
प्रयागराज के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित हर्ष होटल के पास बृहस्पतिवार की देर शाम वरिष्ठ पत्रकार श्री लक्ष्मी नारायण सिंह उर्फ पप्पू जी की धारदार हथियार से की गई नृशंस हत्या ने पूरे प्रदेश के पत्रकार समाज को झकझोर कर रख दिया है। यह घटना न केवल पत्रकारिता की स्वतंत्रता पर सीधा प्रहार है, बल्कि प्रदेश में पत्रकारों की सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर विफलता को भी उजागर करती है। सच्चाई और निष्पक्षता के लिए समर्पित एक वरिष्ठ पत्रकार की इस तरह की हत्या लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला है।
इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब, कौशांबी इस अमानवीय कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करता है और प्रदेश सरकार से निम्नलिखित मांगें करता है—
1. वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मी नारायण सिंह की हत्या की जांच हेतु तत्काल विशेष जांच दल (SIT) गठित की जाए।
2. मृतक पत्रकार के परिजनों को ₹1 करोड़ का मुआवजा एवं परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए।
3. दोषियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत कठोर कार्रवाई की जाए।
4. प्रदेश के पत्रकारों की सुरक्षा के लिए स्थायी नीति बनाई जाए तथा पत्रकार सुरक्षा आयोग का गठन शीघ्र किया जाए।
5. पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने हेतु मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए।
यदि उपरोक्त मांगों पर शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब, कौशांबी, प्रदेशभर के पत्रकारों के साथ मिलकर राज्यव्यापी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। हमें विश्वास है कि आपकी संवेदनशील सरकार लोकतंत्र की मर्यादा व पत्रकारिता की गरिमा की रक्षा हेतु तत्काल प्रभावी कार्यवाही करेगी।
इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब कौशांबी के संस्थापक धारा सिंह, संरक्षक प्रसिद्ध मिश्रा, अध्यक्ष अली मुक्तेदा, प्रेस क्लब के अध्यक्ष बृजेश गौतम, महामंत्री इंतजार रिजवी, उपाध्यक्ष अमरनाथ, कोषाध्यक्ष रामकिशन पटेल, संगठनमंत्री शानिराज वर्मा, पंकज केशरवानी समेत अन्य पत्रकार मौजूद रहे।
संबंधित खबर…


