Connect with us

Hi, what are you looking for?

आयोजन

आइआइसी, दिल्ली में कुँवर नारायण पर रज़ा न्यास का दो रोज़ का आयोजन आत्मीय लेखक शिविर-सा था!

Audience in a lecture hall watching a speaker at a podium with a blue banner on stage.

ओम थानवी-

आइआइसी, दिल्ली में कुँवर नारायण पर रज़ा न्यास का दो रोज़ का आयोजन आत्मीय लेखक शिविर-सा था। अनुभवी और नए लेखक एक साथ। मेरे जैसे पाठक भी। नौ सत्र, 27 वक्ता। खचाखच भरा तीन हॉल को जोड़कर एक हुआ सेमिनार हॉल। काश ऐसी स्मृति हर बड़े लेखक को नसीब हो।

‘परिधि से बाहर’ सत्र में ज्योतिष जोशी और सुनील मिश्र के साथ मैंने भी हिस्सा लिया। मैंने संस्मरणों में बात की। सिनेमा, कला, संगीत, नाटक में कुँवरजी की रुचि। ब.व. कारंत, सत्यजित राय, पं. जसराज आदि से उनके निजी संबंध। कारंत, पिकासो, चित्रकार कवि-मित्र पर कविताएँ। मक़बूल फ़िदा हुसेन, केलुचरण महापात्र, संयुक्ता पाणिग्रही, उस्ताद अमीर ख़ां, अमीनुद्दीन ख़ां डागर, पं. जसराज, अली अकबर ख़ां आदि पर उनकी टिप्पणियाँ।

Poster announcing The Raza Foundation event on 23–24 December 2026 with a schedule in Hindi and a portrait on the right side

हमारे लड़कपन के दौर में नेत्रसिंह रावत, विष्णु खरे, विनोद भारद्वाज, प्रयाग शुक्ल जैसे नियमित फ़िल्म-समीक्षकों के बीच अंतरराष्ट्रीय फ़िल्मों पर कुँवरजी के लेखन, सिनेमा की उनकी गहरी समझ का अलग महत्त्व था। उसका कुछ लाभ मैंने भी उठाया। वह कहानी भी मैंने साझा की। ख़ासकर क्रिस्तोफ़ कीस्लाव्स्की की दस फ़िल्मों की शृंखला ‘डेकालॉग’ और गॉडफ़्री रेगियो/ फ़िलिप ग्लास की कथा-पटकथा से रहित “क़ात्सी” त्रयी के बारे में। लंबा सोचकर गया था। पंद्रह मिनट की जद्दोजहद में फँस गया।

बहुत आनंद रहा जब पहले रोज़ लेखक-लेखिकाओं के समूह ने, शाम के भोज से पहले, संजीदा कथाकार और ‘तद्भव’ के संपादक अखिलेशजी के जन्मदिन पर उनके साथ केक काटा।

पहले भी ग़ौर किया है, इस बार भी देखा कि शुरू से देर शाम तक अशोक वाजपेयी एक कुर्सी पर एक ही मुद्रा में बैठे हर वक्ता को दत्तचित्त सुनते हैं। जबकि हमने जब-तब आमदरफ़्त भी की, कुर्सियाँ बदलीं, आइआइसी के लाउंज की दार्जिलिंग चाय भी पी आए।

मेरे मित्र अपूर्वानंद तो आकर-भी-न-आए-हुए-से थे। हमारा सत्र जब शुरू होने को था, वे उठकर चले गए। क़सम से, इसका कभी बदला लूँगा।

Pahad Ki Dada: Hill Mail Uttarakhand
CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन