नई दिल्ली। डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म The Logical Indian के खिलाफ उसके पूर्व फाउंडिंग एडिटर और हेड ऑफ फैक्ट-चेक भारत नायक ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सार्वजनिक बयान जारी कर कहा है कि संगठन ने उनका रिलीविंग लेटर और 5 लाख से अधिक का इंसेंटिव रोक रखा है।
भारत नायक ने बताया कि उन्होंने 9.5 साल तक इस संगठन में काम किया और 21 अप्रैल 2023 को इस्तीफ़ा दे दिया। उनकी आखिरी कार्यदिवस 30 जून 2023 था। HR ने आश्वासन दिया था कि 90 दिनों में उनका फुल-एंड-फाइनल सेटलमेंट कर दिया जाएगा, लेकिन समय बीतने के बाद भी उनकी जून की सैलरी, इंसेंटिव और रिलीविंग लेटर रोक लिया गया।
नायक का कहना है कि कंपनी ने उनकी जॉइनिंग डेट और पद पर ही सवाल उठाए। जबकि उन्होंने CEO के साइन वाला लेटर और वेतन स्लिप्स जैसे दस्तावेज़ सौंपे, लेकिन कंपनी ने उन्हें आंतरिक कागज़ कहकर मानने से इनकार कर दिया। बाद में 9 नवंबर 2023 को कंपनी ने उनकी जॉइनिंग डेट तो स्वीकार कर ली, लेकिन रिलीविंग लेटर देने के लिए दो शर्तें रखीं—
- या तो वे एक सोशल मीडिया पॉलिसी पर साइन करें, जो नौकरी छोड़ने के बाद भी उन पर पाबंदी और जुर्माना लगाती है।
- या फिर वे अपनी इक्विटी (शेयर हिस्सा) कंपनी को वापस करें।


भारत नायक ने इन शर्तों को मानने से साफ इनकार किया। उन्होंने कहा कि यह कर्मचारी के बुनियादी हक पर समझौता है।
पूर्व एडिटर ने दावा किया कि उन्हें अभी तक रिलीविंग लेटर और करीब 5 लाख रुपये का इंसेंटिव नहीं मिला है। कंपनी ने 3.85 लाख रुपये का बकाया तो सितंबर 2023 में स्वीकार किया था, लेकिन भुगतान से मना कर दिया।
नायक ने लिखा कि वह इस संगठन से शुरुआत में बिना वेतन और बाद में केवल ₹10,000 पर जुड़े थे। “मैंने बड़े ऑफर ठुकराकर इसे खड़ा किया, लेकिन अब मेरे साथ यही व्यवहार हो रहा है।” उन्होंने कहा कि इस मामले ने उनकी मानसिक सेहत को बुरी तरह प्रभावित किया है।

भारत नायक ने CEO अभिषेक मजूमदार, को-फाउंडर अनुराग मजूमदार और HR से व्यक्तिगत स्तर पर कई बार संपर्क किया और यहां तक कि लीगल नोटिस भी भेजा, लेकिन कंपनी ने बकाया जारी करने से इनकार कर दिया।
उन्होंने पब्लिक अपील की— “The Logical Indian ने हमेशा दूसरों से जवाबदेही मांगी है, क्या वही जवाबदेही अपने कर्मचारियों के साथ लागू नहीं होनी चाहिए?”


