प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सेल्फी लेने के लिए पत्रकारों के बीच मची होड़ की तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा में है। वरिष्ठ पत्रकार और जनसत्ता के पूर्व संपादक ओम थानवी ने यह तस्वीर एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर साझा करते हुए एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया से पत्रकारों के लिए एक एडवाइज़री जारी करने का आग्रह किया है।
पीएम के दिवाली मिलन की तस्वीर में कई लोग मोबाइल फोन ऊपर उठाए प्रधानमंत्री के साथ एक फ्रेम में आने की कोशिश करते दिख रहे हैं। इससे संबंधित वीडियो में सेल्फी के लिए होड़ लगाते पत्रकार दिख रहे हैं।
ओम थानवी ने अंग्रेज़ी में लिखी अपनी पोस्ट में एडिटर्स गिल्ड को टैग करते हुए सवाल किया कि क्या गिल्ड पत्रकारों, खासकर युवा पत्रकारों को पेशे की गरिमा बनाए रखने की याद दिलाने वाली कोई एडवाइज़री जारी कर सकता है। उन्होंने लिखा कि सार्वजनिक हस्तियों के साथ सेल्फी के लिए धक्का-मुक्की उस बिरादरी को शोभा नहीं देती, जिसका दायित्व सत्ता में बैठे लोगों से सवाल पूछना है, न कि उनकी नज़दीकी हासिल करना।
थानवी की इस पोस्ट को कोट करते हुए वरिष्ठ पत्रकार प्रोफेसर मुकेश कुमार ने भी उनकी बात का समर्थन किया। उन्होंने लिखा, “सहमत। पत्रकारिता से जुड़ी संस्थाओं को कुछ तो करना ही चाहिए। पत्रकार इस तरह से व्यवहार करें और वे चुप रहें तो फिर उनकी ज़रूरत ही क्या रह जाएगी।”
गौरतलब है कि एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया इसी साल मई में जारी एक बयान में कह चुका है कि प्रधानमंत्री ने एक दशक से अधिक के अपने कार्यकाल में एक भी खुली प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं की है। ऐसे में सवाल पूछने के बजाय सेल्फी की होड़ वाली यह तस्वीर पत्रकारिता की भूमिका पर नई बहस छेड़ रही है।

मुझे नहीं लगता कि मोदी के दीवाली मिलन समारोह में गए तमाम पत्रकारों ने अपनी अंतरात्मा बेच दी होगी, स्वाभिमान गँवा दिया होगा। जो पत्रकार नियमित रूप से बीजेपी बीट कवर करते हैं, उनका ऐसे मौक़ों पर जाना तो बनता है। ये उनकी पेशेवर ज़रूरत और ज़िम्मेदारी दोनों है। लेकिन उनमें से बहुत से ऐसे होंगे, जिन्होंने सेल्फी लेने के लिए जी तोड़ प्रयास नहीं किए होंगे या मोदी की चापलूसी करने के लिए मीठे-मीठे बोल बोले होंगे। इनमें से ज़्यादातर पत्रकारों ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में समारोह का शायद ज़िक्र भी न किया होगा।
-मुकेश कुमार (वरिष्ठ पत्रकार)
जब आलोक मेहता जी को बुलाया, अन्य भूतपूर्व भी बुलाए जा सकते थे। आलोचना के लिए जाने जाने वाले कितने लोग इस मजलिस में दिखाई दिए? संबोधन पढ़ने के बाद सवाल-जवाब तो बंद हैं, पर दीवाली के आपसी “मिलन” में भी पीएम और पत्रकारों के बीच अवरोधक रस्सी-सी क्यों तनी थी। घुलने-मिलने से आपसी प्रेम बढ़ता ही है। -ओम थानवी
सही कहा आपने। पहले बैरिकेडिंग नहीं होती थी। नेतागण घूम-घूमकर मिलते थे। अब तो पत्रकारों को क़ैद किया जा रहा है, उनसे दूरियां बरती जा रही हैं। शायद प्रधानमंत्री को लगता हो कि ये इसी लायक़ हैं। -मुकेश कुमार
आलोक मेहता इंडिया टीवी पर मोदी बीजेपी की स्तुति में डूबे पाए जाते है। जिसे देख अब दुख या ताज्जुब नहीं। इस कदर स्तुति इस उम्र में। -अनिरुद्ध उमत


