Connect with us

Hi, what are you looking for?

सुख-दुख

न जानने और न पहचानने में अंतर होता है! अमृता प्रीतम से रवीश कुमार तक

1985 में अमृता प्रीतम ने भवानी प्रसाद मिश्र के निधन पर पूछा था ‘कौन भवानी?’ अब छठ घाट पर रवीश कुमार ने इंडियन एक्सप्रेस के पुराने पत्रकार शिवनाथ झा से पूछा ‘आप कौन हैं?’ वरिष्ठ पत्रकार संजय सिन्हा ने दोनों प्रसंगों के जरिए न जानने और न पहचानने का फर्क समझाया है।

छठ पूजा में कैमरे से तस्वीरें लेते वरिष्ठ पत्रकार शिवनाथ झा

संजय सिन्हा-

पंडित भवानी प्रसाद मिश्र नहीं रहे थे। तब टीवी नहीं था कि कैमरा लेकर रिपोर्टर किसी के घर पहुंच जाए और निधन पर प्रतिक्रिया लेने लगे।

भवानी प्रसाद मिश्र हिंदी के बहुत प्रसिद्ध कवि और गांधीवादी विचारक थे। उनकी कविताएं स्कूलों में पढ़ाई जाती थीं। साहित्य में उनका अपना एक बड़ा स्थान था।

उन दिनों अखबारों में किसी बड़े साहित्यकार, फिल्मकार या नेता के निधन पर उनके समकालीन लोगों और उस विधा से जुड़े दूसरे लोगों की प्रतिक्रियाएं छापने की परंपरा थी। अखबार का साहित्य संवाददाता सोचता था कि देश के मौजूदा साहित्यकारों से शोक संदेश लिया जाए और उन्हें अखबार में प्रकाशित किया जाए।

‘जनसत्ता’ के साहित्य संवाददाता सुरेश शर्मा ने उस सुबह कई साहित्यकारों को फोन किया। उनमें एक नाम था अमृता प्रीतम का।

सुरेश शर्मा ने फोन पर बताया कि पंडित भवानी प्रसाद मिश्र नहीं रहे। आपकी प्रतिक्रिया चाहिए थी।

अमृता प्रीतम ने पूछा, “कौन पंडित भवानी प्रसाद मिश्र? मैं तो उन्हें जानती ही नहीं।”

अब सोचिए, इतनी बड़ी साहित्यकार, देश की जानी-मानी लेखिका और भवानी प्रसाद मिश्र के निधन की खबर सुनकर उनका पहला सवाल था, “कौन भवानी प्रसाद मिश्र?”

बात खत्म।

रिपोर्टर ने अपना काम किया। पूरी रिपोर्ट तैयार की और उसमें लिखा कि देश की जानी-मानी लेखिका अमृता प्रीतम, जो दिल्ली में ही रहती थीं, देश के जाने-माने कवि पंडित भवानी प्रसाद मिश्र को नहीं जानतीं।

खबर ‘जनसत्ता’ में छपी। अखबार के प्रधान संपादक प्रभाष जोशी ने इस प्रसंग पर पूरा संपादकीय लिख दिया। अमृता प्रीतम भवानी प्रसाद मिश्र को नहीं जानती थीं!

खबर छपी और साहित्य जगत में खूब चर्चा हुई।

तब संजय सिन्हा जनसत्ता में नौकरी करने दिल्ली नहीं आए थे। पढ़ाई कर रहे थे। भविष्य में ‘जनसत्ता’ में नौकरी करने जाने वाले थे। लेकिन बतौर पाठक उन्होंने जब यह खबर पढ़ी तो ‘जनसत्ता’ के संपादकीय पृष्ठ पर छपने वाले चौपाल कॉलम में चिट्ठी लिखी।

“अमृता प्रीतम जी, आपसे यह उम्मीद न थी। भवानी बाबू को देश का बच्चा-बच्चा न भी सही, पर समाज का पढ़ा-लिखा और जागरूक आदमी तो जानता ही था। ऐसे में आप कैसे कह सकती हैं कि कौन भवानी प्रसाद?”

