वरिष्ठ टीवी पत्रकार डॉ. कुमार राजेश ने नई पारी शुरू की है। वे न्यूज़ इंडिया 24X7 के मैनेजिंग एडिटर बने हैं। इस भूमिका में वे करीब 16-17 साल पुराने इस टीवी न्यूज़ चैनल का नेतृत्व करेंगे।
डॉ. कुमार राजेश लगभग 34 वर्षों से टीवी पत्रकारिता में सक्रिय हैं। 1992 से अब तक वे टीवी टुडे (न्यूज़ट्रैक और आजतक), इंडिया टीवी, एनडीटीवी और एबीपी नेटवर्क जैसे बड़े मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं। इनमें से 20 साल से अधिक समय उन्होंने अलग-अलग टीवी न्यूज़ चैनलों में संपादक (चैनल हेड) की भूमिका निभाई है।
हाल के वर्षों में वे सितंबर 2020 से मई 2023 तक एबीपी न्यूज़ नेटवर्क में एडिटोरियल कंसल्टेंट रहे। इससे पहले वे दिसंबर 2011 से अगस्त 2014 तक एनडीटीवी वर्ल्डवाइड में कंसल्टेंट और नवंबर 2010 से अक्टूबर 2011 तक बिहार, झारखंड और यूपी के टीवी चैनल मौर्य में एक्जीक्यूटिव एडिटर रहे।
उन्होंने प्रज्ञा और लाइव इंडिया में कंसल्टेंट और सीनियर एंकर के रूप में काम किया। 2006 में वे इंडिया टीवी में एक्जीक्यूटिव एडिटर रहे। मई 2002 से जून 2006 तक वे आजतक में स्पेशल कॉरेस्पोंडेंट और एंकर थे। इससे पहले स्टार प्लस के कार्यक्रम ‘आज की बात’ में एसोसिएट एडिटर और एंकर, सहारा टीवी में स्पेशल कॉरेस्पोंडेंट और एंकर तथा दिसंबर 1992 से जुलाई 1998 तक टीवी टुडे (न्यूज़ट्रैक और आजतक) में संवाददाता रहे।
सितंबर 2016 से वे 360 डिग्री कम्युनिकेशन कंपनी अविरल सृष्टि एलएलपी के प्रेसिडेंट हैं। उनके दो यूट्यूब चैनल ‘बस सच’ और ‘कमाल है!’ भी हैं।
डॉ. कुमार राजेश ने दिल्ली विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पीएचडी की है। उन्होंने जेएनयू के सेंटर फॉर पॉलिटिकल स्टडीज़ से एम.फिल. और दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज से राजनीति विज्ञान में बीए (ऑनर्स) व एमए किया। जेएनयू में पढ़ाई के दौरान उन्हें यूजीसी की जूनियर रिसर्च फेलोशिप और फिर सीनियर रिसर्च फेलोशिप मिली।
उनकी किताब ‘द जनता एनिग्मा 30 आउट ऑफ़ 60’ का लोकार्पण 18 मई 2008 को नई दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर (आईआईसी) में हुआ था। जुलाई 2008 में तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा देवीसिंह पाटिल ने इस किताब को आशीर्वाद दिया था।
पत्रकारिता में योगदान के लिए उन्हें अप्रैल 2007 में भारत निर्माण अवार्ड मिला। अक्टूबर 2008 में ऑल इंडिया बार एसोसिएशन ने उन्हें ‘इमिनेंट लीगल जर्नलिस्ट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक मीडिया अवार्ड’ और मार्च 2009 में ऑल इंडिया दीनी मदारिस बोर्ड ने ‘बेस्ट सेक्युलर जर्नलिस्ट अवार्ड’ से सम्मानित किया।
गौरतलब है कि अप्रैल 2008 में उन्होंने अंग्रेज़ी में अपने नाम की वर्तनी में एक ‘a’ जोड़ा था। तब से वे अपना नाम Kumar Rajesh की जगह Kumar Raajesh लिखते हैं।


