
पंकज शुक्ला-
नेटफ्लिक्स (NetFlix) ने हॉलीवुड (Hollywood) की अब तक की सबसे बड़ी डील में वार्नर ब्रदर्स स्टूडियो (Warner Brothers Studio) खरीद लिया है। ये डील 7438.49 अरब रुपये (82.7 अरब डॉलर) की है।
हॉलीवुड के इतिहास में पहली बार किसी स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने एक दिग्गज फिल्म स्टूडियो का अधिग्रहण कर लिया है। इसके पहले जब एमजीएम स्टूडियो की बिक्री हुई थी, तब ये सौदा प्राइम वीडियो (Prime Video) ने नहीं बल्कि इसकी मदर कंपनी अमेजन (Amozon) ने किया था।
नेटफ्लिक्स ने वार्नर ब्रदर्स को 7438.49 अरब रुपये में खरीदने की घोषणा की है। इस सौदे में HBO और उसकी स्ट्रीमिंग यूनिट भी शामिल है, यानी कि एचबीओ की सीरीज़ और फ़िल्में अब जल्द ही नेटफ्लिक्स का हिस्सा होंगी। हालांकि, वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी ने अपने टीवी नेटवर्क जैसे CNN, TNT और Discovery को इस डील से अलग रखा है।
वार्नर ब्रदर्स के ये टीवी चैनल अब अलग कंपनी डिस्कवरी ग्लोबल के रूप में अस्तित्व में आएंगे और इन्हें इसी नाम से शेयर बाज़ार में सूचीबद्ध किया जाएगा। ये विघटन पूरा होने के पाद ही नेटफ्लिक्स का अधिग्रहण पूरा होगा। इस सौदे के 2026 की तीसरी तिमाही तक पूरा होने की उम्मीद है।
इस अधिग्रहण से नेटफ्लिक्स को हॉलीवुड की सबसे समृद्ध लाइब्रेरी, DC यूनिवर्स, प्रतिष्ठित फिल्में, कल्ट टीवी सीरीज़ और दशकों पुराना स्टूडियो इंफ्रास्ट्रक्चर, मिल जाएगा। उद्योग विशेषज्ञ इसे मनोरंजन जगत का सबसे निर्णायक पावर-शिफ्ट बता रहे हैं।
इस सौदे का हॉलीवुड में विरोध भी शुरू हो चुका है। कई निर्माता संघों ने प्रतिस्पर्धा में कमी और रचनात्मक स्वतंत्रता पर असर की आशंकाएं जताते हुए अमेरिकी कांग्रेस में आपत्ति दर्ज कराई है। लेखकों के संगठन ने भी इस सौदे को ख़तरा बताया है।
वहीं, मेरा मानना है कि अगर इस सौदे को मंज़ूरी मिल जाती है तो यह सौदा मनोरंजन उद्योग की रूपरेखा हमेशा के लिए बदल सकता है। नेटफ्लिक्स का देसी कॉन्टेंट हालांकि अभी इसकी अंतर्राष्ट्रीय मनोरंजन सामग्री की तुलना में कमज़ोर है लेकिन जल्द ही ये एक ऐसा साम्राज्य बन सकता है, जिसके पास कंटेंट, प्लेटफॉर्म और दर्शक, तीनों पर सबसे बड़ी पकड़ हो। जै जै..!


