केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्रालय के आदेश पर यूट्यूब ने ऑस्ट्रेलियाई ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (ABC) की एक डॉक्यूमेंट्री को भारत में ब्लॉक कर दिया है. इंफिल्ट्रेटिंग ऑस्ट्रेलिया- इंडियाज सीक्रेट वॉर नाम की यह डॉक्यूमेंट्री एबीसी न्यूज के शो फॉर कार्नर का हिस्सा है.
एबीसी की इस डॉक्यूमेंट्री के अनुसार मोदी सरकार के निशाने पर ज्यादातर वो सिख समुदाय के लोग हैं जो अलगाववादी खालिस्तानी आंदोलन के लिए काम कर रहे हैं और मोदी सरकार के आलोचक हैं.
बताया जा रहा है कि डॉक्यूमेंट्री को 17 जून को यूट्यूब पर अपलोड किया गया था तब से सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के आदेश पर जियो-ब्लॉक थी. यूट्यूब ने डॉक्यूमेंट्री को लेकर एबीसी न्यूज को एक नोटिस भी भेजा है. नोटिस में भारत के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा आईटी एक्ट के तहत मिले गोपनीय आदेश का जिक्र किए जाने की बात सामने आई है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एबीसी न्यूज ने यूट्यूब के दिए विकल्प नहीं माने जिसके बाद 27 जुलाई (11-59 ऑस्ट्रेलियाई समय) को डॉक्यूमेंट्री ब्लॉक कर दी गई.
एबीसी के निदेशक स्टीवंस ने अपने बयान में कहा है, “इस साल में यह दूसरी बार है जब भारत ने एबीसी की जनहित पत्रकारिता को अपने यहां यूट्यूब से हटाने का निर्देश जारी किया है. पिछली बार एक विदेशी संवाददाता की रिपोर्ट को लेकर ये आदेश जारी किया था. लेकिन यह हमें जनहित में किसी भी और सभी मुद्दों की रिपोर्ट करने से नहीं रोक सकता.”
गौरतलब है कि मार्च में यूट्यूब ने सिख कार्यकर्ता हरदीप निज्जर की हत्या मामले को लेकर बनी एक डॉक्यूमेंट्री एपिसोड को इसी तरह ब्लॉक कर दिया था, जिसमें मोदी सरकार की कथित भूमिका बताई गई थी. इससे पहले मोदी सरकार ने BBC की एक डॉक्यूमेंट्री पर 26 मई 2023 को पाबंदी लगवाई थी.
यह डॉक्यूमेंट्री प्रधानमंत्री मोदी के शुरुआती राजनीतिक करियर और गुजरात दंगों की पड़ताल पर आधारित थी. 21 जनवरी, 2023 को केंद्र सरकार ने डॉक्यूमेंट्री तक पहुंच साझा करने वाले ट्वीट और लिंक को ब्लॉक करने के निर्देश जारी कर दिए थे.


