लखनऊ से संचालित भारत समाचार न्यूज चैनल ने मायावती को लेकर एक खबर चलाई थी। शीर्षक था- “बीजेपी के साथ आ गईं मायावती, कर दिया बड़ा एलान।” यह वीडियो भारत समाचार के यूट्यूब चैनल और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर चला तो बसपाइयों तक बात पहुंची। इसके बाद यह मसला बसपा सुप्रीमों बहनजी यानी मायावती तक पहुंचाया गया। बहनजी ने आनन-फानन एक ट्वीट किया। जिसके बाद भारत समाचर को बैकफुट पर आना पड़ा और वीडियो प्राइवेट हो गया।

नीचे पढ़ें…
रवि आर्या-
बहन जी ने भारत समाचार को चेतावनी दी है भारत समाचार माफी मांगो।। आप लोग भी लिखिए इसको।
लो भाई बहन जी तक हमारी बात पहुंच गई है बहन जी ने उस चैनल वालों के मुंह पर करारा तमाचा मारा है की हमेशा से बीएसपी के खिलाफ प्रोपेगेंडा फैलाते हैं,
बहन जी बस आपसे निवेदन है एक बार इन पर कार्रवाई हो जाएगी तो यह लोग डर के बिल में छुप जाएंगे फिर ऐसी जुर्रत नहीं करेंगे, बहन जी हैं तो भरोसा है।। सभी साथी बृजेश मिश्रा और भारत समाचार को टैग कर के लिखिए, “भारत समाचार माफ़ी मांगो”
भारत समाचार ने डर के मारे वीडियो प्राइवेट कर दिया देख रहे है बहन जी का खौफ, बड़े-बड़े नेता बड़ी-बड़ी पार्टियां बहन जी से डरती है यह तो एक छोटा सा यूट्यूब चैनल है!!
आप लोग भी लिखते रहे लिखने से क्या होता है आपने देख लिया बहुजन समाज की एक मात्र मजबूत नेता बहन कुमारी मायावती जी।
मायावती-
जैसाकि सर्वविदित है कि बहुजन समाज पार्टी (बी.एस.पी.) ना तो बीजेपी के एनडीए गठबंधन के साथ है और ना ही कांग्रेस के इण्डिया समूह (गठबंधन) के साथ है, तथा, ना ही अन्य किसी और भी फ्रन्ट के साथ है, बल्कि इन दोनों व अन्य और किसी भी जातिवादी गठबंधनों से अलग अपनी ’सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ के अम्बेडकरवादी सिद्धान्त व नीति पर चलने वाली पार्टी है।
लेकिन इसके बावजूद भी ख़ासकर दलित, आदिवासी एवं अन्य पिछड़ा वर्ग विरोधी तथा इन वर्गों के प्रति जातिवादी मानसिकता रखने वाले कुछ मीडिया बी.एस.पी. की इमेज को बीच-बीच में धूमिल करने व राजनीतिक नुक़सान पहुँचाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ते हैं, जिसको लेकर पार्टी को लगातार अपने लोगों को इनसे सतर्क करते रहने की ज़रूरत पड़ती रहती है।
इस क्रम में अभी हाल में ’भारत समाचार’ ने अपने यूट्यूब चैनल में ’’बीजेपी के साथ आ गयी मायावती कर दिया बड़ा ऐलान?’’ इस शीर्षक से गलत, तथ्यहीन व विषैली ख़बर चलायी है, जबकि उसके भीतर न्यूज़ में कुछ और है।
इस प्रकार से भारत समाचार चैनल द्वारा पार्टी की इमेज को ख़ासकर चुनाव के पूर्व इस प्रकार का आघात पहुँचाने का जो यह घिनौना प्रयास किया गया है उसकी जितनी भी निन्दा व भर्त्सना की जाये, वह कम है। चैनल को इसके लिए माफी भी ज़रूर माँगनी चाहिये।
साथ ही, पार्टी के लोगों से यह विशेष आग्रह है कि वे राजनीतिक षडयंत्र के तहत् मीडिया के इस प्रकार के घिनौने हथकण्डों से हमेशा ज़रूर सावधान रहें और किसी के भी बहकावे में ना आये, क्योंकि जातिवादी तत्व अपने अम्बेडकरवादी कारवाँ को कमज़ोर करने के घिनौने षडयंत्र में हमेशा किसी ना किसी रूप में लगे रहते हैं।



