भारत का विज्ञापन उद्योग बीते पांच वर्षों में सालाना 6–7% की औसत दर से बढ़ते हुए वित्त वर्ष 2024-25 (FY25) में 1 लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गया है। यह जानकारी क्रिसिल रेटिंग्स की ताज़ा रिपोर्ट में सामने आई है।
रिपोर्ट के अनुसार, डिजिटल विज्ञापन सबसे तेज़ी से बढ़ने वाला क्षेत्र रहा है। वित्त वर्ष 2020 (FY20) में कुल विज्ञापन खर्च में डिजिटल की हिस्सेदारी जहां 24% थी, वहीं FY25 में यह बढ़कर 45–46% तक पहुंच गई। अनुमान है कि FY26 में डिजिटल विज्ञापन में 9–11% की वृद्धि होगी, जबकि पारंपरिक मीडिया में वृद्धि नगण्य रहने की आशंका है। इससे डिजिटल और पारंपरिक मीडिया के बीच अंतर और बढ़ेगा।
क्रिसिल ने कहा, “यह भारत में कंटेंट खपत के तरीकों में हो रहे बदलाव का स्पष्ट संकेत है।” FY20 में टीवी और प्रिंट मीडिया की हिस्सेदारी लगभग 65% थी, जो FY25 तक घटकर 46–47% रह गई।
टीवी क्षेत्र दोहरी चुनौती से जूझ रहा है — एक ओर विज्ञापन राजस्व में गिरावट आ रही है क्योंकि दर्शक ओटीटी प्लेटफॉर्म्स की ओर बढ़ रहे हैं, दूसरी ओर फाइबर-आधारित सेवाओं के चलते डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क ग्राहकों को खो रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, DTH सेवाओं ने दिसंबर 2020 से 2024 के बीच 1 करोड़ से ज्यादा ग्राहक खो दिए। वहीं, प्रिंट मीडिया भी स्थिर सर्कुलेशन, डिजिटल न्यूज़ ऐप्स के बढ़ते उपयोग और विज्ञापनदाताओं के ऑनलाइन शिफ्ट होने से जूझ रहा है। FY20 से FY25 के बीच कुल रीडरशिप में करीब 500 बेसिस प्वाइंट्स की गिरावट दर्ज की गई।
क्रिसिल इंटेलिजेंस के निदेशक पुषण शर्मा के अनुसार, “एफएमसीजी, ऑटोमोबाइल्स और ई-कॉमर्स जैसे उपभोक्ता केंद्रित सेक्टरों के विज्ञापन खर्च के पैटर्न में यह बदलाव स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है। FMCG कंपनियां अब अपने कुल विज्ञापन बजट का 55–60% डिजिटल माध्यमों पर खर्च कर रही हैं, जबकि FY20 में यह आंकड़ा सिर्फ 30% था।”
रिपोर्ट के अनुसार, यह बदलाव यहीं नहीं रुकेगा। पारंपरिक मीडिया कंपनियां भी अब अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म को मजबूत कर रही हैं, क्योंकि डिजिटल माध्यम बेहतर टारगेटिंग, माइक्रो-मार्केट पहुंच और लागत कुशलता प्रदान करते हैं। वहीं, क्रिएटर-ड्रिवन कंटेंट उपभोक्ताओं से जुड़ाव और भागीदारी बढ़ा रहा है।
इस तेजी से बदलते परिदृश्य में ब्रांड अब डिजिटल-फर्स्ट रणनीति को अपनाते दिख रहे हैं, जो भारत के विज्ञापन परिदृश्य में एक बड़े परिवर्तन की ओर संकेत करता है।


