पीडीडीयू नगर/चंदौली। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर चंदौली प्रेस क्लब द्वारा पीडीडीयू नगर स्थित होटल स्प्रिंग स्काई में संगोष्ठी एवं स्मारिका विमोचन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता के मूल्यों, सामाजिक दायित्वों और वर्तमान चुनौतियों पर वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए तथा सत्य, निष्पक्षता और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्य अतिथि संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि पत्रकारिता केवल पेशा नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व है। पत्रकार का पक्ष सत्य और समाज की पीड़ा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की सबसे बड़ी शक्ति उसकी निष्पक्ष और तथ्यपरक लेखनी है। डिजिटल युग में समाचारों के सत्यापन और विश्वसनीयता को सर्वोच्च प्राथमिकता दिए जाने की आवश्यकता है।
मुख्य वक्ता वरिष्ठ साहित्यकार एवं बीएचयू हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. वशिष्ठ द्विवेदी ‘अनूप’ ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता की परंपरा हमेशा अन्याय और शोषण के खिलाफ आवाज उठाने की रही है। पत्रकारिता का दायित्व सत्ता का गुणगान करना नहीं, बल्कि जनता के हित में सत्ता से सवाल पूछना है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और सामाजिक प्रतिबद्धता के साथ करना चाहिए।
वरिष्ठ पत्रकार एवं जनसंदेश टाइम्स के पूर्व संपादक विजय विनीत ने कहा कि पत्रकारिता का मूल धर्म समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज को सामने लाना और सत्ता को जवाबदेह बनाना है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को हर परिस्थिति में निष्पक्षता, नैतिकता और जनपक्षधरता बनाए रखनी चाहिए।
अध्यक्षीय संबोधन में चंदौली प्रेस क्लब के अध्यक्ष अमरेंद्र पाण्डेय ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता दिवस केवल एक ऐतिहासिक अवसर नहीं, बल्कि पत्रकारिता के मूल्यों, संघर्षों और जनसेवा की परंपरा को स्मरण करने का दिवस है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ है तथा पत्रकारों का दायित्व है कि वे निष्पक्षता, सत्यनिष्ठा एवं जनहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज के समक्ष सही तथ्यों को प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि चंदौली Press Club पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनकी गरिमा तथा सामाजिक सरोकारों को मजबूती प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर चंदौली प्रेस क्लब के एक वर्ष पूर्ण होने पर प्रकाशित स्मारिका “पत्रकारिता : सेवा और सत्य की यात्रा” का विमोचन अतिथियों द्वारा किया गया।
स्मारिका में संस्था का परिचय, एक वर्ष की प्रमुख गतिविधियों का विवरण, भविष्य की योजनाएं तथा जनपद चंदौली की सांस्कृतिक, धार्मिक एवं ऐतिहासिक धरोहरों का विस्तृत वर्णन किया गया है। वक्ताओं ने स्मारिका को चंदौली की पत्रकारिता, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों का महत्वपूर्ण दस्तावेज बताया।
कार्यक्रम में सभी अतिथियों का स्वागत ब्रजेश कुमार ने किया। विषय प्रवर्तन अमरेंद्र पाण्डेय ने किया। कार्यक्रम का संचालन पवन तिवारी तथा धन्यवाद ज्ञापन राजीव जायसवाल ने किया।
इस अवसर पर आशाराम यादव, करुणापति तिवारी, सरदार महेंद्र सिंह, मनोज उपाध्याय, कमलेश तिवारी, संदीप निगम, कृष्ण मोहन गुप्ता, आनंद सिंह, सत्यनारायण, फैयाज अंसारी, अमित गुप्ता, संजीव पाठक, सूर्यप्रकाश सहित जनपद एवं गैर जनपद से सैकड़ों की संख्या में पत्रकार, बुद्धिजीवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पत्रकारों एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पत्रकारों को सम्मानित भी किया गया। उपस्थित पत्रकारों ने हिंदी पत्रकारिता की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने तथा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया।



