Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

सियासत

मार्क जुकरबर्ग की पत्नी ने अनंत अंबानी की कलाई क्यों पकड़ ली?

अश्विनी कुमार श्रीवास्तव-

फेसबुक के मालिक मार्क जुकरबर्ग जब भारत में हो रहे अनंत अंबानी के प्री वेडिंग समारोह से लौटकर घर पहुंचेंगे तो सबसे पहले उन्हे अपनी रूठी पत्नी को मनाना पड़ेगा।

यहां जामनगर पहुंचने पर अगवानी के लिए आए अनंत अंबानी जब जुकरबर्ग और उनकी पत्नी से रुकने घूमने फिरने के इंतजाम पर बातचीत कर रहे थे तो जुकरबर्ग की पत्नी का ध्यान कहीं और था।

उन्होंने अनंत की बात पर ध्यान न देते हुए बड़ी उत्सुकता से अनंत की घड़ी पर अपनी उंगली लगाकर कहा कि आपकी घड़ी तो बहुत सुंदर है। फिर अनंत के थैंक यू कहकर वापस अपनी बात पर आने और जुकरबर्ग के बात को हंसी में उड़ाने की कोशिश को दरकिनार करके उन्होंने कौतूहल से पूछा कि यह ब्रांड कौन सा है?

आप भी सोचिए, मुकेश अंबानी से भी दौलतमंद शख्स जुकरबर्ग की पत्नी एक ब्रांड से मुग्ध हैं लेकिन उन्हें भी पता नहीं है कि वह ब्रांड आखिर है कौन सा? अनंत ने ही उन्हें बताया कि यह ब्रांड रिचर्ड मिल है।

हालांकि आश्चर्य की बात है कि जुकरबर्ग की पत्नी रिचर्ड मिल की घड़ी नहीं पहचान पाईं… शायद आम जनता की तरह वह भी रोलेक्स को ही दुनिया का सबसे बड़ा घड़ी ब्रांड समझती होंगी। जबकि रोलेक्स की घड़ी अमूमन पांच सात लाख की रेंज से शुरू होती हैं और रिचर्ड मिल की सबसे सस्ती घड़ी ही 70-80 लाख की रेंज में आती होगी।

इंटरनेट पर चर्चा तो यह है कि अनंत चौदह करोड़ से लेकर अस्सी करोड़ तक की घड़ी पहनते हैं।

यानी जिस 75- 80 करोड़ की रकम के लिए रिहाना दुनिया के दूसरे कोने से यहां नाचने के लिए भागी चली आईं, उससे कहीं ज्यादा तो अनंत बाबू अपनी साज सज्जा पर ही खर्च कर देते हैं।

जाहिर है, जुकरबर्ग के लिए यह नया क्लेश हो गया है क्योंकि खुद जुकरबर्ग निहायत सस्ती सी और एक ही रंग व डिजाइन की t-shirt आदि पहनकर किसी तरह पाई पाई जोड़कर फेसबुक चला रहे हैं। ऐसे में अनंत ने जो नया ब्रांड उनकी पत्नी को दिखा दिया है, वह कहीं जुकरबर्ग को भी न खरीद कर अपनी पत्नी को देना पड़ जाए।

अमेरिका में इलोन मस्क भी इसी तरह सस्ते कपड़े या चप्पल पहनकर फटीचरगिरी दिखाकर अपने पैसे बचाते हैं और पूरी संभावना है कि अनंत अंबानी के समारोह में बुलाने पर भी वह इसीलिए नहीं आए होंगे। क्योंकि ऐसी ही किसी ट्रिप में अंबानी परिवार के किसी सदस्य की साज सज्जा या शौक ने उनके घर में भी क्लेश मचा दिया होगा।

इधर, बिल गेट्स भी अपनी गर्ल फ्रेंड को लेकर घूम तो रहे हैं और चाय की टपरी पर जाकर अपनी गर्ल फ्रेंड को यही दिखाने की कोशिश कर रहे होंगे कि वह ज्यादा पैसे लेकर आए नहीं हैं। लेकिन अनंत बाबू से जिस दिन उनका भी सामना हुआ, उनकी भी गर्ल फ्रेंड उनसे ताजमहल खरीदने टाइप कोई फरमाइश कर ही डालेगी।

ट्रंप की बिटिया भी आई है, ब्लैक रॉक के कर्ताधर्ता भी सपरिवार मौजूद हैं, फरारी के मालिक भी पत्नी को लिए टहल रहे हैं… दौलत में इनमें से कुछ अंबानी से भले ही आगे हों लेकिन यह सब अंबानी परिवार के सामने इसी तरह एहसासे कमतरी महसूस करने के बाद घर जाकर क्लेश झेलने वाले हैं, यह तो तय है।


दिलीप मंडल-

अंबानी का लड़का 14 करोड़ रुपए की घड़ी पहनता है. रिलायंस से छह गुना बड़ी कंपनी मेटा यानी फेसबुक का संस्थापक मालिक मार्क जकरबर्ग घड़ी ही नहीं पहनता. फोन से ही काम चला चलाता है. परिवार के लिए खाना बनाना उसे पसंद है.

यहां जकरबर्ग की पत्नी छोटे अंबानी की घड़ी देखकर चौंक रही है.

भारतीय पूंजीवाद में सामंती ठसक का घालमेल है. ये पूरा पूंजीवाद नहीं है. इसलिए भारतीय कंपनियां ग्लोबल नहीं बन पातीं. मिजाज अलग है.

ये भी पढ़ें..

मुकेश अंबानी के बेटे की शादी और सोया हुआ इनकम टैक्स डिपार्टमेंट!

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन