नई दिल्ली : अपने एक ट्वीट को लेकर एक बार फिर विदेश राज्यमंत्री वीके सिंह विवादों में घिर गए हैं। उन्होंने मंगलवार को अपने एक ट्वीट में मीडिया को ‘Presstitutes’ लिखा। इन दिनो वीके सिंह यमन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए चल रहे ऑपरेशन पर नजर रख रहे हुए हैं। उन्होंने ये ट्वीट जिबूती में प्रेस कांफ्रेंस के बाद दिया।
वीके सिंह ने अपने ट्वीट से ऐसे मीडिया संस्थानों पर निशाना साधा है, जो पाकिस्तान दिवस में शामिल होने को लेकर उन पर हमला कर रहे थे। गौरतलब है कि वह पाक डे के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे। इसके बाद से ही विवाद शुरू हो गया था। वीके सिंह ने कार्यक्रम से लौटने के बाद ट्विटर पर कई ट्वीट भी किए थे और इसे एक ड्यूटी बताया था। हालांकि, मामला बढ़ने पर उन्होंने मीडिया के सामने सफाई देने का प्रयास किया था।