बरेली: यूपी के जनपद बरेली से एक वीडियो भड़ास को भेजा गया है। दो मिनट से ज्यादा अवधि के इस वीडियो में भारत समाचार बरेली के संवाददाता दीपक शर्मा फुल एक्शन में हैं।
बताया जा रहा है कि थाना बारादरी एरिया में एक सड़क निर्माण कार्य चल रहा था। दीपक शर्मा वहां पहुंचे तो उन्हें वाहन निकालने में कुछ अवरोध हुआ। वह अपने वाहन से उतरे और निर्माण कार्य कर रहे लोगों को गरियाना शुरू कर दिया। थोड़ी दूर खड़े एक व्यक्ति ने विरोध किया तो दीपक उससे पिल पड़े।
पकड़म पकड़ाई भी हुई। अतुल उपाध्याय नामक एक व्यक्ति ने बारादरी थाने में लिखित शिकायत करते हुए आरोप लगाया है कि शराब के नशे में दीपक ने उनसे मारपीट की है। उसकी सोने की चेन, अंगूठी व कुछ रुपये छीन लिए गये हैं।

एक स्थानीय पार्षद भी वहां पहुंचा तो दीपक शर्मा उसे भी गाली गलौज करने लगे। वीडियो में साफ सुना जा सकता है दीपक कह रहे हैं कि तुम भिखारी हो मुझसे रुपया मांगने आए थे। 15 लाख रुपया की कुछ बात भी हो रही है।
दीपक शर्मा यहीं नहीं रुकते। वह कहते हैं- अपने विधायक से जाकर बता देना…दीपक शर्मा नाम है मेरा, भारत समाचार का पत्रकार हूं। उखाड़ ले जिसको उखाड़ना हो जो कुछ मेरा।
देखें यह वीडियो और प्रकरण पर दीपक शर्मा का पक्ष क्या है वो भी नीचे पढ़ें
30 सितंबर की रात लगभग 11:30 पर मैं अपने भाई को बरेली जंक्शन छोड़कर वपास अपने घर ग्रीन पार्क जा रहा था कि पवन बिहार कालोनी के रास्ते में नगर निगम की अचानक से गाड़ी आ गयी और 7-8 लड़कों ने मेरी गाड़ी को साइड में लगवा दिया। 10 मिनट बाद जब मैंने जाने के लिए गाड़ी निकाली तो रास्ते में खड़े लड़कों ने बतमीजी शुरू कर दी। जब मैं अपनी गाड़ी से बाहर निकला तो मेरा मोबाइल छीन लिया और धक्का मुक्की करने लगे। मैं साइड में जाकर थोड़ी देर खड़ा रहा उसके बाद मौके पर बीजेपी पार्षद राजेश पटेल आ गया। उसने भी बदतमीजी से बात की। उसके बाद मैंने राजेश के नंबर से ही एसएसपी बरेली अनुराग आर्य सर और अपने जानकारों को फोन करके मौके पर बुलाया तब तक वहाँ से शराबी लड़के जा चुके थे पर मैं नगर निगम की गाड़ी और बीजेपी पार्षद को रूहेलखंड चौकी ले गया। उसके बाद पार्षद को पुलिस ने जमकर हड़काया। उक्त लोगों को मौके पर ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। उसके बाद वहां बीजेपी और संघ के लोग आ गए। उन्होंने पार्षद से मेरे पैर छुआकर माफी माँगी।
लगभग रात 3 बजे वहाँ से सब लोग वापस गए। उसके बाद जो शराबी लड़के थे वो सब माफी मांगने लगे। ये जो वीडियो है उस रात की है, में काफी गुस्से में था। ये वीडियो वहाँ मौजूद पुलिस कर्मियों ने बनाई थी। उस रात में एक आम आदमी की तरह घर जा रहा था। इस सब लोगों ने काफी बदतमीजी की जिसकी वजह से मैंने उस पार्षद और उसके गुर्गों को सबक सिखाना जरूरी समझा।


