पिछले सप्ताह इनकम टैक्स बिल 2025 को वापस लेने की ख़बर आई थी। इसे आज फिर से सदन में पेश किया जाना है।
दरअसल इस बिल में कुछ कमियाँ/त्रुटियाँ थीं और इसीलिए उसे संसद की एक समिति के पास भेजा गया था। समिति के सुझाव मिलने के बाद सरकार उसे आज संशोधित रूप में पेश करेगी।
यह जो समिति थी जिसने इस बिल पर विचार किया, उसे हिंदी में प्रवर समिति और अंग्रेज़ी में Select Committee कहते हैं। चूँकि ‘प्रवर’ हमारे हिंदी के पत्रकारों और पाठकों को कुछ भारी-भरकम लगता है, इसलिए हिंदी मीडिया (दैनिक जागरण को छोड़कर) आम तौर पर अंग्रेज़ी का Select शब्द ही इस्तेमाल करता है लेकिन दो अलग-अलग रूपों में। कोई इसे सिलेक्ट लिखता है तो कोई सेलेक्ट। यही हाल Select से बने अन्य शब्दों सिलेक्टर/सेलेक्टर और सिलेक्शन/सेलेक्शन का है। नीचे देखें, कौन इन शब्दों को कैसे लिख रहा है।
सेलेक्ट
अमर उजाला, हिंदुस्तान, NDTV हिंदी, ET Now, प्रभात ख़बर
सिलेक्ट
आजतक, अमर उजाला, हिंदुस्तान, DD न्यूज़
सेलेक्टर
News 18, Sports Tak, जागरण, प्रभात खबर
सिलेक्टर
इंडिया.कॉम, नवभारत टाइम्स, ABP न्यूज़, हिंदुस्तान
सेलेक्शन
NDTV हिंदी, नवभारत टाइम्स, ज़ी न्यूज़
सिलेक्शन
अमर उजाला, NDTV हिंदी, दैनिक भास्कर
आपने देखा, अमर उजाला और हिंदुस्तान ‘सिलेक्ट’ और ‘सेलेक्ट’ दोनों का प्रयोग कर रहे हैं। यानी वे किसी ख़बर में ‘सेलेक्ट’ लिख रहे हैं तो किसी और में ‘सिलेक्ट’। यही काम NDTV हिंदी Selection शब्द के साथ कर रहा है। किसी ख़बर में ‘सिलेक्शन लिख रहा तो किसी और में ‘सेलेक्शन’।
शब्दों को लेकर यह अराजकता हिंदी मीडिया के लिए कोई नई बात नहीं है। अफ़सोस की बात बस यही है कि यह सबकुछ एक स्पेलचेक सॉफ़्टवेयर के ज़रिए ठीक हो सकता है जिसे ख़रीदना इतने बड़े-बड़े संस्थानों के लिए कोई मुश्किल बात नहीं है। लेकिन न संपादकों को परवाह है, न मालिकों को।
चलिए, जिसपर हमारा बस नहीं, उसपर चर्चा करने से क्या लाभ! हाँ, हम यह पता कर सकते हैं कि ‘सिलेक्ट’ सही है या ‘सेलेक्ट’।
सही है सिलेक्ट। सिलेक्ट क्यों सही है, यह समझने के लिए अंग्रेज़ी उच्चारण के नियम जानना ज़रूरी नहीं है। आप बस Select से मिलते-जुलते कुछ कॉमन शब्दों पर ग़ौर करेंगे तो समझ जाएँगे कि इसका उच्चारण सिलेक्ट क्यों होगा और सेलेक्ट क्यों नहीं होगा।
मसलन Elect (इलेक्ट), Reject (रिजेक्ट), Detect (डिटेक्ट), Defect (डिफ़ेक्ट), Eject (इजेक्ट) आदि। क्या ऐसा कोई है जो इनको एलेक्ट, रेजेक्ट, डेटेक्ट, डेफ़ेक्ट, एजेक्ट आदि कहता हो? मेरे ख़्याल से नहीं।
फिर भी कुछ लोग Select को सेलेक्ट, Selector को सेलेक्टर और Selection को सेलेक्शन लिखे जा रहे हैं। साफ़ है, वे अपना दिमाग़ नहीं लगा रहे।
सिलेक्ट की ही तरह सिलेक्टर और सिलेक्शन ही सही उच्चारण हैं।
शब्दचर्चा में हम ऐसे शब्दों पर विचार करते हैं जो हिंदी मीडिया में अलग-अलग तरह से लिखे जा रहे हैं। अगर आपके ज़ेहन में भी ऐसा कोई शब्द हो जो दो—तीन तरह से लिखा जा रहा है तो हमें [email protected] पर बताएँ। हम उसका सही रूप जानने और बताने की कोशिश करेंगे।
पिछली शब्दचर्चा…
शब्दचर्चा (26) : E20 पेट्रोल में क्या मिलाया जा रहा है- इथेनॉल या एथेनॉल?


