नई दिल्ली: ‘लिविंग मीडिया इंडिया’ (इंडिया टुडे ग्रुप) के सीईओ (पब्लिशिंग और एक्सपीरिएंशियल) मनोज शर्मा को ‘एसोसिएशन ऑफ इंडियन मैगजीन्स’ (AIM) का नया अध्यक्ष चुना गया है। वहीं, सायबर मीडिया के डायरेक्टर धवल गुप्ता को उपाध्यक्ष बनाया गया है। यह चुनाव नई दिल्ली में हुई AIM की वार्षिक आम बैठक (Annual General Meeting) के बाद 2025–26 के कार्यकाल के लिए संपन्न हुआ।
पूर्व अध्यक्ष अनंत नाथ ने अपने कार्यकाल के दौरान सहयोग देने के लिए सभी सदस्यों और कार्यकारी टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बीते कुछ वर्षों में AIM की सामूहिक पहलों से भारतीय पत्रिका उद्योग को नई ऊर्जा मिली है और पत्रिकाओं को एक विश्वसनीय, बहु-आयामी माध्यम के रूप में पुनः स्थापित किया गया है।
नाथ ने बताया कि AIM ने वितरण नेटवर्क को मजबूत करने, डिजिटल स्टोरफ्रंट को बढ़ाने और सरकारी मंत्रालयों के साथ नीति-स्तरीय संवाद को गहरा करने जैसे कई अहम कदम उठाए हैं।
संघ ने हाल ही में कई पहलें की हैं, जिनमें ‘मैगजीन पोस्ट’ (Magazine Post) को इंडिया पोस्ट के साथ मिलकर लॉन्च करना शामिल है, ताकि वितरण और सब्सक्रिप्शन को मज़बूती दी जा सके। इसके अलावा, AIM ने ई-कॉमर्स और क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स के साथ साझेदारी की है, और भारतीय रेल व IRCTC के साथ मिलकर पत्रिकाओं की रिटेल पहुँच को और बढ़ाया है।
AIM ने ‘WAVES OTT Magazine Store’ को प्रसार भारती के साथ लॉन्च किया है और ‘ONDC’ पर साझा मैगजीन स्टोरफ्रंट की दिशा में भी काम शुरू कर दिया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, रेलवे मंत्रालय और इंडिया पोस्ट के साथ इसके जुड़ाव को और मजबूत किया गया है।
नई दिल्ली में आयोजित 14वें इंडियन मैगजीन कांग्रेस (IMC 2025) का थीम था — “The Deep Connect: Building Communities, Nurturing Trust, Re-imagining the Future”। इस सम्मेलन में प्रकाशक, विज्ञापनदाता, मीडिया प्लानर, नीति निर्माता और वैश्विक विशेषज्ञ शामिल हुए।
सम्मेलन के दौरान WAVES OTT मैगजीन स्टोर, ONDC/DigiHaat पर साझा मैगजीन प्लेटफॉर्म और IRCTC के साथ “Magazines on the Move” कार्यक्रम की घोषणा की गई, जिसके ज़रिए प्रीमियम ट्रेन यात्रियों तक पत्रिकाओं की पहुँच बनाई जाएगी। इसी मौके पर आयोजित Magzimise Awards 2025 में पत्रिका विज्ञापन में रचनात्मकता और प्रभाव को सम्मानित किया गया।
AIM ने कहा है कि नई नेतृत्व टीम अब पत्रिकाओं के वितरण और सब्सक्रिप्शन रणनीतियों को और मजबूत करने, राष्ट्रीय स्तर पर पत्रिका विज्ञापन अभियान शुरू करने और विज्ञापनदाताओं के बीच पत्रिकाओं की प्रासंगिकता को फिर से स्थापित करने पर फोकस करेगी।
संगठन का लक्ष्य यह भी है कि सार्वजनिक पुस्तकालयों और शैक्षणिक संस्थानों में पत्रिकाओं के लिए बजट आवंटन सुनिश्चित करने हेतु नीतिगत प्रयासों को तेज किया जाए। साथ ही, DAVP से पत्रिकाओं के विज्ञापन दरों को पुनरीक्षित और तार्किक बनाने की अपील की जाएगी ताकि सरकारी विज्ञापनों में पत्रिका क्षेत्र को उचित हिस्सेदारी मिल सके।
अध्यक्ष बनने के बाद मनोज शर्मा ने कहा —
“यह पत्रिका माध्यम के लिए एक अहम दौर है। नई टीम इस काम को और ऊर्जा, फोकस और सहयोग के साथ आगे बढ़ाएगी ताकि पत्रिकाओं की पहुंच, पाठक संख्या और विज्ञापन बढ़ सकें।”


