Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

आयोजन

नवभारत टाइम्स मुंबई से मुक्त हुए वरिष्ठ पत्रकार विमल मिश्र को मिला ‘पत्रकारिता सेवा सम्मान’

मुंबई : हिंदी के वरिष्ठ पत्रकार विमल मिश्र को मुंबई हिंदी पत्रकार संघ की ओर से पत्रकारिता सेवा सम्मान प्रदान किया गया। 32 वर्ष की पत्रकारिता के बाद हाल ही में नवभारत टाइम्स से सेवानिवृत्त हुए मिश्र इस मौके पर भावुक नजर आए। अपने शुरूआती दिनों को याद करते हुए मिश्र ने कहा कि वाराणसी से वे मुंबई अपने अंतर्मुखी व्यक्तित्व को बदलने के मकसद से आए थे लेकिन यह वैसा ही रहा। हालांकि उन्हें इसका कोई अफसोस नहीं है। उन्होंने कहा कि 1971 के भारत पाकिस्तान युद्ध की रिपोर्ताज पढ़कर उनकी पत्रकारिता में रुचि जागी और उन्होंने इस क्षेत्र में करियर बनाने का फैसला किया।

सांताक्रूज पूर्व इलाके में स्थित मौलाना आजाद सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। 28 सालों तक नवभारत टाइम्स के मुंबई संस्करण में हमलोग कॉलम लिखने वाले मिश्र को कार्यक्रम के अध्यक्ष सचींद्र त्रिपाठी, महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह व मुंबई भाजपा महासचिव अमरजीत मिश्र सहित अन्य गणमान्य अतिथियों के हाथों पुष्प गुच्छ, शॉल, स्मृति चिन्ह व सम्मानपत्र देकर सम्मानित किया गया।

त्रिपाठी ने कहा कि मिश्र पत्रकारिता के संस्थान हैं। किसी सार्वजनिक लाइब्रेरी से भी बड़ा उनका किताबों का संग्रह है। इसके अलावा 20 हजार फिल्मों के कलेक्शन भी उनके पास है। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और पूर्व गृहराज्य मंत्री कृपा शंकर सिंह ने कहा कि पत्रकार कभी अपनी लेखनी से सेवानिवृत्त नही होता। श्री मिश्र के लेखन के लाखों लोग मुरीद हैं। उन्होंने कहा कि मुंबई हिंदी पत्रकार संघ को भोजपुरी में फैली अश्लीलता रोकने के लिए भी मुहिम शुरू करनी चाहिए। सिंह ने मुंबई हिंदी पत्रकार भवन बनाने के लिए भी पूरा जोर लगाने का वादा किया।

धर्मयुग में मिश्र के साथ काम कर चुकीं वरिष्ठ पत्रकार सुदर्शना द्विवेदी मुंबई हिंदी पत्रकार संघ की पहल की सराहना करते हुए कहा कि हिंदी के पत्रकारों को भी अंग्रेजी के पत्रकारों की ही तरह वेतन और सुविधाएं मिलनी चाहिए। वरिष्ठ पत्रकार हरीश पाठक ने कहा कि मिश्र हमेशा जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए तत्पर रहते हैं। अपनी लेखनी के बल पर उन्होंने 25 पुरस्कार हासिल किए।

भाजपा नेता अमरजीत सिंह ने कहा कि हम चाहते हैं कि मिश्र की लेखनी चलती रहे और हम उन्हें निरंतर पढ़ते रहें। मुंबई भाजपा उपाध्यक्ष आरयू सिंह ने कहा कि विमल मिश्र ने पत्रकारिता का स्तर बढ़ाया है। उनकी लिखी खबरें और कॉलम पढ़ने के लिए हम उत्साहित रहते थे। विधायक सरदार तारासिंह ने कहा कि विमल मिश्र की सलाह से उन्होंने अपने इलाके में कई काम किए हैं। वे बेहद नेकदिल इंसान हैं।

पत्रकार, लेखक व मनसे उपाध्यक्ष वागीश सारस्वत ने कहा कि मिश्र बेहद सरल और गहरे पत्रकार हैं। कार्यक्रम का संचालन संघ के सचिव अभय मिश्र ने किया। मुंबई हिंदी पत्रकार संघ के अध्यक्ष आदित्य दुबे ने संस्था के कामकाज की जानकारी दी और सह सचिव राजकुमार सिंह ने सम्मान पत्र का वाचन किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार और हिंदीभाषी जुटे थे। मौके पर मौके पर समाजसेवी कन्हैया लाल शर्राफ, राजीव सिंघल, आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली, भाजपा नेता मोहित कंबोज, संतोष पांडेय, अजय सिंह, वरिष्ठ पत्रकार व कहानीकार धीरेंद्र अस्थाना, ओमप्रकाश तिवारी, ओमप्रकाश सिंह, कांग्रेस नेता राजकुमार मिश्र, कृपाशंकर पांडेय, वरिष्ठ पत्रकार अनुराग त्रिपाठी, सर्वेश पाठक, सुनील सिंह, दिलीप जाधव, आनंद मिश्र, वीरेंद्र मिश्र, आनंद पांडेय, अनिल शुक्ला, नवीन कुमार, अखिलेश मिश्र, दिनेश सिंह, मनोज दुबे, , पूर्व नगर सेवक शिवजी सिंह, आरपी सिंह, ज्योतिषाचार्य पवन त्रिपाठी, लोकगायक सुरेश शुक्ल, मुंबई हिंदी पत्रकार संघ के महासचिव विजय सिंह कौशिक, उपाध्यक्ष विनोद यादव, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र मिश्र, कार्यकारिणी सदस्य अखिलेश तिवारी, हरिगोविंद विश्वकर्मा, अशोक शुक्ल, सय्यद सलमान आदि मौजूद थे।

Pahad Ki Dada: Hill Mail Uttarakhand
CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन