
प्रयागराज के सिविल लाइंस इलाके में गुरुवार रात पत्रकार लक्ष्मी नारायण सिंह उर्फ पप्पू सिंह की चापड़ से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात पत्थर गिरिजाघर के पास हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। 54 वर्षीय पप्पू सिंह इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अशोक सिंह के चचेरे भतीजे थे।
बताया जा रहा है कि पप्पू सिंह वर्तमान समय में एक न्यूज चैनल और पोर्टल के लिए काम कर रहे थे और गुरुवार रात किसी काम से सिविल लाइन्स थाना एरिया स्थित पत्थर गिरिजाघर के पास गए हुए थे। तभी वहां उनकी मुलाकात आरोपी विशाल से हो गई। दोनों के बीच पुराना विवाद था। बताया गया है कि एक दिन पहले पप्पू सिंह के दोस्त साहिल की मां से विशाल का झगड़ा हुआ था, तब पप्पू ने साहिल का पक्ष लेते हुए बीच-बचाव किया था।
इसी बात को लेकर विशाल ने रंजिश में वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने चापड़ से कई बार हमला किया, जिससे पप्पू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पत्रकार को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अशोक सिंह, बड़ी संख्या में अधिवक्ता और पत्रकार अस्पताल पहुंच गए।
इस बीच पुलिस ने हमलावर विशाल की तलाश में घेराबंदी की। नेहरू पार्क धूमनगंज इलाके में घिरे विशाल ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से वह घायल हो गया। उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस और खोखा बरामद किया है।
पूर्व अध्यक्ष अशोक सिंह ने बताया कि वारदात से कुछ देर पहले उनके भतीजे का फोन आया था। पप्पू सिंह ने फोन पर कहा—“चाचा, बचा लीजिए।” इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक हमला हो चुका था।
पत्रकार की हत्या से प्रयागराज में सनसनी फैल गई है। अधिवक्ताओं और पत्रकारों ने इस घटना पर आक्रोश जताया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर (कानून-व्यवस्था) डॉ. अजय पाल शर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में पुराने विवाद की बात सामने आई है। आरोपी विशाल पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ है और उससे पूछताछ की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वर्तमान में वह एक न्यूज चैनल और पोर्टल के लिए काम कर रहे थे। बताया गया है कि गुरुवार रात वह सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में पत्थर गिरिजाघर के पास किसी काम से गए थे।


