नीरेंद्र नागर-
दिवाली के मौक़े पर दिल्ली और आसपास के लोगों ने हवा में ज़हर घोलने का अपना धार्मिक कार्य इतनी निष्ठा, श्रद्धा और ऊर्जा के साथ किया कि POLLUTION के मामले में दिल्ली-NCR इस बार भी सारे देश में अव्वल नंबर पर रहा। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का इसमें महान योगदान है और इसके लिए उनको लख-लख बधाइयाँ।
लेकिन POLLUTION से जुड़ा एक और मामला है जिसपर एक बड़ा तीर मारा है हिंदुस्तान ने और उसके लिए उसे भी बधाई मिलनी चाहिए। ध्यान दें, हम यहाँ हिंदुस्तान यानी भारत की नहीं, हिंदुस्तान नाम के अख़बार और वेबसाइट की बात कर रहे हैं।
Pollution के लिए हिंदी में एक शब्द है प्रदूषण लेकिन आजकल मीडिया वाले प्रदूषण के साथ-साथ Pollution शब्द का भी धड़ल्ले से प्रयोग करते हैं।
हालाँकि तीन अलग-अलग रूपों में – कहीं पॉल्यूशन, कहीं पल्यूशन और कहीं पलूशन। हमेशा की तरह मीडिया में बैठे लोग अपनी इच्छा से किसी भी मनपसंद शब्द का इस्तेमाल कर लेते हैं। इसलिए आपको एक ही संस्थान की किसी ख़बर में प्रदूषण मिलेगा, किसी में पॉल्यूशन और किसी में पल्यूशन।
आज की शब्दचर्चा 55 में हम यही जानेंगे कि POLLUTION का सही उच्चारण क्या है और क्यों है?
POLLUTION का सही उच्चारण है पलूशन। जी हाँ, यह वह उच्चारण है जो आपको किसी भी ढंग के शब्दकोश में दिखेगा और मुझे हिंदुस्तान की कुछ ख़बरों में दिखा। वैसे तो हिंदुस्तान की कई ख़बरों में मुझे पॉल्यूशन और पल्यूशन भी दिखे, लेकिन यह ख़ुशी की बात है कि कम-से-कम कुछ कॉपी
एडिटर तो हैं हिंदुस्तान में जो किसी शब्द का सही उच्चारण खोजते हैं और उसका प्रयोग करते हैं।
हिंदुस्तान के इन कॉपी एडिटरों के अलावा बाक़ी मीडिया में अधिकतर पॉल्यूशन ही चल रहा है। इसलिए चल रहा है कि हमारे देश में आम धारणा है कि O का उच्चारण हमेशा ‘ऑ’ या ‘ओ’ ही होता है। हैरत की बात है कि लोग Son, Brother, Mother और Love जैसे बोलचाल के शब्दों को भूल जाते हैं जिनमें O का उच्चारण ‘अ’ होता है।
यह सही है कि कुछ लोग पल्यूशन का प्रयोग भी करते हैं यानी PO का उच्चारण ‘प’ ही लिखते हैं, ‘पॉ’ नहीं। मगर ‘ऊ’ और ‘यू’ के मामले में वे भी गच्चा खा जाते हैं हालाँकि ‘ऊ’ और ‘यू’ का एक इतना आसान नियम है कि अगर कोई उसे ठीक से समझ जाए तो U के उच्चारण पर कभी धोखा न खाए।
नियम यह कि अगर किसी शब्द में U से पहले इन पाँच में से कोई एक ध्वनि हो – ज, श, ल, च और र – तो U का उच्चारण ‘ऊ’ होगा, वरना ‘यू’ होगा।
जैसे JUTE=जूट, PARACHUTE=पैर्अशूट, FLUTE=फ़्लूट, FORTUNE=फॉर्चून, RUDE=रूड।
आपने देखा, इन पाँचों शब्दों में U से पहले ज, श, ल, च और र में से कोई एक ध्वनि थी और सबमें U का उच्चारण ‘ऊ’ हुआ है। POLLUTION में भी U से पहले ‘ल’ की ध्वनि है, इसीलिए यहाँ भी U का उच्चारण ‘ऊ’ ही होगा, ‘यू’ नहीं। बोला जाएगा – पलूशन।
इन पाँच ध्वनियों को याद रखने का तरीक़ा है – जोशीले चार जिसमें वे पाँचों ध्वनियाँ हैं – ज, श, ल, च और र।
पिछली शब्दचर्चा….
शब्दचर्चा (54) : क्या दीपावली सही है और दिवाली या दीवाली ग़लत हैं?


