Connect with us

Hi, what are you looking for?

सुख-दुख

रिपोर्टिंग का पहला उसूल- सितारे को आपके साथ सेल्फी लेने दीजिए, आप ख़ुद कभी मोबाइल तानकर सेल्फी मत लीजिए!

‘मझेरिया से मेक्सिको’ की 31वीं कड़ी में पंकज शुक्ल 1998 में बरेली में शत्रुघ्न सिन्हा के इंटरव्यू, रिपोर्टिंग के पहले उसूल, अमर उजाला में हॉलीवुड लेखन की शुरुआत और ‘सत्या’ की समीक्षा का क़िस्सा सुना रहे हैं।

1998 में बरेली में संतोष गंगवार के आवास पर शत्रुघ्न सिन्हा का इंटरव्यू करते पत्रकार पंकज शुक्ल
पत्रकार पंकज शुक्ल

पंकज शुक्ल-

किसी भी बड़े नेता, अधिकारी या कलाकार का इंटरव्यू करते समय उसके सामने आप ख़ुद को किस तरह पेश करते हैं, इससे एक पत्रकार के आत्मसम्मान का पता भी चलता है।

ये फ़ोटो साल 1998 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले का है। मेरा तबादला मुरादाबाद से बरेली हुआ और मुझे सिटी डेस्क प्रभारी सुनील शाह के हवाले कर दिया गया। सुनील शाह को मेरे फ़िल्म प्रेम का अंदाज़ा था और इसी के चलते उन्होंने शत्रुघ्न सिन्हा के बरेली आने की सूचना मिलते ही मेरी ड्यूटी उनका इंटरव्यू करने की लगा दी। उन दिनों मैं बरेली के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्रों में घूमकर, वहाँ के मतदाताओं से मिलकर एक सीरीज़ ‘अंतर्धारा’ लिख रहा था।

शत्रुघ्न सिन्हा से ये भेंट बरेली के दिग्गज भाजपा नेता रहे संतोष गंगवार के आवास पर हुई। वह इस चित्र में मेरे सवालों पर ग़ौर करते दिख भी रहे हैं। चित्र में आपको हिंदी सिनेमा के मशहूर फ़िल्म निर्माता पहलाज निहलानी भी बाईं तरफ़ दिखेंगे। सबकी आँखें मेरी तरफ़ और मेरी आँखें सीधी टिकी हैं शत्रुघ्न सिन्हा के चेहरे के बदलते भावों पर। साथी पत्रकार नरेंद्र निर्मल उन दिनों संघ और बीजेपी की बीट कवर किया करते थे, उनकी पीठ इस चित्र में दिख रही है।

जैसा कि मैंने शुरू में ही कहा कि किसी भी बड़े नेता, अधिकारी या कलाकार का इंटरव्यू करते समय उसके सामने आप ख़ुद को किस तरह पेश करते हैं, इससे एक पत्रकार के आत्मसम्मान का पता भी चलता है। सितारे को आपके साथ सेल्फी लेने दीजिए। आप ख़ुद कभी मोबाइल तानकर सेल्फी मत लीजिए। रिपोर्टिंग का ये पहला उसूल मैंने कई नवागत पत्रकारों को समझाया है। जैसे ही आप ख़ुद को किसी नेता, अधिकारी या सितारे के सामने उसके प्रशंसक की तरह पेश करते हैं, उसका रवैया भी आपके साथ फिर वैसा ही होता है।

कानपुर, रामपुर, मुरादाबाद में फील्ड और डेस्क पर बेइंतहा काम करने के बाद बरेली पहला ऐसा पड़ाव बना, जहाँ मुझे पढ़ने और ख़ुद को और बेहतर बनाने का मौक़ा मिला। मेरा मानना है कि अच्छा लिखने के लिए सबसे पहली ज़रूरत है अच्छा पढ़ना। और, पढ़ने की मेरी ये आदत ऐसी है, जिसने मुझे क्रिएटिव राइटिंग में बहुत फ़ायदा पहुँचाया है। किसी भी विचार, घटना या दृश्य पर लिखने के लिए जो भी सबसे पहली लाइन हमारे दिमाग़ में आती है, 99 फ़ीसदी दूसरे लोगों के दिमाग़ में भी वही आती है। इस लाइन को ख़ारिज करके जो नई लाइन हम लिखते हैं, वही क्रिएटिव राइटिंग है।