बात 20 फरवरी 1985 की है। उसी दिन भवानी प्रसाद मिश्र का निधन हुआ था और अमृता प्रीतम की प्रतिक्रिया वाली खबर 21 फरवरी 1985 के अखबार में छपी थी।

मैं हैरान था। एक किशोर, जिसकी मूंछें अभी उगनी शुरू हुई थीं, वह पटना, भोपाल में बैठ कर भवानी प्रसाद मिश्र को जानता था और दिल्ली में रह रहीं इतनी बड़ी साहित्यकार अमृता प्रीतम पूछ रही थीं, “कौन भवानी?”

अब आपके मन में सवाल उठेगा कि संजय सिन्हा को अचानक चालीस साल पुरानी बात याद क्यों आ रही है?

कल मैं रवीश कुमार की एक पोस्ट पढ़ रहा था।

वह छठ पूजा देखने गए थे। वहां उनकी नजर एक ऐसे व्यक्ति पर पड़ी, जो धोती-कुर्ता पहने हुए थे और गले में कैमरा लटकाए थे। रवीश ने लिखा कि उनकी दिलचस्पी इस बात में जागी कि आखिर यह शख्स कौन है? मोबाइल से फोटो खींचने के दौर में इतने बड़े लेंस वाला कैमरा लेकर धोती-कुर्ता पहने यह व्यक्ति कौन है?

रवीश उस शख्स के पीछे हो लिए।

फिर घाट के शोर में उन्होंने उनसे पूछ ही लिया, “भाई आप कौन हैं?”

उस व्यक्ति ने बताया कि मैं शिवनाथ झा हूं। तीस साल पहले इंडियन एक्सप्रेस अखबार में पत्रकार था।

बस इतनी सी बात।

मैं रवीश की पोस्ट पढ़ते हुए हैरान था। रवीश दिल्ली में रहकर, पत्रकार होते हुए शिवनाथ झा को नहीं जानते?

क्यों? क्या उन्होंने उनकी रिपोर्ट नहीं पढ़ी थीं? या इसलिए कि उनकी पहचान नहीं बनी, क्योंकि वह सेलिब्रिटी टीवी पत्रकार नहीं रहे?

(वैसे बता दूं कि शिवनाथ झा अपने समय के वो पत्रकार रहे हैं, जिनकी रिपोर्ट मैंने सिर्फ इंडियन एक्सप्रेस ही नहीं, कई अखबारों में पढ़ी है। उनकी कई रिपोर्ट ने अपने दौर में तूफान भी खड़ा किया है।)

शिवनाथ खांटी पत्रकार रहे हैं। आधुनिकता और परंपरा को एक साथ जीने वाले। सिर्फ पत्रकार नहीं, शानदार लेखक भी। मशहूर शहनाई वादक बिस्मिल्ला खां पर उनकी लिखी किताब ‘Monograph on Shehnai Maestro Bismillah Khan’ अपने आप में एक शोध ग्रंथ है।

मैं मान सकता हूं कि कोई आम आदमी शिवनाथ झा को न पहचाने। अखबार के संवाददाता को अक्सर उसके नाम से पहचान मिलती है, चेहरे से नहीं। अखबार के संवाददाता कैमरे के सामने टेलीप्रॉम्प्टर पर दूसरे का लिखा पढ़कर हीरो नहीं बनते। उनकी पहचान उनकी कलम होती है। वे खुद लिखते हैं और अपनी मेहनत का फल खाते हैं।

टीवी के बहुत से एंकर पत्रकार तो दूसरे का लिखा पढ़ते हैं।

रवीश कुमार खुद बहुत शानदार पत्रकार हैं। वह बहुत बढ़िया लिखते हैं, बढ़िया पढ़ते हैं और उनकी सोच में साफगोई है।

मैं यह मानने को तैयार हूं कि वह शिवनाथ झा को नहीं पहचानते होंगे। हालांकि जिन दिनों मैं ‘जनसत्ता’ में नौकरी करता था, शिवनाथ झा वहां थे। उन दिनों रवीश कुमार भी ‘जनसत्ता’ में बतौर फ्रीलांस जर्नलिस्ट लेख लिखते थे।

मैं यह भी मानता हूं कि बाल गंगाधर तिलक जैसी मूंछों वाले शिवनाथ झा को देखकर रवीश के मन में सहज जिज्ञासा हुई होगी कि आखिर यह शख्स कौन है, धोती-कुर्ता और गले में बड़े से पारंपरिक लेंस वाले कैमरे के साथ। वो उनसे प्रभावित हुए और उन्होंने छठ के घाट पर उनका पीछा किया और बाद में पूछ भी लिया कि आप कौन हैं?

