कानपुर/लखनऊ। तीन दशक से अधिक का अनुभव रखने वाले वरिष्ठ पत्रकार आलोक अग्रवाल अब डिजिटल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म भारत टाइम्स से बतौर कानपुर ब्यूरो चीफ जुड़ गए हैं। भड़ास4मीडिया से बातचीत में उन्होंने दीनार टाइम्स में अपने कार्यकाल को “जबरदस्त मानसिक प्रताड़ना” वाला बताया और कहा कि इसी वजह से उन्होंने संस्थान छोड़ने का फैसला लिया।
आलोक अग्रवाल ने अपनी पत्रकारिता की शुरुआत 1 अगस्त 1989 को दैनिक स्वतंत्र भारत से ट्रेनी सब एडिटर के रूप में की थी। स्वतंत्र भारत के कानपुर और लखनऊ संस्करणों में वे करीब 7 साल तक सब एडिटर रहे। इसके बाद उन्होंने क्रमश: दैनिक जागरण कानपुर, अमर उजाला कानपुर में स्टाफ रिपोर्टर/सब एडिटर के तौर पर काम किया।
इसके बाद उनका सफ़र इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया तक फैला—
- A2Z न्यूज़ में चीफ रिपोर्टर
- सहारा समय
- मसावात जदीद
- एनडीटीवी इमेजिन
- और लगभग चार साल दीनार टाइम्स में समाचार संपादक व प्रमुख संवाददाता
दीनार टाइम्स में अपने अनुभव को लेकर उन्होंने स्पष्ट कहा कि वहां लगातार मानसिक उत्पीड़न और असहज माहौल से वे परेशान थे। उनकी मानें तो काम करने के माहौल में सुधार की जगह दबाव और अपमान की स्थिति बढ़ती चली गई, जिसके चलते उन्होंने संस्थान छोड़ना ही उचित समझा।
अब भारत टाइम्स से जुड़कर वे फिर से मैदानी पत्रकारिता की मुख्य धारा में सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए प्लेटफ़ॉर्म पर उन्हें बेहतर माहौल और अपने अनुभव का उपयोग कर समाज के लिए सार्थक पत्रकारिता करने का अवसर मिलेगा।
नोएडा | TV9 में वरिष्ठ पत्रकार जैकब मैथ्यू का प्रमोशन किये जाने की खबर है। उन्हें नेटवर्क कोऑर्डिनेटिंग एडिटर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जैकब मैथ्यू मीडिया उद्योग में तीन दशक से अधिक का अनुभव रखते हैं। इस दौरान उन्होंने Dunia Vision (फ्रेंच टीवी), ANI-Reuters, CNN, India TV, News24 और TV9 News Network जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों में काम किया है।
उन्होंने अक्टूबर 2022 में TV9 डिजिटल से कॉर्डिनेटिंग एडिटर के रूप में अपनी पारी शुरू की थी। TV9 से पहले वह News24 (BAG Network) में वाइस प्रेज़िडेंट के पद पर कार्यरत थे।


