भाजपाई व्यवस्था में अदालतों, नियमों के इस्तेमाल पर नजर रखने की जरूरत है। सुप्रीम कोर्ट की मदद से एसआईआर हुआ और अब हिन्दुओं की मांग पर आदेश, प्रशासन की नाकामी और अवमानना की कार्रवाई – असल में हिन्दू हित साधेगी। सौरव का जन्म अगर विदेश में भी हुआ हो, उसके माता-पिता भारतीय हैं तो वह भारत का नागरिक होगा। अगर नहीं हैं और जन्म भी विदेश में हुआ है तो पासपोर्ट कैसे जारी हो गया – बड़ा मामला है। निपटने में समय लगेगा और सजा का भागीदार सिर्फ सौरव नहीं होगा। ऐसी शंका पर उसे विदेश जाने से रोकने का मतलब? इमरजेंसी में ऐसा कुछ किसी गैर हिन्दू मीडिया मालिक, पत्रकार या छात्र के साथ हुआ था?
संजय कुमार सिंह
अंग्रेजी अखबारों में कोलकाता के द टेलीग्राफ के साथ द हिन्दू और दि इंडियन एक्सप्रेस तथा हिन्दी में नवोदय टाइम्स में “राहुल को राहत” की खबर पहले पन्ने पर नहीं है। इस तरह, मेरे 10 में से पांच अखबारों में यह खबर पहले पन्ने पर नहीं है। पांच अखबारों में है लेकिन सिंगल कॉलम में ज्यादा। अकेले देशबन्धु में यह टॉप पर तीन कॉलम की खबर है। अमर उजाला में यह डेढ़ कॉलम की खबर है। इसका शीर्षक है, राहुल को आय से अधिक संपत्ति मामले में राहत। राहुल गांधी के खिलाफ ऐसा कोई मामला होने, उसमें राहत मिलने और मामला नए सिरे से विचार के लिए वापस हाई कोर्ट भेज दिए जाने की खबर पढ़कर मुझे मामला अटपटा लगा। देशबन्धु के शीर्षक और हाईलाइट से स्पष्ट हुआ कि सुप्रीम कोर्ट ने मामला खारिज नहीं किया है। हिन्दुस्तान टाइम्स में पहले पन्ने पर इस खबर का जो हिस्सा है वह एक ही वाक्य है और इस प्रकार है – सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को इलाहाबाद हाई कोर्ट के उस देश को रद्द कर दिया जिनमें केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय ईडी) को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की कथित अनुपातहीन संपत्ति की जांच करने का निर्देश दिया गया था। ईडी-सीबीआई को लंबे समय से सरकार या सरकारी पार्टी का तोता कहा जाता रहा है। मोदी सरकार ने भी विरोधियों को परेशान करने के लिए सीबीआई-ईडी का दुरुपयोग खूब किया है। ऐसे मामलों में इसकी सफलता की दर शर्मनाक रूप से कम रही है। फिर भी, हाईकोर्ट ने उसी सीबीआई-ईडी से जांच के आदेश दिए यह भी अटपटा है। पहले के मामलों में भी अदालत से (राहुल को वास्तविक) राहत की खबरें कम ही हैं।
सुप्रीम कोर्ट में चुनौती वाले मामलों में भी। लोकसभा में विपक्ष के नेता की संपत्ति की जांच के हाईकोर्ट के आदेश को रद्द करना क्या केवल राहत है या इसमें राजनीति भी है। अगर राजनीति नहीं होती तो क्या यह खबर है? इसे समझने के लिए यह जानना होगा कि हाईकोर्ट में अपील या मांग किसने की थी। इसके अलावा आज यह खबर पहले पन्ने पर प्रमुखता से है तो यूं ही नहीं है। मैंने कल यहां बताया था कि सीजेपी के सौरव दास को विदेश जाने से रोक दिया गया तो टाइम्स ऑफ इंडिया जैसे अखबार ने सरकार के किसी स्पष्टीकरण के बिना अनाम अधिकारी के हवाले से सरकारी कानून और नियमों के ज्ञान का प्रचार किया था। बीट रिपोर्टर और उप संपादकों की उदारता और आदर्शवाद में ऐसा हो तो सामान्य माना जा सकता है। माना ही जाता है लेकिन मुझे लग रहा है कि अब ऐसी खबरों को हेडलाइन मैनेजमेंट और उसके प्रभाव के रूप में भी देखने, समझने और बताने की जरूरत है। उदाहरण के लिए सौरव दास का मामला जब गर्म हो रहा है तब विदेश मंत्रालय ने इसपर कुछ कहा है जो आज छपा है। जहां तक विपक्ष के नेता की संपत्ति और उसके आय के ज्ञात स्रोत से ज्यादा होने का आरोप, आकाशवाणी या सपना है, मुकदमा उसी का स्वीकार किया जाना चाहिए जो राहुल गांधी की आय, व्यय, पुश्तैनी संपत्ति आदि से वाकिफ हो। देश में इसके लिए सरकारी विभाग और बाबू हैं। न भी हों तो कोई किसी के खिलाफ मुकदमा क्यों दायर करे और उसपर सरकारी समय-संसाधन क्यों लगे?
