नई दिल्ली | भारत के सबसे महत्वपूर्ण त्योहार दीपावली पर कार कंपनियों को तगड़ा झटका लगा है. रिकार्ड तोड़ बिक्री और कमाई वाले फेस्टिवल ने इस बार कार निर्माता कंपनियों की नींद उड़ा दी है. क्योंकि इस दिवाली उम्मीद के मुताबिक कारों की बिक्री नहीं हुई है.
फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर एसोसिएशन (FADA) ने एक चौंकाने वाली रिपोर्ट जारी की है. रिपोर्ट में बताया गया है कि 2024 के मई महीने से कारों की बिक्री में गिरावट देखने को मिल रही है. कंपनियों को दिवाली में रिकॉर्ड बिक्री की उम्मीद थी. जिससे बीते महीनों की भरपाई होने की उम्मीद थी.

इसके लिए ऑटोमोबाइल कंपनियों ने ज्यादा कारों का उत्पादन भी किया था. लेकिन बताया जा रहा है कि अनुमान के मुताबिक बिक्री नहीं हुई. रिपोर्ट बताती है कि 7.90 लाख कारों की बिक्री ही नहीं हुई.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कारों की बिक्री में 18.18 प्रतिशत की गिरावट आई है. यह गिरावट 10 लाख रुपये से कम कीमत वाली कारों की बिक्री में आई है.
आंकड़ों की माने तो इस तरह की गिरावट कोविड के दौरान दर्ज की गई थी. हालांकि उस वक्त 10 से 25 लाख रुपये कीमत वाली कारों की बिक्री से थोड़ी राहत जरूर मिली थी, लेकिन इस बार इस सेगमेंट की कारों की मांग भी घटी है.
कारों की बिक्री में इस गिरावट के कुछ कारण भी सामने आए हैं. जिसमें, नौकरी और उद्योग में बढ़ती चिंता, वैश्विक आर्थिक मंदी, मध्य पूर्व समेत कुछ देशों में युद्ध के कारण मची उथल-पुथल जैसे कारण गिनाए गए हैं. इसके अलावा कई लोग अपनी नौकरी खो रहे हैं या फिर भारी दबाव में काम कर रहे हैं. एआई (आर्टीफिशियल इंटेलिजेंस) समेत तकनीक के विकास से नौकरियों का दायरा सीमित होता जा रहा है. वहीं, उद्योग क्षेत्र की चुनौतियां विपरीत असर भी डाल रही हैं.
इसके अलावा, मुख्य रूप से मौसम में आए बदलाव भी एक कारण हैं. भारी बारिश, भूस्खलन, बाढ़, गर्मी के मौसम में असहनीय गर्मी जैसी असामान्य मौसमी परिस्थितियों के कारण लोग कार खरीदने से हिचकिचा रहे हैं, ऐसी बातें सुनने को मिल रही हैं. इसके अलावा, जब नई-नई कारें लॉन्च होती हैं, तो पुराने मॉडल, पिछले साल लॉन्च हुई कारों की मांग कम हो जाती है, ऐसी रिपोर्ट्स हैं.



