लखनऊ। दूरदर्शन केंद्र, लखनऊ की रीजनल न्यूज यूनिट (RNU) ने उर्दू भाषा से जुड़े विभिन्न पदों के लिए कैजुअल असाइनी पैनल बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत उर्दू न्यूज रीडर, कॉपी एडिटर और सीजी ऑपरेटर के पदों पर योग्य अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। चयनित उम्मीदवारों को नियमित नियुक्ति नहीं दी जाएगी, बल्कि आवश्यकता के अनुसार असाइनमेंट आधारित कार्य सौंपा जाएगा।
दूरदर्शन की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक पैनल तैयार किया जाएगा, जिसमें शामिल उम्मीदवारों को जरूरत पड़ने पर काम के लिए बुलाया जाएगा। संस्थान ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था पूरी तरह अस्थायी होगी और इससे भविष्य में किसी प्रकार की नियमित नियुक्ति का दावा नहीं बनता।
न्यूज रीडर के लिए 1650 रुपये प्रतिदिन
उर्दू न्यूज रीडर पद के लिए उम्मीदवार की आयु 21 से 40 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक डिग्री के साथ उर्दू भाषा पर अच्छी पकड़, प्रभावशाली आवाज, शुद्ध उच्चारण और कैमरे के सामने प्रस्तुति कौशल आवश्यक होगा। क्षेत्रीय, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों की जानकारी रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। पत्रकारिता, शिक्षण या टीवी-रेडियो मीडिया का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को वरीयता मिलेगी। चयनित उम्मीदवार को प्रति शिफ्ट 1,650 रुपये का भुगतान किया जाएगा।
कॉपी एडिटर के लिए पत्रकारिता योग्यता अनिवार्य
उर्दू कॉपी एडिटर पद के लिए आयु सीमा 21 से 50 वर्ष तय की गई है। उम्मीदवार के पास स्नातक डिग्री के साथ पत्रकारिता या जनसंचार में डिग्री अथवा पीजी डिप्लोमा होना चाहिए। मीडिया संस्थानों, विशेषकर प्रसारण क्षेत्र में कम से कम तीन वर्ष के अनुभव को वांछनीय माना गया है। चयनित अभ्यर्थियों को प्रति शिफ्ट 1,500 रुपये का मानदेय मिलेगा।
सीजी ऑपरेटर पद पर भी भर्ती
सीजी ऑपरेटर (उर्दू) पद के लिए 10+2 उत्तीर्ण और कंप्यूटर एप्लीकेशन का प्रमाणपत्र अनिवार्य रखा गया है। संबंधित क्षेत्र में कम से कम एक वर्ष का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। इस पद के लिए प्रति शिफ्ट 1,125 रुपये का भुगतान निर्धारित किया गया है।
चयन प्रक्रिया में हो सकते हैं स्किल टेस्ट और ऑडिशन
दूरदर्शन ने कहा है कि आवश्यकता पड़ने पर लिखित परीक्षा, इंटरव्यू, कंप्यूटर आधारित टेस्ट, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, स्क्रीन टेस्ट, ऑडिशन अथवा अन्य कौशल परीक्षण आयोजित किए जा सकते हैं। उम्मीदवारों के प्रदर्शन और कार्यकुशलता के आधार पर पैनल तैयार किया जाएगा।
पैनल में शामिल उम्मीदवारों के कार्य की समय-समय पर समीक्षा भी होगी। यदि किसी के प्रदर्शन को लेकर प्रतिकूल रिपोर्ट प्राप्त होती है तो उसे पैनल से हटाया जा सकता है।
आवेदन प्रक्रिया और अंतिम तिथि
इच्छुक उम्मीदवार आवेदन स्पीड पोस्ट, ई-मेल या व्यक्तिगत रूप से जमा कर सकते हैं। स्पीड पोस्ट के माध्यम से आवेदन भेजने वालों को अपना आवेदन ‘हेड ऑफ न्यूज, दूरदर्शन केंद्र, 24 अशोक मार्ग, लखनऊ-226001’ के पते पर भेजना होगा। वहीं ई-मेल से आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को सभी दस्तावेजों सहित एक पीडीएफ फाइल [email protected] पर भेजनी होगी।
प्रत्येक पद के लिए अलग आवेदन पत्र जमा करना अनिवार्य होगा। आवेदन के साथ शैक्षणिक योग्यता, आयु, निवास, तकनीकी योग्यता और अनुभव से संबंधित स्वप्रमाणित दस्तावेज संलग्न करने होंगे।
आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 शाम 5 बजे निर्धारित की गई है।
दूरदर्शन ने स्पष्ट किया है कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क है और किसी प्रकार का आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा। साथ ही किसी भी प्रकार की सिफारिश या दबाव बनाने का प्रयास आवेदन निरस्त किए जाने का आधार बन सकता है।