इस संबंध में नियम-कानून होगा ही लेकिन आज छपी खबर के अनुसार, हाईकोर्ट ने यह आदेश भाजपा कार्यकर्ता विग्नेश शिशिर की याचिका पर दिया है। मेरा सवाल है कि भाजपा कार्यकर्ता ने कोर्ट में याचिका क्यों लगाई, भाजपा से ही अपील क्यों नहीं की? सरकार ने अरविन्द केजरीवाल के खिलाफ ईडी-सीबीआई को लगाया लेकिन राहुल गांधी के खिलाफ मामला भाजपा कार्यकर्ता दायर करता है। ऐसा ही मामला राहुल गांधी की नागरिकता को लेकर था। नागरिकता का फैसला सरकार का काम है। उसी के नाम पर एसआईआर की नौटंकी चल रही है। इतना सारा ड्रामा हो चुका लेकिन राहुल गांधी की नागरिकता के लिए कोर्ट में अपील थी। अब यह अपील भी भाजपा कार्यकर्ता की है। आज द टेलीग्राफ में खबर है कि पश्चिम बंगाल में एक बच्चे का जन्म प्रमाणपत्र नहीं बना क्योंकि उसके पिता का नाम एसआईआर के दौरान मतदाता सूची से कट गया था। दूसरी ओर, राहुल गांधी का। समझना मुश्किल नहीं है कि ऐसे मामले क्यों दायर किए जाते हैं। राहुल गांधी ने हाल में कहा भी था कि उनके खिलाफ मानहानि के करीब 45 मामले हैं और अब वे वोट चोरी व विदेशी सहायता आदि के आरोप लगाते हैं तो कोई मुकदमा नहीं हो रहा है। जाहिर है, भारतीय राजनीति में मुकदमों से विरोधी को परेशान करने के मामले हो सकते हैं। मीडिया का काम है कि ऐसे मामलों पर प्रकाश डाले लेकिन वह इनकी खबर राजनीतिक नफा-नुकसान के हिसाब से छापता है।
इन दिनों चुनाव आयोग के यू-टर्न की चर्चा है। चुनाव चोरी से संबंधित अपनी शिकायतों में राहुल गांधी ने कहा था कि आयोग सर्चेबल वोटर लिस्ट नहीं दे रहा है। अब खबर है कि रांची, झारखंड के छात्र और एथिकल हैकर सार्थक सिद्धांत ने उत्तर प्रदेश की मतदाता सूचियों को डिजिटल व खोजने योग्य (searchable) डेटाबेस में बदलने के दावे किए हैं और इस कारण चर्चा में हैं। उन्हें 2026 में टाइम 100 नेक्स्ट इंडिया सूची में भी शामिल किया गया है। सार्थक ने अपनी टीम के साथ ओसीआर तकनीक का उपयोग करके उत्तर प्रदेश की करीब 6.8 लाख मतदाता सूची की पीडीएफ फाइलों को सर्च करने योग्य डिजिटल डेटाबेस में बदलने का दावा किया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसमें एसआईआर से जुड़ी सूचियों और 2027 की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट के दस्तावेजों को प्रोसेस कर उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों के हिसाब से व्यवस्थित किया गया है। इसके बाद चुनाव आयोग सर्चेबल डेटा नहीं देने के अपने निर्णय का क्या करेगा और कुछ नहीं करेगा तो क्या कुछ संभव है – पर एक अच्छी खबर हो सकती है। क्या आपको कहीं दिखी?