लेकिन जब शिवनाथ झा ने अपना परिचय दिया कि वह तीस साल पहले इंडियन एक्सप्रेस में पत्रकार थे, तो मुझे उम्मीद थी कि रवीश आगे लिखते, “अरे, आप वही शिवनाथ झा हैं, जिनकी रिपोर्ट्स मैं पढ़ा करता था! आप वही हैं, जिनकी बिस्मिल्ला खां पर लिखी किताब को दुनिया एक महत्वपूर्ण शोध ग्रंथ की तरह सहेजकर रखती है और पढ़ती है!”

लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ।

और यहीं से मेरे मन में वह पुरानी घटना लौट आई।

अमृता प्रीतम का भवानी प्रसाद मिश्र को न जानना और रवीश कुमार का शिवनाथ झा को न पहचानना, दोनों घटनाओं में एक फर्क है। लेकिन दोनों घटनाएं एक सवाल जरूर छोड़ जाती हैं।

न जानने और न पहचानने में अंतर होता है।

अमृता भवानी प्रसाद मिश्र को जानती ही नहीं थीं। पटना और भोपाल में रहने वाला मुझ जैसा किशोर अमृता और भवानी, दोनों को जानता था।

यह ज्ञान और पहचान का सवाल भी है। यह अपने समय के साहित्य और पत्रकारिता से जुड़े लोगों को जानने की उत्सुकता का सवाल भी है।

छोड़िए इन बातों को। इन बातों में कुछ नहीं रखा।

संजय सिन्हा शिवनाथ को भी जानते हैं और रवीश को भी। दोनों लेखनी के धनी हैं। दोनों के अपने उसूल हैं। दोनों ने अपने-अपने समय में अपने हिस्से की बेहतरीन पत्रकारिता की है।

शिवनाथ झा अलग विधा के पत्रकार रहे हैं और रवीश अलग विधा के।

दोनों कमाल हैं। दोनों को मेरा नमन है।

चलते-चलते आपके लिए पेश है पंडित भवानी प्रसाद मिश्र की एक कविता।

चार कौए
————
बहुत नहीं सिर्फ चार कौए थे काले
उन्होंने यह तय किया कि सारे उड़नेवाले
उनके ढंग से उड़ें, रुकें, खाएं और गाएं
वे जिसको त्यौहार कहें, सब उसे मनाएं

कभी-कभी जादू हो जाता दुनिया में
दुनिया भर के गुण दिखते हैं औगुनिया में
ये औगुनिए चार बड़े सरताज हो गए
इनके नौकर चील, गरुड़ और बाज हो गए

हंस, मोर, चातक, गौरैयें किस गिनती में
हाथ बांधकर खड़े हो गए सब विनती में
हुक्म हुआ, चातक पंछी रट नहीं लगाएं
पिऊ पिऊ को छोड़ें, कौए कौए गाएं

बीस तरह के काम दे दिए गौरैयों को
खाना पीना, मौज उड़ाना छुटभैयों को
कौओं की ऐसी बन आई पांचों घी में
बड़े बड़े मंसूबे आए उनके जी में

उड़ने तक के नियम बदलकर ऐसे ढाले
उड़नेवाले सिर्फ रह गए बैठे ठाले

आगे क्या कुछ हुआ, सुनाना बहुत कठिन है
यह दिन कवि का नहीं, चार कौओं का दिन है
उत्सुकता जग जाए तो मेरे घर आ जाना
लंबा किस्सा थोड़े में किस तरह सुनाना?


वरिष्ठ पत्रकार संजय सिन्हा

संजय सिन्हा वरिष्ठ पत्रकार हैं।


संबंधित खबर…

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास