मीडिया जगत में इन दिनों कई पत्रकारों और मीडिया प्रोफेशनल्स ने अपने करियर की नई शुरुआत की है। अलग-अलग प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़े इन चेहरों ने अपने नए सफर की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की है।
सबसे पहले बात भूमि रिछारिया की, जिन्होंने RT News में मल्टीमीडिया प्रोड्यूसर के पद पर नई जिम्मेदारी संभाली है। अपने नए सफर की घोषणा करते हुए उन्होंने लिखा, “प्रभावशाली कहानियां गढ़ने, नई चुनौतियों को स्वीकार करने और एक बेहतरीन टीम के साथ आगे बढ़ने को लेकर उत्साहित हूं। इस अवसर के लिए आभारी हूं और आने वाले समय का बेसब्री से इंतजार है।”
वहीं, तकनीकी क्षेत्र से जुड़े अनुभवी प्रोफेशनल गोविंदा तारे अब इंडिया टुडे समूह का हिस्सा बन गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि उन्होंने Technical Director के रूप में नई पारी शुरू की है। मीडिया प्रोडक्शन और तकनीकी संचालन के क्षेत्र में उनकी यह नई जिम्मेदारी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
इधर, युवा पत्रकार मुस्कान राठौर ने भी अपने करियर में नई छलांग लगाई है। उन्होंने प्रतिष्ठित बिजनेस न्यूज नेटवर्क CNBC-TV18 में Journalist के तौर पर कार्यभार संभालने की जानकारी साझा करते हुए अपनी खुशी जाहिर की।
उधर, दैनिक भास्कर के साथ अपना सफर पूरा करने के बाद पत्रकार सोमेश शर्मा ने भी नए मुकाम की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। हालांकि उन्होंने अपने नए संस्थान के नाम का खुलासा नहीं किया, लेकिन सोशल मीडिया पर साझा किए गए भावुक संदेश में उन्होंने दैनिक भास्कर में बिताए समय को याद किया।
सोमेश शर्मा ने लिखा, “मेरा दैनिक भास्कर के साथ सफर पूरा हुआ। एक खूबसूरत जगह और बेहतरीन मेहनती लोगों की जमात के साथ सीखते-सिखाते यह यात्रा अगले पायदान पर कब पहुंच गई, पता ही नहीं चला। 4 जून को लॉग आउट कर मैंने एक नए चैलेंज को हां कहा। हमारे सभी प्यारे साथियों ने इस नई शुरुआत के लिए जो हिम्मत और उत्साह दिया, उसके लिए दिल से धन्यवाद। कम्यूनिटी के साथ से सब संभव है।”


