Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

वेब-सिनेमा

प्रसार भारती का डिजिटल तोहफ़ा, 9 भाषाओं में उपलब्ध होंगी 50 से अधिक पत्र-पत्रिकाएं!

नई दिल्ली। प्रसार भारती ने अपने OTT प्लेटफॉर्म WAVES पर ‘मैगज़ीन और जर्नल्स सेक्शन’ की शुरुआत कर दी है, जिसमें देश की प्रमुख पत्र-पत्रिकाओं को एक साथ, बहुभाषी डिजिटल स्वरूप में उपलब्ध कराया जाएगा। इस पहल की लॉन्चिंग प्रसार भारती के सीईओ गौरव द्विवेदी ने ‘मैगज़ीमाइज़ 2025’ कार्यक्रम के दौरान दिल्ली के द इम्पीरियल होटल में की। इस मौके पर देश के नामी पब्लिशर्स और इंडस्ट्री लीडर्स मौजूद रहे।

इस नए सेक्शन में शुरुआती चरण में छह बड़े प्रकाशन समूहों की 50 से अधिक पत्र-पत्रिकाएं शामिल की गई हैं, जिनमें लिविंग मीडिया इंडिया लिमिटेड (इंडिया टुडे ग्रुप), दिल्ली प्रेस पत्र प्रकाशन प्राइवेट लिमिटेड, आउटलुक पब्लिशिंग इंडिया प्रा. लि., डायमंड मैगज़ीन्स प्रा. लि., कलाकौमुदी पब्लिकेशंस प्रा. लि. और आनंद विकटन प्रोडक्शंस प्रा. लि. शामिल हैं। इसमें समाचार, समसामयिकी, रिसर्च, लाइफस्टाइल, संस्कृति और विशेष रुचियों से जुड़ा व्यापक कंटेंट मौजूद है।

प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध पत्र-पत्रिकाएं हिंदी, अंग्रेज़ी, मलयालम, गुजराती, बंगाली, कन्नड़, मराठी, तेलुगु और तमिल—कुल नौ भाषाओं में उपलब्ध होंगी। इनमें इंडिया टुडे (हिंदी व अंग्रेज़ी), बिज़नेस टुडे, रीडर्स डाइजेस्ट, कॉस्मोपॉलिटन, हार्पर्स बाज़ार, हेलो! इंडिया, ऑटो टुडे, गृहशोभा (हिंदी, गुजराती, मराठी, कन्नड़, तमिल, तेलुगु, बांग्ला, मलयालम), सरिता, सरस सलिल, मनोहर कहानियां, मुक्ता, सत्‍यकथा, चंपक (विभिन्न भाषाओं में), आउटलुक, आउटलुक बिज़नेस, आउटलुक मनी, आउटलुक ट्रैवलर, गृहलक्ष्मी, क्रिकेट टुडे (हिंदी व अंग्रेज़ी), कलाकौमुदी, वेल्लिनक्षत्रम, मुहूर्तम, अवल विकटन जैसी चर्चित पत्रिकाएं शामिल हैं।

यह सेक्शन पहले से WAVES पर उपलब्ध प्रतिष्ठित सरकारी प्रकाशनों—योजना, कुरुक्षेत्र, आजकल और बाल भारती—के मुफ़्त एक्सेस को और मज़बूत करेगा। आने वाले एक साल में WAVES का लक्ष्य इस डिजिटल लाइब्रेरी को 150+ टाइटल्स और 30+ पब्लिशर्स तक विस्तार देने का है, जिससे यह भारतीय पत्र-पत्रिकाओं का सबसे बड़ा डिजिटल संग्रह बन सके।

लॉन्च के मौके पर WAVES ने ₹99 प्रति माह और ₹999 वार्षिक का सीमित अवधि वाला विशेष सब्सक्रिप्शन ऑफर भी शुरू किया है।

प्रसार भारती के सीईओ गौरव द्विवेदी ने कहा, “WAVES एक संपूर्ण कंटेंट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित हो रहा है, जहां भरोसेमंद जानकारी, अर्थपूर्ण कहानियां और सांस्कृतिक गहराई एक साथ मिलती हैं। मैगज़ीन और जर्नल्स सेक्शन इस विज़न को और मज़बूती देता है।”

दिल्ली प्रेस के कार्यकारी प्रकाशक और एसोसिएशन ऑफ इंडियन मैगज़ीन्स के अध्यक्ष अनंत नाथ ने कहा, “हम WAVES के साथ साझेदारी कर बेहद उत्साहित हैं। यह प्लेटफॉर्म देशभर के ऑनलाइन पाठकों को भारतीय पत्रिकाओं की समृद्ध और विश्वसनीय सामग्री तक पहुंच देगा।”

नया सेक्शन अब पूरे देश में WAVES के मोबाइल ऐप, वेब पोर्टल और कनेक्टेड टीवी ऐप्स पर सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है।

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन