वरिष्ठ पत्रकार के रूप में अनुभव और नेतृत्व से चैनल को नई दिशा मिलने की उम्मीद
जाने-माने और अनुभवी वरिष्ठ पत्रकार वाशिंद्र मिश्रा ने आज “न्यूज़ इंडिया 24×7” चैनल में ‘समाचार निदेशक’ के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। उनके आगमन से संस्थान के भीतर उत्साह का माहौल है और टीम सदस्यों में नई ऊर्जा देखने को मिल रही है।
पत्रकारिता के क्षेत्र में वाशिंद्र मिश्रा का लंबा और समृद्ध अनुभव रहा है। उन्होंने अपने करियर में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं और अपनी कार्यशैली व नेतृत्व क्षमता के कारण विशेष पहचान बनाई है। अब उनके इस नए दायित्व के साथ चैनल को नई दिशा और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
संस्थान की ओर से उनका स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया गया है कि उनके मार्गदर्शन में ‘न्यूज़ इंडिया 24×7’ नई ऊंचाइयों को छुएगा और दर्शकों के बीच अपनी विश्वसनीयता को और मजबूत करेगा। उनके सफल कार्यकाल के लिए पूरी टीम ने शुभकामनाएं दी हैं।
वाशिंद्र मिश्रा ने करीब 1 जुलाई 2025 के आसपास जनतंत्र टीवी ज्वाइन किया था, जहां उन्हें चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर (CEO) की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। हालांकि, कुछ ही महीनों में उनका यह कार्यकाल समाप्त हो गया।
वे जनतंत्र टीवी में तीन बार काम कर चुके हैं। 35 वर्षों से ज्यादा के पत्रकारिता अनुभव वाले वाशिंद्र मिश्र ने प्रिंट और टीवी दोनों माध्यमों में लंबी पारी खेली है। प्रभात खबर, अमर उजाला, टाइम्स ऑफ इंडिया और हिन्दुस्तान टाइम्स जैसे अखबारों से लेकर जी न्यूज, इंडिया 24×7, नेटवर्क18 और जनतंत्र टीवी जैसे चैनलों में उन्होंने संपादकीय नेतृत्व किया है। वे जी मीडिया के रीजनल चैनलों के पॉलिटिकल एडिटर भी रह चुके हैं और बिहार, मध्य प्रदेश व राजस्थान में चैनलों की लॉन्चिंग में उनकी अहम भूमिका रही है।
वे हरिदेव जोशी पत्रकारिता विश्वविद्यालय, जयपुर के गवर्निंग बोर्ड में राज्यपाल द्वारा नामित सदस्य के रूप में भी सक्रिय थे और मीडिया छात्रों को पत्रकारिता के व्यावहारिक पहलुओं से परिचित करा रहे थे।