यही नहीं, दि इंडियन एक्सप्रेस में आज उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा का इंटरव्यू है। शीर्षक वही है जो वे पहले कह चुके हैं। असल में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि एसआईआर के दौरान हटाये गए वोटर हिन्दू हैं। कहने की जरूरत नहीं है कि मतदाता सूची से उन्हें हटाया गया है जो भाजपा विरोधी हो सकते हैं। मुसलमानों के साथ इनमें हिन्दुओं को होना ही है। उत्तर प्रदेश में भाजपा के मुख्यमंत्री और वैसे भी योगी आदित्यनाथ कह रहे हैं कि हिन्दू हटा दिए गए तो भाजपा आलाकमान यानी गुजराती जोड़ी का परेशान होना स्वाभाविक है। उत्तर प्रदेश में भाजपा की राजनीति और राज्यों से अलग है और सीईओ का यह दावा पुरानी स्थिति में भले सही हो पर डाटा जांच कर तो उसकी पुष्टि (या इनकार) तो हो ही सकता था। इसलिए यह शीर्षक भाजपाई प्रचार के अलावा कुछ नहीं है। अब जब डाटा सर्चेबल है तो संभव है मामला अलग रूप लेगा।
जहां तक अदालती मुकदमों से परेशान और बदनाम करने का मामला है, बलात्कारियों की सजा तो कम होती ही रही है हाल में गोधरा कांड के अभियुक्त की सजा भी निलंबित की गई है। गोधरा कांड और मारे गए लोगों के शव के साथ जो सब जैसे किया गया उसी से गुजरात में दंगा हुआ था जिससे देश की राजनीति बदल गई। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एक इंटरव्यू में कहा था कि सीबीआई का समन मिलने के अगले ही दिन उन्होंने इस्तीफा दे दिया था और बाद में उनकी गिरफ्तारी हुई। उनके अनुसार, जमानत मिलने के बाद भी उन्होंने दोबारा गृह मंत्री या किसी संवैधानिक पद की शपथ तब तक नहीं ली, जब तक उनके खिलाफ सभी आरोप पूरी तरह खारिज नहीं हो गए और अदालत का फैसला नहीं आ गया। दूसरी ओर, अंदेशा है कि भाजपा के लोग राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमे करवाते रहते हैं। आम आदमी पार्टी और उसके नेता अरविन्द केजरीवाल के खिलाफ मामला और न्यायमूर्ति के बेटे को सीबीआई से ही लाभ मिलने पर सीबीआई के पक्ष में काम करने के कम से कम दो मामले तो सार्वजनिक हैं ही।
इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच ने 17 अप्रैल 2026 को कर्नाटक के भाजपा कार्यकर्ता एस. विग्नेश शिशिर की याचिका पर सुनवाई करते हुए राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया था। इससे पहले 28 जनवरी 2026 को लखनऊ की विशेष एमपी/एमएलए अदालत ने याचिका खारिज कर दी थी। हाई कोर्ट के जज ने एफआईआर का आदेश दिया था, लेकिन बाद में उस आदेश पर रोक लगाते हुए खुद को सुनवाई से अलग कर लिया था। राहुल गांधी विपक्ष के नेता के रूप में संवैधानिक पद पर हैं। संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं और संविधान की रक्षा करने की शपथ लेकर पद पर बैठे लोगों के रहते विपक्ष के नेता के खिलाफ मुकदमे तो हैं लेकिन चुनाव आयोग के तमाम घपलों – घोटालों के बावजूद किसी शिकायत कार्रवाई की खबर नहीं है। संविधान दिवस पर सरकार की घेराबंदी को लेकर एक खबर देशबन्धु में पांच कॉलम में है। यह खबर दूसरे अखबारों में इतनी प्रमुखता से नहीं है।
