत, स्वास्थ्य लाभ और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और महंगे होते ईंधन के दौर में साइकिल एक ऐसा साधन है जो व्यक्ति की सेहत और पर्यावरण दोनों की रक्षा करता है। विश्व के कई विकसित देशों में साइकिल को दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया जा रहा है और शहरों में विशेष साइकिल ट्रैक विकसित किए जा रहे हैं।
सम्मानित साइकिल सवार अमितेश सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह पिछले सात वर्षों से लगातार साइकिल चला रहे हैं और पिछले कुछ वर्षों से सुबह-शाम कहीं भी आने-जाने के लिए मुख्य रूप से साइकिल का ही उपयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि साइकिल ने न केवल उनकी आर्थिक बचत की है बल्कि डायबिटीज और अन्य लाइफस्टाइल जनित बीमारियों से दूर रहने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अमितेश ने बताया कि पिछले एक वर्ष में उन्होंने दस दिन भी मोटरसाइकिल का उपयोग नहीं किया है।
वक्ता संजय राय ने साइकिल को आर्थिक, सामाजिक और पर्यावरण हितैषी साधन बताते हुए लोगों से इसे दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की। शिक्षक बद्रीश श्रीवास्तव ने साइकिल के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जर्मनी में आविष्कार के बाद यह दुनिया के विभिन्न देशों में आम जनजीवन का अभिन्न हिस्सा बन गई। इंजीनियर संजीव गुप्ता ने कहा कि साइकिल चलाने के स्वास्थ्य लाभों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए चिकित्सकों और सामाजिक संगठनों को मिलकर अभियान चलाना चाहिए।
मुख्य अतिथि डॉ. राजेश सिंह ने कहा कि वह स्वयं अपने मरीजों को नियमित साइकिल चलाने की सलाह देते हैं। उन्होंने कहा कि जीवनशैली से जुड़ी अनेक बीमारियों के नियंत्रण में साइकिल प्रभावी भूमिका निभा सकती है। मोटापा कम करने, हृदय को स्वस्थ रखने और मानसिक तनाव घटाने में भी साइकिलिंग बेहद उपयोगी है।
संस्था के उपाध्यक्ष और कार्यक्रम अध्यक्ष उमेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री देश में लागत कम करने और ईंधन बचाने पर जोर दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर नागरिकों की जिम्मेदारी है कि वे इसे अपने जीवन में लागू करें। उन्होंने कहा कि साइकिल का अधिक उपयोग कार्बन उत्सर्जन कम करने और पर्यावरण संरक्षण में बड़ी भूमिका निभा सकता है।
उमेश कुमार श्रीवास्तव ने अमितेश सिंह और भरत यादव को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए घोषणा की कि अगले वर्ष संस्था साइकिलिंग को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ी प्रतियोगिता आयोजित करेगी। इसके साथ ही शहर के युवाओं के लिए एक समर्पित साइकिलिंग क्लब बनाने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है ताकि साइकिलिंग को सुरक्षित और नियमित गतिविधि के रूप में विकसित किया जा सके।
कार्यक्रम का संचालन संतोष जायसवाल ने किया। इस अवसर पर शीर्षदीप, सुरजीत कुमार, पारस, मुरारी सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


