प्रयागराज। पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर मंगलवार को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब का एक प्रतिनिधिमंडल क्लब के संस्थापक संरक्षक वीरेंद्र पाठक के नेतृत्व में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा तथा एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. अजय पाल शर्मा से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने पत्रकारों पर बढ़ते हमलों, धमकियों और अभद्र व्यवहार की घटनाओं पर चिंता जताते हुए ज्ञापन सौंपा।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि पत्रकार निर्भय होकर अपना दायित्व निभाएं। यदि कोई अराजक तत्व पत्रकारों को धमकाता है या नुकसान पहुंचाने का प्रयास करता है तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
वहीं, एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. अजय पाल शर्मा ने भी प्रतिनिधिमंडल की बातें गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारी को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
ज्ञापन में बताया गया कि 25 जुलाई को प्रयागराज में छात्रों के प्रदर्शन की कवरेज के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने महिला पत्रकार अनम फातिमा सहित कई पत्रकारों के साथ अभद्रता की। महिला पत्रकार के साथ अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया गया तथा उनके साथ मारपीट भी की गई। अनम फातिमा ने पूरी घटना से जिलाधिकारी को अवगत कराया।
इसके अलावा नवाबगंज थाना क्षेत्र के पत्रकार विकास मिश्रा ने बताया कि तालाब की भूमि पर अवैध कब्जे से संबंधित खबर प्रसारित करने के बाद कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में रोककर जान से मारने की धमकी दी और भविष्य में ऐसी खबरें प्रकाशित या प्रसारित न करने की चेतावनी दी।
इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब के संस्थापक संरक्षक वीरेंद्र पाठक ने कहा कि जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले पत्रकारों को अक्सर दबाव, धमकियों और हमलों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने पत्रकारों की सुरक्षा के लिए ठोस नीति और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की, ताकि पत्रकार बिना किसी भय के अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़े प्रत्येक मामले को गंभीरता से लिया जाएगा तथा कानून के अनुरूप त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में अनम फातिमा, आरव भारद्वाज, अरविंद सिंह, विकास मिश्रा, शम्स ताज, धीरज, आयुष श्रीवास्तव, हिमांशु राज और राजिक सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