एक तरफ तो संवैधानिक पद पर बैठे विपक्ष के नेता के खिलाफ अदालतों में कार्रवाई चल रही है दूसरी ओर, धार्मिक मामले भी सुप्रीम कोर्ट में कम नहीं होते हैं। मुझे लगता है कि सरकार की धार्मिक सक्रियता या निष्क्रियता के कारण भी मामले अदालत में पहुंचते हैं जबकि धार्मिक मामले धर्म के लोगों को ही निपटाने देना चाहिए। आज छपी खबर के अनुसार, पारंपरिक दीप चलाने की कार्रवाई में भी सुप्रीम कोर्ट को हस्तक्षेप करना पड़ रहा है। खबर के अनुसार, ‘दीपा मंडपम’ में सदियों से पारंपरिक कार्तिगई दीपम जलाया जाता रहा है। हिंदू पक्षों ने पहाड़ी की चोटी पर स्थित हजरत सुल्तान सिकंदर बादशाह औलिया दरगाह के पास बने एक प्राचीन पत्थर के स्तंभ ‘दीपाथून’ पर भी दीप जलाने की अनुमति मांगी थी। दरगाह कमेटी और राज्य सरकार ने इसका विरोध करते हुए इसे सर्वे का खंभा और संवेदनशील इलाका बताया। मद्रास हाई कोर्ट ने दीपाथून पर दीप जलाने की अनुमति दे दी थी। इसके बाद 20 नवंबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट के फैसले पर रोक लगाते हुए, एक बार की अंतरिम व्यवस्था के तौर पर 24 नवंबर 2026 को देवस्थानम (मंदिर प्रशासन) की अधिकृत टीम द्वारा दीपाथून पर दीप जलाने की अनुमति दी थी।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद 24 नवंबर को दीपाथून स्तंभ पर दीप नहीं जलाया गया और दीप केवल पुराने स्थान (दीपा मंडपम) पर ही जला। इसके खिलाफ अदालत की अवमानना की याचिकाएं दाखिल होने के बाद, मदुरै के कलेक्टर निशांत कृष्ण ने 25 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल कर बिना शर्त माफी मांगी। प्रशासन ने अपना पक्ष रखा है लेकिन मामला यही है कि हिन्दू पक्ष ने अदालत से अनुकूल आदेश लिया था। यही कोशिश राजनीतिक मामलों में भी चलती दिख रही है। अब अवमानना मामले पर कार्रवाई भी असल में हिन्दू पक्ष की ही मांग होगी या उसी का समर्थन करेगी। यह खबर आज दि इंडियन एक्सप्रेस, हिन्दुस्तान टाइम्स और टाइम्स ऑफ इंडिया में प्रमुखता से है। संविधान दिवस पर विपक्ष के कार्यक्रम की खबर नहीं है या नहीं के बराबर है।

मैं रोज चार हिन्दी और छह अंग्रेजी, कुल दस, कई बार इससे भी ज्यादा अख़बार देखकर उसकी खास बातें लिखता हूँ। अंग्रेजी की खबरों के खास अंशों का अनुवाद करता हूं। वह भी लिखता हूं जो अखबार नहीं लिखते या नहीं लिख सकते हैं। जो लिखता हूं उसमें बहुत कुछ याद से लिखा होता है। एआई का सहयोग होता है। कुछ अंग्रेजी अखबारों की खबरों का अनुवाद होता है। इसलिये भूल-चूक की आशंका है। कृपया कहीं उल्लेख करने या हवाला देने से पहले अपने स्तर पर पुष्टि कर लें।


