चंडीगढ़ | राज्य में भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के तहत पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने जालंधर के करतार नगर निवासी सोशल मीडिया वेब चैनल सिटी केसरी के मुख्य संपादक पवन वर्मा को 5000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। अदालत ने उसे पूछताछ के लिए एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि उसका दूसरा साथी पत्रकार मुनीष तोखी, जो जालंधर की एक सोशल मीडिया वेबसाइट पंजाब दैनिक न्यूज़ का संपादक है, फरार हो गया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को प्यारे लाल निवासी सूरज गंज पश्चिमी, जालंधर शहर द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।
पूरा मामला क्या है?
विजिलेंस ब्यूरो को शिकायतकर्ता ने बताया कि वह किंगरा गाँव, सुदामा विहार, जालंधर में अपने प्लॉट पर एक कमर्शियल दुकान बना रहा है, लेकिन इस दुकान का नक्शा नगर निगम, जालंधर (एमसीजे) से पास नहीं हुआ था।
शिकायतकर्ता ने आगे बताया कि 24 सितंबर 2024 को सिटी केसरी मीडिया के पवन वर्मा और पंजाब दैनिक न्यूज़ के संपादक मुनीष तोखी नाम के दो व्यक्ति उसकी दुकान पर आए और उन्होंने मोबाइल फोन में निर्माणाधीन दुकान की तस्वीरें लीं और उसे अपनी दुकान पर काम बंद करने की धमकी दी, क्योंकि दुकान का नक्शा एमसीजे द्वारा पास नहीं किया गया था।
आरोपी संपादकों ने एमसीजे के अधिकारियों संबंध होने की बात कहकर, शिकायतकर्ता से 10,000 रुपये की रिश्वत मांगी। अर्दब में आए शिकायतकर्ता ने 26 सितंबर को 4000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए और 5000 रुपये बाद में देने को कहा।
इसके बाद पत्रकारों की बढ़ती डिमांड से परेशान शिकायतकर्ता ने विजिलेंस टीम की शरण ली। जाल बिछाया गया। आरोपियों को बकाया 5000 रुपये लेने बुलाया गया। विजिलेंस प्रवक्ता ने बताया कि सरकारी गवाहों की उपस्थिति में आरोपी संपादक पवन वर्मा को 5000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है जबकि उसका दूसरा साथी मुनीष तोखी मौका पाकर निकल भागने में कामयाब रहा।
दोनों आरोपियों के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो के थाना जालंधर रेंज में भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।
विजिलेंस ब्यूरो द्वारा इन तथ्यों की गहराई से जांच की जाएगी कि क्या उक्त दोनों आरोपियों ने नगर निगम के अधिकारियों के नाम का दुरुपयोग कर अन्य व्यक्तियों से भी पैसे लिए हैं।



