Connect with us

Hi, what are you looking for?

आयोजन

ज्ञानरंजन : वे आखिर तक प्लेटफॉर्म नम्बर एक रहे

दिनेश चौधरी लिखते हैं कि कथाकार ज्ञानरंजन आखिरी सांस तक सजग और चैतन्य रहे। 20 नवम्बर को जबलपुर के शहीद स्मारक में सुजय पॉल उनकी यादें साझा करेंगे और परंजय गुहा ठाकुरता व्याख्यान देंगे।

लेखक दिनेश चौधरी

दिनेश चौधरी

ठीक कहा है ममता कालिया ने कि शहर को हम पुड़िया में बाँधकर साथ नहीं ला सकते। पर उस शहर का क्या जो यादों की गठरी में बंधा हुआ साथ चला आता है। हम जितना किसी शहर में होते हैं, उतना ही शहर हमारे भीतर होता है। वह कभी नहीं छूटता। ज्ञान जी जबलपुर आये तो अपनी गठरी में इलाहाबाद लेकर आये थे। ऐसी गठरियाँ कभी खुलती हैं, कभी कबाड़खाने में बंद होकर रह जाती हैं। ज्ञान जी का कबाड़खाना बहुत बड़ा था और उसमें गठरियाँ भी ढेर थीं। कभी-कभार धूप और हवा दिखाने के लिए इन्हें खोल दिया जाता है।

कथाकार ज्ञानरंजन का चित्र, चित्रकार शरणजीत सिंह गुरु
चित्र शरणजीत सिंह गुरु

इलाहाबाद में स्कूल के दिनों की याद करते हुए वे लिखते हैं, “स्कूल में हमारे एक सहपाठी थे, हरिप्रसाद। बहुत गरीब घर के थे, लेकिन इस तंगदस्ती में मुरली बजाने की लत पड़ी। निकर के अन्दर छिपाकर बंसी स्कूल लाते थे। बंसी एक फुट की थी। छोटी-बड़ी रिसेस में हम बंसी सुनते थे…. हरिप्रसाद की बंसी कई बार तोड़ताड़ दी गई। कई बार किताब की जगह बंसी लाने पर उसकी पिटाई हुई। अब वह या तो किताब खरीद सकता था या बंसी। उसकी बंसी में आत्मा का सुर था। वह कृष्णजी जैसी बंसी बजाता था। आज यही लड़का विश्व-प्रसिद्ध हरिप्रसाद चौरसिया है।”

ज्ञान जी से पूछना चाहता था कि आगे प्रसिद्ध बंसी-वादक से प्रसिद्ध कहानीकार की बातचीत हुई या नहीं। नहीं पूछ सका। ऐसी बेतकल्लुफ़ी थी नहीं। वो वाला आत्मविश्वास भी नहीं था, जो परसाई जी के हवाले से बड़ा मशहूर है। हालांकि कभी-कभार ऐसा कर लेना चाहिये। संकोच में बाज लोगों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ता है। बहरहाल, ‘कबाड़खाना’ में और भी ढेर सारे कीमती सामान हैं। एंटीक हैं। थोड़े तंज के साथ ज्ञान जी खुद को ही ‘एंटीक’ बताते हैं जब वे कहते हैं कि, “कई बार ऐसा लगता है कि मैं हू-ब-हू उनके जैसा होता जा रहा हूँ। शायद मेरा हश्र भी आठ नम्बर का प्लेटफार्म न हो।”

यह ‘आठ नम्बर का प्लेटफार्म’ गजब का प्रयोग है, जो उन्होंने पिता सुमन जी के लिये किया है। वे कहते हैं, “जिस तरह किसी बड़े शहर में आठ नम्बर का अन्तिम प्लेटफार्म होता है, सुमनजी कुछ इसी तरह के अंजाम में पहुँच गए थे। आठ नम्बर का प्लेटफार्म दूर होता है, जिसके लिए कभी-कभी दो पुल पार करने होते हैं और उस पर से मामूली उपेक्षित सवारी गाड़ियाँ आती-जाती हैं। आने-जानेवाले लोग भी मामूली गरीब वर्ग के होते हैं। यहाँ भीड़ भी ज़्यादा होती है और टीन के सन्दूक, बाँस की टोकरियाँ होती हैं। आप एक नम्बर के प्लेटफार्म से होते हुए आठ नम्बर तक जाते हैं तो चमकीलापन अन्त तक गायब हो जाता है और लगता है कि सूर्यास्त के सामने आ गए हैं। सुमनजी और उनके युग के अनेक लोगों का सूर्य इसी तरह अस्त हुआ।”

ज्ञान जी का सूर्य इस तरह तो अस्त नहीं हुआ। वे आखिरी समय तक चैतन्य रहे। युवाओं से भी अधिक ऊर्जावान। इस बात से बाख़बर कि दुनिया में कहाँ क्या घट रहा है और क्या है जो नहीं घटना चाहिये। अपने समय के प्रति पूर्णतः सजग व सचेत। इस बात पर बहुत पैनी निगाह बनाये हुए कि अदबो-इल्म की दुनिया में कौन क्या रच रहा है, कहाँ कोई नया अंकुर फूटा है, कहाँ कोई ययाति किसी तरुण का यौवन हड़प लेने की फिराक में है, कौन से हलकों में घमासान मचा हुआ है और कहाँ-कैसी मक्कारियाँ चल रही हैं; इन सब खबरों के साथ वे बिल्कुल अपडेट होते थे और यह आखिरी सांस तक रहा। सच कहा जाये तो वे प्लेटफॉर्म नम्बर आठ हो ही नहीं सकते थे। वे आखिर तक प्लेटफॉर्म नम्बर एक रहे और उनके दरवाजे पर लोगों की आवाजाही बनी रही। वे इसी ठसन के साथ विदा हुये।

20 नवम्बर की शाम जबलपुर के शहीद स्मारक में कोलकाता हाई कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुजय पॉल ज्ञान जी के बारे में अपनी यादें साझा करेंगे। वे जीएस कॉलेज में ज्ञान जी के छात्र रहे। ‘पहल’ में उनकी कहानी भी छपी थी। ज्ञान जी ने कहा था कि इस युवा कहानीकार में बहुत सारी सम्भावनाएं हैं। सुजय हँसते हुए कहते हैं कि उन्होंने ज्ञान जी को निराश किया और कहानी के बदले फैसले लिखने लगे। इन यादों के बाद सुप्रसिद्ध पत्रकार व आर्थिक-राजनीतिक चिंतक परंजय गुहा ठाकुरता अपना व्याख्यान देंगे। आप सबका इंतज़ार है।

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास