लंदन | बीबीसी न्यूज़ ने अपने संगठनात्मक ढांचे में बड़े बदलाव की घोषणा की है, जिसके तहत “बीबीसी न्यूज़ ग्रोथ, इनोवेशन और एआई” नाम से एक नया विभाग बनाया जा रहा है। इस विभाग का मुख्य उद्देश्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से पब्लिक को ज्यादा व्यक्तिगत और उनकी रुचि के अनुसार न्यूज़ कंटेंट उपलब्ध कराना होगा।
द गॉर्जियन में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, बीबीसी न्यूज़ की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डेबोरा टर्नेस ने स्टाफ को भेजे गए एक नोट में कहा कि बदलते डिजिटल दौर में समाचार उपभोक्ताओं की जरूरतों को समझना और उनकी पसंद के अनुसार सामग्री तैयार करना बेहद जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा, “हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हमारी पत्रकारिता अधिकतम दर्शकों तक पहुंचे, चाहे वे किसी भी प्लेटफॉर्म पर हों।”
युवाओं पर रहेगा विशेष फोकस
यह नया विभाग खासतौर पर 25 साल से कम उम्र के दर्शकों को ध्यान में रखकर काम करेगा, क्योंकि यह आयु वर्ग अब मुख्य रूप से स्मार्टफोन और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे टिकटॉक के जरिए समाचार देखता है।
बीबीसी का कहना है कि AI का उपयोग न्यूज़ क्यूरेशन में किया जाएगा, जिससे उपयोगकर्ताओं को उनके पिछले न्यूज़ उपभोग पैटर्न के आधार पर उनकी पसंदीदा खबरें दिखाई जा सकेंगी। इस तकनीक को सोशल मीडिया के अनुकूल बनाया जाएगा, ताकि युवा दर्शकों को उनकी पसंद के अनुसार कंटेंट मिल सके।
एआई से बढ़ेगी बीबीसी की प्रतिस्पर्धा क्षमता
टर्नेस ने कहा कि बीबीसी न्यूज़ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर तेजी से बदलते माहौल में “ग्रैविटी को चुनौती” दे रहा है। उन्होंने बताया कि बीबीसी न्यूज़ ऐप ने Apple News को पीछे छोड़ दिया है और अब यह यूके का नंबर 1 न्यूज़ ऐप बन गया है, जबकि Apple News सभी iPhones में पहले से इंस्टॉल रहता है।
AI के बढ़ते उपयोग पर चर्चा करते हुए उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि हाल ही में बीबीसी द्वारा किए गए एक अध्ययन में पाया गया कि प्रमुख एआई असिस्टेंट्स समाचारों को लेकर गलत या भ्रामक जानकारी प्रस्तुत कर सकते हैं। इसलिए बीबीसी ने यह सुनिश्चित किया है कि उसका AI प्रयोग सटीकता, निष्पक्षता और गोपनीयता जैसे संपादकीय सिद्धांतों के अनुरूप होगा।
न्यूज़ रूम में होगा बड़ा बदलाव
इस बड़े बदलाव के तहत “बीबीसी लाइव और डेली न्यूज़” नाम से एक और नया विभाग बनाया जाएगा, जो सुनिश्चित करेगा कि न्यूज़ रूम से तैयार किया गया कंटेंट सभी प्लेटफॉर्म्स— टीवी, डिजिटल और बीबीसी न्यूज़ ऐप— पर प्रभावी रूप से काम करे।
जल्द ही “ग्रोथ, इनोवेशन और एआई” विभाग के लिए एक निदेशक की नियुक्ति की जाएगी, जो बीबीसी न्यूज़ के अधिकारियों के साथ मिलकर महत्वपूर्ण निवेशों और इनोवेशन योजनाओं पर काम करेगा।