बस इस एक सूत्र वाक्य को मैंने आज तक छोड़ा नहीं है। बरेली में ही मेरी मुलाक़ात उन सज्जन से भी हुई, जिन्होंने अपनी समीक्षा में एक बार मुरादाबाद में मेरी लिखी एक धार्मिक रिपोर्ट पर ये कहकर सवाल लगा दिया था कि राम के शिव भक्त होने का प्रमाण तो रामेश्वरम् में मिलता है, लेकिन शिव भी राम के भक्त हैं, ये तथ्य ठीक नहीं है।

मुरादाबाद संस्करण के तत्कालीन संपादक ने तब मुझे वह चिट्ठी अपना स्पष्टीकरण लिखकर देने के लिए दी थी और मैं रात में ही घर जाकर रामचरितमानस उठा लाया था। बालकांड का वह पूरा प्रसंग मैंने उत्तर में लिखा था, जहाँ शिव और सती का संवाद है।

बरेली में कुछ दिन सिटी डेस्क पर रिपोर्टिंग और संपादन करने के बाद मुझे बरेली संस्करण से जुड़े तीन ज़िले सौंपकर प्रादेशिक डेस्क पर तैनात कर दिया गया। ये ज़िले थे पीलीभीत, लखीमपुर खीरी और बदायूं। इन ज़िलों के प्रभारियों की भेजी ख़बरों में संपादन बहुत कम ही करना होता था, सिवाय दो-तीन ख़बरों के, जिन्हें मैं पूरा का पूरा रि-राइट कर देता। मेरी रि-राइटिंग की आदत से उस समय के प्रादेशिक प्रभारी आशीष अग्रवाल ख़ासे प्रभावित रहते।

प्रादेशिक डेस्क पर आने से मेरी ड्यूटी शाम चार बजे से शुरू होती और पूरा दिन मैं खाली ही रहता, तो मैंने दिन का काफ़ी सारा समय दफ़्तर में ही बिताना शुरू कर दिया। कम से कम 10 अख़बार मैं उन दिनों पढ़ता। और, इन दिनों ‘अमर उजाला’ के निदेशक मंडल में शामिल हो चुके वरुण माहेश्वरी तब स्कूल से आकर घर में बस्ता फेंककर सीधे मेरे पास भागे आते। उनके पिता और अब ‘अमर उजाला’ समूह के चेयरमैन राजुल माहेश्वरी उन दिनों सपरिवार वहीं रहते थे।

वरुण को इस बात में ख़ासी दिलचस्पी रहती कि मैं पूरे खाली फ़्लोर पर अकेले बैठे क्या पढ़ता रहता हूँ? हम दोनों का ख़ासा वक़्त उन दिनों ऐसी तमाम बातें करते बीतता, जो एक स्कूली बच्चे की बाल सुलभ जिज्ञासा हो सकती है!

‘अमर उजाला’ में फ़िल्म समीक्षाओं का मेरा नियमित कॉलम शुरू हो चुका था। हर शुक्रवार को नई फ़िल्में देखना, थियेटर मैनेजर के साथ बैठकर कभी-कभार गपशप करना भी नियमित हो चला था। हॉलीवुड सिनेमा पर लिखने के लिए जब मैंने बात चलाई और इसके लिए विदेशी पत्रिकाओं की आवश्यकता पर ज़ोर दिया, तो राजुल माहेश्वरी जी ने मुझे दिल्ली भेजकर इनकी एक सूची तैयार करने को कहा। वह ये पत्रिकाएँ उनके विदेश स्थित प्रकाशन शहरों से सीधे बरेली मँगाना चाहते थे। मैं दिल्ली गया। प्रीमियर, लाइट एंड साउंड और ऐसी ही कुछ और पत्रिकाओं की सूची बनाकर लौटा।

