
महराजगंज। चौक थाना क्षेत्र के एक गांव से मंगलवार को सनसनी फैलाने देने वाली खबर संज्ञान में आई है। यहां पर रात में अमर उजाला अखबार के एक पत्रकार ने गोलबंद होकर भाजपा मंडल मंत्री और सामाजिक कार्यकर्ता के घर पर धावा बोल दी। इतना ही नहीं यह भी आरोप है कि पत्रकार ने सरेआम लाइसेंसी पिस्टल लहराते हुए पीड़ित को जानमाल की भी धमकी दी है। मामले में वारदात के बाद सहमे पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच पड़ताल में जुट गई है।
चौक थाना क्षेत्र के गांव सेखुई निवासी अभिषेक मिश्र ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया हैं कि वह भारतीय जनता पार्टी के मिठौरा मंडल का मंडल मंत्री के साथ ही एक सामाजिक कार्यकर्ता भी है। इन्होंने आगे कहा हैं कि बीते दिनों ग्रामीणों की ओर से गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय द्वितीय में शिक्षकों की लगातार अनुपस्थिति और पढ़ाई न होने की शिकायत मिल रही थी। ऐसे में उन्होंने इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से कराया था।
पीड़ित का आरोप है कि शिकायत से विद्यालय में तैनात शिक्षामित्र जो अमर उजाला अखबार में मिठौरा हेड से पत्रकार है वह आक्रोशित हो उठा। उसके बाद पत्रकार कुछ अन्य शिक्षकों के साथ गोलबंद होकर छह जुलाई की रात करीब साढ़े दस बजे लाठी डंडों के साथ अचानक घर पर धावा बोल दी। अभी वह कुछ समझ पाते कि वह लोग अपशब्दों का प्रयोग करते हुए घर के घुसने की कोशिश करने लगे।
आरोप है कि पत्रकार अपनी लाइसेंसी पिस्टल को लहराते हुए पूरे परिवार को जानमाल की धमकी देने लगा। पीड़ित का यह भी आरोप है कि कथित पत्रकार इतने तक ही नहीं बल्कि यहां तक धमकी दे डाली कि मैं स्कूल पढ़ने जाऊं या नहीं जाऊं, अगर तुम कही भी शिकायत करोगे तो गाड़ी से कुचलकर मार डालेंगे। मैं पत्रकार हूं मेरा कोई कुछ बिगाड़ नहीं पाएगा।
इस पूरी वारदात से पीड़ित परिवार काफी डरा और सहमा हुआ है। मामले में पीड़ित ने पुलिस को शिकायती पत्र अपनी सुरक्षा के साथ हमलावरों पर कार्रवाई करने के लिए गुहार लगाई है। इस संबंध में चौक थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष पटेल ने बताया है कि मामले में दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।