विदेशी पत्रिकाएँ मँगाना तब आसान नहीं था। इसके लिए चूँकि भुगतान विदेशी मुद्रा में होना था, तो पहले रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया से अनुमति ली गई और फिर ये पत्रिकाएँ बरेली आनी शुरू हुईं। इन पत्रिकाओं से जानकारी जुटाकर मैंने हॉलीवुड सिनेमा पर नियमित लिखना शुरू किया। शनिवार को ‘रंगायन’ में ये आलेख छपते। कभी-कभी आलेख मनोरंजन से ज़्यादा जानकारीपरक होता, तो इनका नंबर रविवार को छपने वाली ‘रविवासरीय’ में लगता।

हॉलीवुड फ़िल्में बनाने और उन्हें वितरित करने वाले दो स्टूडियो वार्नर ब्रदर्स और यूनिवर्सल पिक्चर्स के प्रतिनिधियों ने मेरे आलेख पढ़कर ‘अमर उजाला’ फ़ोन करना शुरू किया और साल 1998 में मेरा हॉलीवुड के स्टूडियोज़ से सीधा संबंध स्थापित होना शुरू हो गया। इसके साथ ही लिफ़ाफ़े भर-भरकर प्रोडक्शन नोट्स, फ़िल्मों के असली चित्र, ट्रांसपैरेंसीज़ मेरे नाम से ‘अमर उजाला’ के बरेली दफ़्तर पहुँचने लगीं। फ़ीचर विभाग तब भौंचक्का होता कि जो काम उनका मुंबई दफ़्तर बरसों से नहीं कर पा रहा था, वह मेरे जैसा एक युवा बरेली में बैठकर कर रहा था। मेरे आलेख दिल्ली-मुंबई के पत्रकार भी पढ़ते और उनके फ़ोन भी तभी मेरे पास बरेली आने शुरू हो गए।

रविवार को मेरा फ़िल्म समीक्षा का कॉलम छपना शुरू हो ही चुका था। विदेशी पत्रिकाओं की तलाश में जब मेरा बरेली से दिल्ली आना हुआ, तो मैं तब तक खुल चुके ‘अमर उजाला’ के एक और उपक्रम ‘कारोबार’ (दैनिक बिज़नेस न्यूज़ पेपर) के प्रीत विहार स्थित ऑफ़िस भी गया। मुझे वहाँ संपादकीय टीम से तो मिलना ही था, उस दिन मुझे एक नई फ़िल्म ‘सत्या’ की समीक्षा भी वहीं से मेरठ भेजनी थी।

वरिष्ठ सहयोगी अनिल सिंह मेरे नाम से परिचित थे, मिले हम वहाँ पहली बार। मैं रिव्यू टाइप कर रहा था कि तभी वह मेरे पास आए। ये जानने के बाद कि मैं फ़िल्म ‘सत्या’ की समीक्षा लिख रहा हूँ, वह बोले, “थोड़ा ध्यान रखना। फ़िल्म का हीरो हमारे यहाँ का है!” मेरा जवाब मुझे अब तक याद है। मैंने कहा, “उसका ध्यान मुझे रखने की ज़रूरत ही नहीं, उसने जितना कमाल काम इस फ़िल्म में किया है, पूरा ज़माना उसका ख़्याल रखने वाला है।”

‘मझेरिया से मेक्सिको’ सीरीज़ की आज की कड़ी में इतना ही। ये इसकी 31वीं कड़ी है। अगली कड़ी में जानिए, किस क्षत्रिय नेता के घर पर दिल्ली में हुई सारे क्षत्रिय सांसदों की सर्वदलीय बैठक और कैसे मैं इसमें शामिल होने बरेली से दिल्ली पहुँचा? और, साथ ही कुछ और दिलचस्प क़िस्से भी। पढ़ते रहिए, यात्रा जारी है, जै जै..!

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास